Monday, 6 November 2023

मूली के पत्तों की कढ़ी - Mooli ke patte ki Kadhi - Radish Leaves Curry Recipe

 

कढ़ी का नाम सुनते ही सबके मुंह में पानी आ जाता है. कढ़ी विभिन्न प्रकार से- गाजर, आलू, पकौड़े, बूंदी इत्यादि की तो बनती ही है. मूली के पत्तों की भी कढ़ी बनाई जाती है और यह अन्य कढ़ी की ही भांति बेहद स्वादिष्ट लगती है. 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Radish Leaves Curry Recipe

  • मूली के पत्ते - 300 ग्राम
  • दही - 1.5 कप (फैंटा हुआ)
  • बेसन - 3/4 कप (100 ग्राम)
  • तेल - 2 टेबल स्पून
  • हरा धनिया – 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
  • अदरक का पेस्ट - 1 छोटी चम्मच
  • हींग - 1 पिंच
  • जीरा - 1/2 छोटी चम्मच
  • हल्दी पाउडर - 1/2 छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - 1/2 छोटी चम्मच
  • नमक - 1.5 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • तेल- 2 टेबल स्पून

विधि - How to make Mooli ke patte ki Kadhi

मूली के पत्तों को पानी में डुबोकर अच्छे से 2 बार धो लीजिए और छलनी वाली टोकरी में रखकर पानी अच्छे से निकल जाने दीजिए. इसके बाद, इन पत्तों का बंच बनाकर चॉपिंग बोर्ड पर रखकर बारीक-बारीक काट लीजिए.

मूली के पत्ते छौंकिए
एक बड़ा बर्तन गैस पर गरम कीजिए. इसमें आधा तेल डाल दीजिए. इसके बाद, आधी-आधी मात्रा में हींग व जीरा डाल दीजिए. जीरा चटखने के बाद, हरी मिर्च और अदरक डालकर हल्का सा भून लीजिए. फिर, इसमें मूली के पत्ते और 1.5 कप पानी डाल दीजिए. बर्तन को ढककर मूली के पत्तों को नरम होने तक मध्यम आंच पर पकने दीजिए. प्रत्येक 3 से 4 मिनिट में मूली के पत्तों को चमचे से चलाते हुए 15 मिनिट तक पका लीजिए. 15 मिनिट बाद, ये नरम हो जाएंगे. बेसन-दही का घोल बनाइए
किसी बड़े प्याले में बेसन लीजिए और इसमें थोड़ा सा दही डालकर पहले गुठलियां खत्म होने तक घोल तैयार कीजिए. इसके बाद, बचा हुआ दही डालकर मिक्स कर दीजिए. फिर, इसमें 2 कप पानी डालकर मिक्स कर दीजिए, घोल तैयार है.

छौंके हुए मूली पत्तों में बेसन-दही घोल डालिए
मूली के पत्तों के नरम होने के बाद, इसमें बेसन का घोल डाल दीजिए और इसे चमचे से चलाते रहिए. फिर, इसमें 2 कप पानी और डाल दीजिए. इसमें हल्दी पाउडर और आधा लाल मिर्च पाउडर डालकर मिक्स कर लीजिए और कढ़ी को उबाल आने तक लगातार चलाते हुए पकाइए.

कढ़ी में उबाल आने के बाद, इसमें नमक डालकर मिक्स कर दीजिए और 10 मिनिट तक धीमी आंच पर पकने दीजिए. प्रत्येक 1 से 2 मिनिट में कढ़ी को चमचे से चला लीजिए ताकि यह तले पर लगे ना.

10 से 12 मिनिट उबलने के बाद, कढ़ी बनकर तैयार है. कढ़ी को उतारकर जाली स्टेन्ड पर रख दीजिए और इसमें हरा धनिया डालकर मिक्स कर दीजिए.

तड़का बनाइए
एक छोटे पैन में तेल डालकर गरम कीजिए. गरम तेल में जीरा डाल दीजिए और जीरे के चटखते ही गैस बंद कर दीजिए. इसमें हींग और लाल मिर्च पाउडर डाल दीजिए. इस तड़के को कढ़ी में डालकर मिला दीजिए.

मूली के पत्तों की स्वादिष्ट कढ़ी तैयार है. इतनी कढ़ी परिवार के 4 से 5 सदस्यों के लिए पर्याप्त है. इस कढ़ी को चपाती, परांठे, नान किसी के साथ भी परोसिए और चटखारे लेते हुए खाइए.

सुझाव

  • आप मूली के पत्तों को चाकू से भी बारीक-बारीक काट सकते हैं.
  • आप बिना अदरक-पेस्ट के भी कढ़ी बना सकते हैं.
  • कढ़ी के लिए खट्टे दही का इस्तेमाल करना चाहिए. दही को 1 दिन पहले फ्रिज से निकालकर बाहर रख लीजिए, दही खट्टा हो जाएगा. 
  • अगर आप ताजे दही से कढ़ी बना रहे हैं, तो कढ़ी में खट्टापन लाने के लिए इसमें 1 से 2 छोटी चम्मच नींबू का रस डाल सकते हैं.

Sunday, 5 November 2023

पालक की कढ़ी | Palak Kadhi | Punjabi Besan Palak Kadhi | Spinach Curd Curry

 

पालक का साग, पकौड़े, पूरी इत्यादि सभी को पसंद आते है. इससे तैयार होने वाली कढ़ी भी बहुत ही उम्दा ज़ायके की होती है. आइए आज पालक की कढ़ी बनाई जाए.

आवश्यक स‌ामग्री - Ingredients for Spinach Curd Curry

  • पालक- 250 ग्राम
  • दही- 1.5 कप (300 ग्राम)
  • बेसन- 1/2 कप (50-60 ग्राम)
  • तेल- 2 टेबल स्पून
  • हींग- 1/2 पिंच
  • जीरा- 1/2 छोटा चम्मच
  • हल्दी पाउडर- 1/4 छोटा चम्मच से थोड़ा ज्यादा
  • अदरक का पेस्ट- 1/2 छोटा चम्मच
  • हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
  • लाल मिर्च पाउडर- 1/4 छोटा चम्मच
  • नमक- 1 छोटा चम्मच या स्वादानुस‌ार

विधि - How to make Punjabi Besan Palak Kadhi

पालक की मोटी डंडिया तोड़ कर हटा दीजिए. पालक के पत्तों को दो बार पानी स‌े अच्छी तरह धोइए, और छलनी में रख दीजिये ताकि पालक से अतिरिक्त पानी निकल जाए. धुले हुए पालक को चाकू स‌े बारीक काट कर तैयार कर लीजिये.

पैन में एक टेबल स्पून तेल डालकर गरम कर लीजिए. गरम तेल में ¼ छोटी चम्मच जीरा डालिए और भून लीजिए. भुने जीरे में हींग डालकर गैस की आंच को कम कर दीजिए ताकि मसाले जले ना. इसमें हल्दी पाउडर, अदरक का पेस्ट और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर मस‌ाले को थोड़ा स‌ा भून लीजिए. कटी हुई पालक को मसालों में डालकर मिक्स कर लीजिए. पालक में 1 कप पानी डालिए और इसे ढककर 2-3 मिनट तक नरम होने तक पकने दीजिए. इसी बीच, कढ़ी के लिए घोल बना लीजिए. 


घोल बनाने के लिए
एक बड़े प्याले में बेसन डाल दीजिए. फैंटे हुए दही को थोड़ा- थोड़ा करके बेसन में डालिए.और बेसन में गुठलिया खत्म होने तक घोल लीजिए. जब बेसन में गुठलियां खत्म हो जाएं, तब स‌ारे दही को बेस‌न मे डालकर अच्छे स‌े घोल लीजिए और इसमें 3 कप पानी डाल दीजिए. कढ़ी के लिए घोल बनकर तैयार हैं.

3 मिनिट में पालक पककर तैयार हैं. पालक में घोल को डालिए और गैस की आंच को तेज कर दीजिए. कढ़ी को लगातार चलाते हुए तब तक पकाइए, जब तक कढ़ी में उबाल नहीं आने लगे. कढ़ी में उबाल आने के बाद , कढ़ी में ¼ छोटी चम्मच से आधा लाल मिर्च पाउडर, नमक डालकर मिक्स कर दीजिए और गैस को धीमी आंच पर 10-12 मिनट तक पका लीजिए.  इस दौरान कढी को प्रत्येक 1-2 मिनट में चलाते रहिए.

10-12 मिनट बाद कढ़ी बनकर तैयार हैं. गैस को बंद कर दीजिए और कढ़ी को एक प्याले में निकाल लीजिए.

कढ़ी को गार्निश करने के लिए तड़का तैयार करेंगे. पैन में एक छोटी चम्मच तेल गरम कीजिए. गरम तेल में ¼ चम्मच से आधा जीरा, बचा हुआ लाल मिर्च पाउडर डालकर गैस को बंद कर दीजिए. तड़के को कढ़ी में डाल दीजिए, और हल्का स‌ा चलाइए. इससे कढ़ी दिखने में बहुत अच्छी लगेगी और स्वाद भी बढ़ जाएगा.

गरमा गरम कढी़ को परांठे, चपाती या चावल के स‌ाथ सर्व कीजिए और परिवार के स‌ाथ मिलकर खाइए.

3-4 स‌दस्यों के लिए

सुझाव

  • कढ़ी बनाने के लिए आप बेसन को छाछ के स‌ाथ भी घोल स‌कते हैं.

Saturday, 4 November 2023

बिना दही या छाछ के पकौड़ा कढी । Kadhi Pakoda without Dahi Recipe

 

बिना दही या छाछ के कढी़ बनाने की एकदम आसान रेसिपी जिसे वो लोग भी बना कर खा सकते हैं जो दही नहीं खाते हैं.  

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Kadhi Pakoda without Dahi Recipe

बेसन - 1.25 कप (125 ग्राम)

अमचूर - 3 छोटी चम्मच (10 ग्राम)

जीरा - ½ छोटी चम्मच

मेथी दाना - ¼ छोटी चम्मच

हींग - ½ पिंच से भी कम

साबुत लाल मिर्च  - 2

हरा धनिया - 3-4 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)

हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)

अदरक - ½ इंच टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)

हल्दी पाउडर - ⅓ छोटी चम्मच

लाल मिर्च पाउडर - ½ छोटी चम्मच

बेकिंग सोडा - ½ पिंच से कम

नमक - 1.5 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

तेल - तड़के के लिए

विधि - How to make Kadhi Pakoda without Dahi Recipe

अमचूर को किसी प्याले में निकाल लीजिए और इसमें 3-4 टेबल स्पून पानी डाल कर इसे 5-10 मिनिट के लिए भीगो कर रख दीजिए.

सवा कप बेसन में से ½ कप बेसन कढी़ का घोल बनाने के लिए उपयोग करेंगे. ½ कप बेसन को प्याले में निकाल लीजिए और बेसन में पहले थोड़ा सा पानी डाल कर घोल लीजिए जिससे कि घोल में गुठली नहीं पड़नी चाहिये. अब इस घोल में 4 कप पानी डाल कर पतला घोल बना कर तैयार कर लीजिए.

पकौड़े बनाएं

बचे हुए बेसन से पकौड़े का बैटर तैयार करने के लिए बेसन को प्याले में निकाल लीजिए और इसमें थोड़ा थोड़ा पानी डालते हुए पकौड़े की कंसीस्टेंसी जैसा घोल तैयार कर लीजिए. इतन घोल बनाने में ⅓ पानी का उपयोग हुआ है.

घोल में ¼ छोटी चम्मच नमक, 1 बारीक कटी हरी मिर्च और 2-3 चम्मच बारीक कटा हरा धनिया डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए. अब इसमें बेकिंग सोडा डाल कर मिक्स कर दीजिए.

पकोड़े तलने के लिए कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिये. पकौडी तलने के लिए मध्यम-तेज गरम तेल होना चाहिए. पकौड़ियाँ बनाने के लिये चमचे की सहायता से थोड़ा-थोड़ा बेसन का घोल लेकर गरम तेल में डालिये, गोल गोल पकौडि़याँ कलछी की सहायता से पलट कर, गोल्डन ब्राउन होने तक तलें और प्लेट में निकाल लीजिये. इसी तरह सारे बेसन की पकौड़ियां बना लीजिये.


कढी बनाएं

कढी बनाने के लिए कढ़ाई में 1 टेबल स्पून तेल डालकर गरम कीजिये, गरम तेल में जीरा, मेथी दाना, हींग, बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक और हल्दी पाउडर डाल कर मसालों को हल्का सा भून लीजिए. इसमें 1 साबुत लाल मिर्च, ½ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर डाल कर मसालें में बेसन का घोल और पानी में भीगा हुआ अमचूर पाउडर भी डाल दीजिए. अब इसमें 1.25 छोटी चम्मच नमक डाल कर मिक्स कर दीजिए. कढी़ को हर 1-2 मिनिट बाद चलाते रहें. कढी़ अगर गाढी़ लग रही है तो इसमें 1-2 कप पानी डाल कर इसे पतला कर सकते हैं.

कढी़ में उबाल आने के बाद, पकौड़ियाँ डाल दीजिये और कढ़ी को धीमी-मध्यम आंच पर 10 मिनिट तक पकने दीजिये, लेकिन 1-2 मिनिट बाद चलाते अवश्य रहिये. कढी़ को लगभग 10 मिनिट पका लेने के बाद कढी़ बन कर तैयार है इसमें बारीक कटा हरा धनिया डाल कर मिक्स कीजिए. कढी़ बन कर तैयार है गैस बंद कर दीजिए और कढ़ी को प्याले में निकाल लीजिये.

कढी़ को और स्वादिष्ट बनाने के लिए इस पर अलग से तड़का लगाएंगे. इसके लिए एक छोटी कढ़ाई में 1 छोटी चम्मच तेल डालकर गरम कीजिये, ¼ छोटी चम्मच से भी कम चम्मच जीरा, 1 साबुत लाल मिर्च, 5-6 करी पत्ता बारीक काट कर डाल दीजिए और 1 पिंच लाल मिर्च पाउडर तड़के में डाल कर तलिये, आग बन्द कर दीजिये और तड़के को कढ़ी के ऊपर डाल कर सजाइये.

बिना दही के पकोड़े की गरमा गरम कढ़ी को चपाती, पूरी, परांठे या जिसके साथ खाना चाहें परोस सकते हैं.

सुझाव

  • अमचूर के बदले सूखी खटाई 10 ग्राम के करीब ले सकते हैं. अगर सूखी खटाई न यूज करना चाहें तो 1 ताजा कच्चा आम ले सकते हैं जो लगभग 100 ग्राम के करीब हो.
  • कढी़ बनाने के लिए बेसन का 10-12 गुना पानी लिया जाता है.
  • पकौड़े के बैटर में प्याज भी डाल सकते हैं.
  • कद्दूकस किए हुए अदरक के बदले अदरक का पेस्ट भी लिया जा सकता है.
  • कढी़ में तड़का लगाते समय जब जीर, मेथीदाना और हींग डालने के बाद इसमें 1 बारीक कटी प्याज डाल कर गुलाबी होने तक भून लीजिए और दी हुई विधि से मसाला तैयार कर लीजिए.
  • करी पत्ता ऑप्शनल है आप इसे नहीं डालना चाहें तो हटा सकते हैं.

सब्जियों और बेसन की ग्रेवी से बनी खास सब्जी सिन्धी कढी | Sindhi Kadhi Recipe

 

कढी का नाम सुनते ही सभी के मुंह में पानी आ जाता है। बेसन की पकौड़े वाली कढ़ी का स्वाद तो  सभी ने खूब चखा होगा लेकिन आज हम आप के लिए कढ़ी का एक अलग स्वाद लेकर आएं हैं। सब्जियों और बेसन की ग्रेवी से बनी खास सिंधी कढ़ी। ये सिंधी रसोई में काफी फेमस रेसिपी है और खाने में बहुत ही स्वादिष्ट भी होती है। 

आवश्यक सामग्री 

  • भिंडी- 7-8  
  • सहजन- 1 
  • आलू- 1 
  • फूल गोभी- 1 कप 
  • ग्वार की फली - 10-12 
  • बेसन- ¼  कप 
  • हरी मिर्च- 2-3 
  • तेल- ¼ कप 
  • हरा धनिया- 2-3 बडी चम्मच 
  • इमली का पल्प- 1 बड़ी चम्मच 
  • अदरक- 1 छोटी चम्मच 
  • हींग - ½ चुटकी 
  • हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच 
  • लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटी चम्मच 
  • मेथी- 1 छोटी चम्मच
  • जीरा- 1 छोटी चम्मच 
  • करी पत्ते- 10- 12 
  • नमक- 1.25 छोटी चम्मच 

विधि 

सिंधी कढ़ी बनाने के लिए 7-8  भिंडी ले कर दो टुकडें में काट लीजिए, 1 सहजन की फली ले कर उसको 6-7 टुकडे में काट लीजिए,  1 आलू ले कर उसे छोटा-छोटा काट लीजिए, 1 कप ग्रेट की हुई फूल गोभी और 10-12 ग्वार की फली ले कर छोटे-छोट टुकड़े में काट लीजिए।

एक पैन में 2 छोटे चम्मच तेल डाल कर गर्म कर लीजिए। तेल के गर्म हो जाने पर इसमें 1/2 छोटी चम्मच जीरा डाल कर धीमी आंच भून लीजिए।  जीरा भुन जाने पर इसमें सारी सब्ज़ियाँ और 1/2 छोटी चम्मच नमक डाल कर मिला दीजिए। अब इस सब्जियों में 2 बड़ी चम्मच पानी डाल कर दीजिए और ढ़क कर धीमी आंच पर पकने दीजिए।

अब एक कढ़ाई ले कर उसमें 2 बड़ी चम्मच तेल डाल कर गर्म कर लीजिए। तेल के गर्म हो जाने पी इसमें 1 छोटी चम्मच मैंथी के दाने, 1/2 छोटी चम्मच जीरा, डाल कर भून लीजिए। जीरा मैथी भुन जाने पर इसमें 1/2 चुटकी हींग, 2 हरी मिर्च,1 छोटी चम्मच अदरक, और 4 बड़ी चम्मच बेसन डाल कर लगातार चलाते हुए भून लीजिए।  अब इसमें 10-12 करी पत्ता डाल कर चलाते हुए भून लीजिए। 


बेसन के भून जाने पर इसमें 4 कप पानी डाल कर चलाते हुए पका लीजिए। अब इसमें 1/4 छोटी चम्मच हल्दी पाउडर , 1 छोटी चम्मच लाल मिर्च,3/4 छोटी चम्मच नमक डाल कर बीच-बीच में चलाते हुए पका लीजिए।

अब सब्जियों में 2 चम्मच ओर पानी डाल कर चलाते हुए पकाए। सब्जियों के पक जाने पर आंच को बंद कर दीजिए और कढ़ाई में उबाल आ जाने पर इस सब्जियों को कढ़ाई में डाल दीजिए और ढ़क कर 3-4 मिनट पकने दीजिए। 

3 मिनट बाद कढ़ी में 1 बड़ी चम्मच ईमली का पल्प ले कर उसमें 1-2 चम्मच पानी डाल कर कढ़ी में अच्छे से मिला दीजिए। अब इसमें थोड़ी सा हरा धनिया डाल कर मिडियम आंच पर पका लीजिए। कढ़ी में उबाल आ जाने पर आंच को बंद कर के कढ़ी को एक प्याले में निकाल लीजिए। 

तड़का 

कढ़ी में तड़का लगाने के लिए एक तड़का पैन ले कर उसमें उसमें 1 छोटी चम्मच तेल डाल कर गर्म कर लीजिए। तेल के गर्म हो जाने पर इसमें 1/4 छोटी चम्मच जीरा डाल कर भून लीजिए। जीरा भुन जाने पर आंच को बंद कर दीजिए। अब इसमें लाल मिर्च डाल कर कढी में डाल कर मिला दीजिए। सिंधी कढ़ी बन कर तैयार है। इसे बनाना बहुत ही आसान है आप इसे चावल रोटी किसी के साथ भी सर्व कर सकते हैं।

Thursday, 2 November 2023

पकोड़ा कढी, रेसिपी के साथ कुछ सुझाव भी Pakora Kadhi Recipe with Important Tips

 

पकोड़ा कढी खाने का सभी को बहुत शौक होता है.  लेकिन ऐसा कई बार होता है की पकोड़ा कढी बनाते समय कभी ये फट जाती है, कभी ज़्यादा खट्टी हो जाती है और भी कई परेशानी आती हैं.  तो इन सब परेशानियों के सुझाव देते हुए आज हम बनाने जा रहे हैं पकोड़ा कढी.  इसे बनाना ज़्यादा मुशकिल नहीं है, बस विधि का पूरी तरह से पालन करना है.

 

पकोड़ा कढी के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Pakora Kadhi

 

बेसन - Gram Flour - 1 कप (125 ग्राम)

दही - Curd - 2 कप

तेल - Oil - 1 बड़े चम्मच

जीरा - Cumin Seeds - ½ छोटी चम्मच

अदरक - Ginger - 1 छोटी चम्मच, ग्रेट किये हुए

मेथी दाना - Fenugreek Seeds - ¼ छोटी चम्मच

हरी मिर्च - Green Chilli - 4

हल्दी पाउडर - Turmeric Powder - ½ छोटी चम्मच

लाल मिर्च - Red Chilli - ½ छोटी चम्मच, दरदरी कुटी हुई

नमक - Salt - 2 छोटी चम्मच से थोड़ा कम

 

तड़का के लिए For Tadka

 

तेल - Oil - 1 बड़े चम्मच

जीरा - Cumin Seeds - ¼ छोटी चम्मच

हींग - Asafoetida - ½ पिंच

लाल मिर्च - Red Chilli - 2

करी पत्ता - Curry Leaves - 10-12

कश्मीरी लाल मिर्च - Kashmiri Red Chilli - ¼ छोटी चम्मच

 

कढी और पकोड़ा के लिए घोल बनाने की विधि Process of mixtures for Kadhi and Pakora

 

1 कप बेसन में से ½ कप बेसन लेकर बाउल में डालिए.  फिर इसमें थोड़ा पानी मिला कर घुटलियां खतम होने तक मिलाएं.  थोड़ा पानी मिला कर न ज़्यादा पतला न ज़्यादा गाढा घोल बनाएं.  इस तरह पकोड़े के लिए घोल बनकर तैयार हो जाएगा.  इसे 20 मिनट के लिए ढक कर रख दीजिए.

 

मिक्सर जार में बचा हुआ ½ कप बेसन और 2 कप दही डाल कर फेंट लीजिए.  कढी के लिए घोल बनकर तैयार हो जाएगा.

 

पकोड़े बनाने की विधि Process of making Pakora

 

पकोड़े के घोल को 4-5 मिनट लगातार चम्मच से फेंटिए.  कढ़ाही में लगभग 100 ग्राम तेल गरम कीजिए, तेल मीडियम गरम होना चाहिए और फ्लेम भी मीडियम होनी चाहिए.  तेल गरम होने पर फ्लेम को लो-मीडियम करके चम्मच की मदद से बैटर को कढ़ाही में डालिए.  बैटर हाथ से भी डाला जा सकता है, इसे गोल आकार देते हुए छोटी पकोड़ियां बनाएं.

 

अब फ्लेम को मीडियम करके इन्हें कुछ देर तलने दीजिए, फिर पलट-पलट कर इन्हें दोनों तरफ से अच्छा गोल्डन ब्राउन होने तक तलिए.  तल कर इन्हें निकालें, फिर बाकी भी इसी तरह बना लीजिए.  पकोड़े बनकर तैयार हो जाएँगे.

 

कढी बनाने की विधि Process of making Kadhi

 

कढ़ाही में 1 बड़े चम्मच तेल डाल कर गरम कीजिए.  गरम तेल में ½ छोटी चम्मच जीरा, 1 छोटी चम्मच ग्रेट की हुई अदरक, ¼ छोटी चम्मच मेथी के दाने और 4 साबुत हरी मिर्च डालिए.  अब इन्हें हल्का भूनिए, याद रखिए ज़्यादा नहीं भूनना है नहीं तो कढी का रंग डार्क हो जाएगा.  अब कढी के घोल को कढ़ाही में डाल कार इसमें 4.5 कप पानी डालिए.

 

इसे लगातार चलाते हुए पकाएं जब तक इसमें उबाल नहीं आ जाता.  चलाते हुए ही इसमें ½ छोटी चम्मच हल्दी और ½ छोटी चम्मच दरदरी कुटी हुई लाल मिर्च डालिए.  तेज़ फ्लेम पर लगातार चलाते हुए उबाल आने तक पकाएं.  उबाल आने पर चलाना रोक कर इसमें 2 छोटी चम्मच से थोड़ा कम नमक या स्वाद अनुसार और पकोड़े डालिए.

 

अब फ्लेम को लो-मीडियम करके पकोड़े के साथ 10-12 मिनट थोड़ी-थोड़ी देर में चलाते हुए पकाएं.  समय पूरा होने पर कढी बनकर तैयार हो जाएगी. इसे बरतन में निकाल लीजिए.

 

तड़का बनाने की विधि Process of making Tadka

 

तड़का पेन में 1 बड़े चम्मच तेल डाल कर गरम कीजिए.  गरम तेल में ¼ छोटी चम्मच जीरा, 1 पिंच हींग, 2 साबुत लाल मिर्च और 10-12 करी पत्ता डाल कर फ्लेम बंद कर दीजिए.  फिर इसमें 1 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर डाल कर मिलाएं, इस तड़का को कढी में डाल कर हल्का चला दीजिए.  तड़के वाली पकोड़ा कढी बनकर तैयार हो जाएगी.  इसे चावल या रोटी के साथ या फिर बासी पूरी के साथ परोसिए और इसके स्वाद का आनंद लीजिए.

 

सुझाव Suggestions

 

पकोड़े का घोल न ज़्यादा पतला बनाना है न ज़्यादा गाढ़ा.

पकोड़े के घोल को 20 मिनट ढक कर रखना है, फिर 4-5 मिनट तक इसे फेंटना है.

पकोड़े तलते समय कढ़ाही में तेल कम लेना है, और फ्लेम मीडियम-हाई होनी चाहिए.

कढी बनाने के लिए बेसन का 9-10 गुना पानी लेना है. अगर पतली कढी बनानी हो तो थोड़ा पानी ज़्यादा ले सकते हैं.

दही को अच्छे से फेंट कर लेने से और लगातार अच्छा उबाल आने तक चलाने से कढी फटती नहीं है.  साथ ही इसमें नमक और पकोड़े भी उबाल आने के बाद ही डालना है.

अगर कढी खट्टी हुई ही न हो तो एक नींबू का रस कढी में मिलाएं, कढी खट्टी हो जाएगी.

अगर कढी ज़्यादा खट्टी हो गई हो तो उसमें थोड़ी मलाई डाल दीजिए, इससे खटाई बैलेंस हो जाएगी.  या फिर थोड़ा सा बेसन घोल कर अच्छे से उबाल कर कढी में मिला दीजिए.

फ्रिज में कढी को रख कर 3 दिन तक खा सकते हैं.

======

पकोड़ा कढ़ी एक स्वादिष्ट और लोकप्रिय भारतीय व्यंजन है। यह एक मीठी और नमकीन स्वाद का संयोजन है जो इसे बहुत ही आकर्षक बनाता है। पकोड़े एक प्रकार के डीप-फ्राइड आलू के पकौड़े हैं, और कढ़ी एक करी है जो दही, मसालों और सब्जियों से बनाई जाती है।

पकोड़ा कढ़ी रेसिपी

सामग्री:

  • 1 कप बेसन
  • 1/2 कप आलू, कद्दूकस किया हुआ
  • 1/2 कप प्याज, बारीक कटा हुआ
  • 1/2 कप टमाटर, बारीक कटा हुआ
  • 1/2 टीस्पून अदरक-लहसुन का पेस्ट
  • 1/2 टीस्पून धनिया पाउडर
  • 1/2 टीस्पून हल्दी पाउडर
  • 1/2 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
  • 1/2 टीस्पून गरम मसाला पाउडर
  • 1/2 टीस्पून जीरा पाउडर
  • 1/2 टीस्पून धनिया पत्ती, बारीक कटी हुई
  • 1/2 कप दही
  • 1/2 कप पानी
  • नमक स्वादानुसार
  • तेल, तलने के लिए

विधि:

  1. एक बड़े बाउल में, बेसन, आलू, प्याज, टमाटर, अदरक-लहसुन का पेस्ट, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला पाउडर और जीरा पाउडर मिलाएं।
  2. नमक और पानी डालकर अच्छी तरह मिला लें।
  3. घोल को एक घंटे के लिए अलग रख दें।
  4. एक पैन में तेल गरम करें और घोल से पकोड़े बनाकर तल लें।
  5. एक दूसरे पैन में, दही और पानी मिलाएं।
  6. गरम मसाला पाउडर और धनिया पत्ती डालें।
  7. धीमी आंच पर पकाएं, बीच-बीच में हिलाते रहें।
  8. कढ़ी में पकोड़े डालें और 5-7 मिनट तक पकाएं।
  9. गरमागरम परोसें।

सुझाव:

  • पकोड़े बनाने के लिए आप अपनी पसंद की सब्जियों का उपयोग कर सकते हैं।
  • आप कढ़ी में थोड़ी सी हरा धनिया भी डाल सकते हैं।
  • आप कढ़ी को और भी स्वादिष्ट बनाने के लिए इसमें थोड़ा सा चीनी मिला सकते हैं।

पकोड़ा कढ़ी एक स्वादिष्ट और संतोषजनक भोजन है जो किसी भी अवसर के लिए एकदम सही है। यह एक त्वरित और आसान व्यंजन है जिसे आप घर पर आसानी से बना सकते हैं।

 

साबूदाना खिचड़ी - एसी की हर दाना मोती जैसा, परफेक्ट तरीका Non Sticky Sabudana Khichdi Recipe

 

साबूदाना नाश्ते या डिनर के वक्त खाने से सेहत पर काफी फायेदा होता है.  इसी बात को ध्यान में रखते हुए आज हम बनाने जा रहे हैं साबूदाना खिचड़ी.  इसे बनाना बहुत ही आसान है और ये झटपट बनकर तैयार हो जाती है.  ये सेहत के लिये तो फयेदेमंद होती ही है, बल्की खाने में भी बहुत स्वादिष्ट होती है.  तो आप भी जब कुछ चटपटा और हल्का खाना हो, तब साबूदाना खिचड़ी बनाएं और अपने परिवार के साथ इसके स्वाद का आनंद लें.

 

साबूदाना खिचड़ी के लिये आवश्यक सामग्री Ingredients for Sabudana Khichdi

 

साबूदाना - Sago - 1 कप, भीगे हुए

घी - Ghee- 2 बड़े चम्मच

जीर - Cumin Seeds - 1 छोटी चम्मच

उबले आलू - Boiled Potato - 1, कटे हुए

मूगंफली - Peanut - 1/4 कप, भुनी हुई

करी पत्ता - Curry Leaves - 10-12

हरी मिर्च - Green Chilli - 2, बरीक कटी हुई

मूगंफली - Roasted Peanut  - 1/4 कप, दरदरी कुटी हुई

सैंधा नमक - Salt - 3/4 छोटी चम्मच

काली मिर्च - Black Pepper - 1/2 छोटी चम्मच, दरदरी कुटी हुई

हरा धनिया - Coriander Leaves

नींबू - Lemon - 1

 

साबूदाना खिचड़ी बनाने की विधि Process of making Sabudana Khichdi

 

1 कप साबूदाना को अच्छे से धो कर 2.5-3 घंटे के लिए पानी में भिगो दीजिए.  भीग जाने पर पानी पूरी तरह हटा दीजिए.  अब पेन में 2 बड़े चम्मच घी डाल लर गरम कीजिए.  गरम घी में 1 छोटी चम्मच जीरा डाल कर हल्का भूनिए.  फिर इसमें 1 उबला हुआ आलू छोटा-छोटा काट कर डाल कर इन्हें 2 मिनट भूनिए.

 

भुन जाने पर इसमें ¼ कप भुने हुए मूंगफली के दाने डाल कर हल्का भूनिए.  फिर इसमें 10-12 करी पत्ता डाल कर चटकने दीजिए.  अब इसमें 2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च डाल कर हल्का भूनिए.  भुन जाने पर इसमें भिगोए हुए साबूदाना और ¼ कप दरदरा कुटा हुआ मूंगफली पाउडर डाल कर मिलाएं.

 

मिला लेने पर इसमें ¾ छोटी चम्मच सेंधा नमक और ½ छोटी चम्मच दरदरी कुटी हुई काली मिर्च डालिए.  इसे लगातार चलाते हुए मीडियम फ्लेम पर पकाएं जब तक इसका रंग ट्रांसपेरेंट नहीं हो जाता.  साबूदाना का रंग बदलने पर फ्लेम को एकदम धीमा करके इसे ढक कर 2 मिनट पकाएं.

 

समय पूरा होने पर इसे लगातार चलाते हुए वापस 2 मिनट पकाएं.  फिर इसमें हरा धनिया डाल कर मिलाएं.  अंत में इसमें 1 नींबू का रस डाल कर अच्छे से मिलाएं.  फिर फ्लेम बंद करके इसे परोसिए और इसके स्वाद का आनंद लीजिए.

 

सुझाव Suggestions

 

1 कप साबूदाना को ¾ कप पानी में भिगोना है.

साबूदाना की रसीली खिचड़ी व क्रिस्पी परांठा-नवरात्रि स्पेशल Sago Khichdi & Paratha

 

नवरात्री के इन दिनों में व्रत में कुछ अच्छा खाने का मन करता है.  इसलिये आज हम बनाने जा रहे हैं साबूदान खिचड़ी और साबूदाना परांठा.  इन्हें बनाना बहुत ही आसान है और ये झटपट बनकर तैयार हो जाएँगे.  इनका स्वाद बहुत ही लाजवाब है.  तो आप भी इस नवरात्री साबुदाना खिचड़ी और साबुदाना परांठा बनाएं और अपने परिवार के साथ इनके स्वाद का आनंद लें.

 

आवश्यक सामग्री Ingredients needed

 

साबुदाना खिचड़ी के लिये For Sabudana Khichadi

 

आलू - Potato - 1

मूगंफली - Peanut - 1/4 कप

घी - Ghee - 2 बड़े चम्मच

जीरा - Cumin Seeds - 1/2 छोटी चम्मच

अदरक - Ginger - 1/2 छोटी चम्मच, ग्रेटेड

हरी मिर्च - Green Chilli - 1/2 छोटी चम्मच, बारीक कटी हुई

साबूदाना - Sago - 1/2 कप, 1 घंटे भीगे हुए

टमाटर - Tomato - 1, बारीक कटी हुई

सेंधा नमक - Rock Salt - 3/4 छोटी चम्मच

काली मिर्च - Black Pepper - 1/4 छोटी चम्मच, कुटी हुई

नींबू - Lemon - 1 छोटी चम्मच

हरा धनिया - Coriander Leaves

 

साबुदाना परांठा के लिये For Sabudana Paratha

 

साबूदाना - Sago - 1/2 कप, 2 घंटे भीगे हुए

उबले आलू - Boiled Potato - 3 (200 ग्राम)

मूगंफली पाउडर - Peanut Powder - 1/2 कप‌

अदरक - Ginger - 1/2 छोटी चम्मच, ग्रेटेड

हरी मिर्च - Green Chilli - 1/2 छोटी चम्मच, बारीक कटी हुई

काली मिर्च - Black Pepper - 1/2 छोटी चम्मच, कुटी हुई

सेंधा नमक - Rock Salt - 3/4 छोटी चम्मच

हरा धनिया - Coriander Leaves - 1-2 बड़े चम्मच

अरारोट - Arrowroot - 4 बड़े चम्मच

घी - Ghee

 

साबुदाना खिचड़ी बनाने की विधि Process of making Sabudana Khichdi

 

1 आलू को छील कर अच्छे से धो कर छोटा-छोटा काट लीजिये.  काट कर इन्हें भी पानी में रखिये.  फिर मिक्सर जार में 1/4 कप मूंगफली डाल कर हल्का दरदरा पीसिये.  पेन में 2 बड़े चम्मच घी डाल कर पिघलाएं.  फिर इसमें कटे हुए आलू डाल कर लगातार चलाते हुए हल्का भूरा होने तक भूनिये.

 

भुन जाने पर इन्हें निकाल लीजिये.  फ्लेम लो करके इसमें 1/2 छोटी चम्मच जीरा डाल कर हल्का भूनिये.  फिर इसमें 1/2 छोटी चम्मच ग्रेटेड अदरक और 1/2 छोटी चम्मच बारीक कटी हुई हरी मिर्च डालिये.  इन्हें हल्का भून कर इसमें भीगे हुए साबुदाना (पानी हटा कर) डाल कर 2 मिनट मीडियम फ्लेम पर भूनिये.

 

फिर इसमें 1 टमाटर को बारीक काट कर (बीज हटा कर) डाल कर हल्का चलाएं.  हल्का चलाने के बाद इसमें दरदरी कुटी मूंगफली डाल कर हल्का चलाएं.  हल्का भून जाने पर इसमें 1.5 कप पानी डाल कर ढक कर मीडियम फ्लेम पर 3 मिनट पकाएं.

 

3 मिनट के बाद इसे थोड़ा चला कर इसमें भुने हुए आलू, 3/4 छोटी चम्मच सेंधा नमक और 1/4 छोटी चम्मच कुटी हुई काली मिर्च डालिये.  इन्हें अच्छे से मिला कर ढक कर 3 मिनट पकाएं.  साबुदाना के ट्रान्सपेरेंट होने तक ढक कर पकाएं, हर 3 मिनट में चलाएं ज़रूर.

 

साबुदाना खिचड़ी के पक जाने पर फ्लेम बंद करके इसमें 1 छोटी चम्मच नींबू का रस और हरा धनिया डाल कर अच्छे से मिलाएं.  इन्हें बाउल में निकाल कर परोसें इस तरह साबुदाना खिचड़ी बनकर तैयार हो जाएगी.

 

साबुदाना परांठा बनाने की विधि Process of making Sabudana Paratha

 

बाउल में 3 उबले हुए आलू ग्रेट कीजिये.  फिर इसमें भीगे हुए साबुदाना, 1/2 कप मूंगफली पाउडर, 1/2 छोटी चम्मच ग्रेटेड अदरक, 1/2 छोटी चम्मच बारीक कटी हुई हरी मिर्च, 1/2 छोटी चम्मच दरदरी कुटी काली मिर्च, 3/4 छोटी चम्मच सेंधा नमक और 1-2 बड़े चम्मच कटा हुआ हरा धनिया डालिये.  इन्हें अच्छे से मिलाएं.

 

मिल जाने पर हाथ में थोड़ा घी लगा कर इसमें 4 बड़े चम्मच अरारोट डाल कर डो गूंधिये.  डो के गुंध जाने पर थोड़ा डो तोड़िये, गोल करके पेडे जैसा बनाएं.  बोर्ड पर पॉलीथीन बिछा कर इसमें लोई रख कर, लोई के दोनों तरफ घी लगा कर लोई को पॉलीथीन से ढक कर बेलिये.

 

अब तवा मीडियम गरम करके इसमे थोड़ा घी डाल कर फैलाएं.  परांठा तवा पर रख कर 3-4 मिनट सेकिये.  समय पूरा होने पर थोड़ा घी फैला कर इसे पलट कर सेकिये.  दोनों ओर घी लगाकर परांठे को पलट-पलट कर दोनों ओर ब्राउन चित्ती आने तक सेकिये.

 

सिक जाने पर परांठा उतार कर बाकी परांठे भी इसी तरह बना लीजिये.  इस तरह साबुदाना परांठा बनकर तैयार हो जाएगा.  साबुदाना परांठा और साबुदाना खिचड़ी परोसिये और इनके स्वाद का आनंद लीजिये.

 

सुझाव Suggestions

 

दोनों में से जो भी डिश आपको पसंद आए, आप वो बनाएं या दोनों बनाएं.

Wednesday, 1 November 2023

व्रत वाली पकोड़ा कढ़ी व चावल Kadhi Chawal for Navratri

 

अगर व्रत के वक्त आपको कुछ तला भुना खाना न पसंद हो तो आज की हमारी रेसिपी खास आपके लिए है.  आज हम बनाने जा रहे हैं व्रत वाली पकोड़ा कढ़ी व चावल.  इन्हें बनाना बहुत ही आसान होता है और बहुत ही कम सामग्री में ये झटपत बनकर तैयार हो जाते हैं.  तो आपके व्रत के खाने में ये अलग स्वाद देने के लिए आप भी इस आसान विधि के साथ व्रत वाली पकोड़ा कढ़ी व चावल बनाएं और इसके स्वाद का आनंद लें.

 

फलाहारी कढ़ी चावल के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Falahari Kadhi Chawal

 

पकोड़ा के लिए For Pakora

 

सिंघाड़े का आटा - Water Chestnut Flour - 2 बड़े चम्मच

दही - Curd - 2 बड़े चम्मच

अदरक - Ginger - ½ छोटी चम्मच, ग्रेटेड

सैंधा नमक - Rock Salt - ¼ छोटी चम्मच

हरी मिर्च - Green Chilli - 1, बारीक कटी हुई

हरा धनिया - Coriander Leaves - 1 छोटी चम्मच

आलू - Potato - 1

काली मिर्च - Black Pepper - ¼ छोटी चम्मच, दरदरी कुटी हुई

तेल तलने के लिए - Oil for frying

 

कढ़ी के लिए For Kadhi

 

दही - Curd - ½ कप

सिंघाड़े का आटा - Water Chestnut Flour - 2 बड़े चम्मच

तेल - Oil - 1 बड़े चम्मच

जीरा - Cumin Seeds - ½ छोटी चम्मच

हरी मिर्च - Green Chilli - 2

हरी मिर्च - Green Chilli - 2, बारीक कटी हुई

अदरक - Ginger - ½ छोटी चम्मच, ग्रेटेड

करी पत्ता - Curry Leaves - 5-6

काली मिर्च - Black Pepper - ¼ छोटी चम्मच, दरदरी कुटी हुई

सैंधा नमक - Rock Salt - ½ छोटी चम्मच

हरा धनिया - Coriander Leaves - 2-3 छोटी चम्मच

 

चावल के लिए For Rice

 

घी - Desi Ghee - 1 छोटी चम्मच

जीरा - Cumin Seeds - ½ छोटी चम्मच

समा के चावल - Barnyard Millet - ½ कप (100 ग्राम)

सैंधा नमक - Rock Salt - ¼ छोटी चम्मच

 

पकोड़े के लिए बैटर बनाने की विधि Process of making Batter for Pakoras

 

बाउल में 2 बड़े चम्मच सिंघाड़े का आटा, 2 बड़े चम्मच दही, 1 बारीक कटी हुई हरी मिर्च, ½ छोटी चम्मच ग्रेटेड अदरक, ¼ छोटी चम्मच सैंधा नमक, 1 छोटी चम्मच हरा धनिया, 1 छोटे-छोटे पीस कटा हुआ आलू और ¼ छोटी चम्मच से कम काला नमक डालिए.

 

इन्हें अच्छे से मिला कर इसमें 1 बड़े चम्मच पानी डाल कर अच्छे से मिलाएं.  इस तरह बैटर बनकर तैयार हो जाएगा.

 

कढ़ी के लिए घोल बनाने की विधि Process of making solution for Kadhi

 

बाउल में ½ कप खट्टा दही और 2 बड़े चम्मच सिंघाड़े का आटा डाल कर अच्छे से मिलाएं.  अब इसमें 1.5 कप पानी डाल कर अच्छे से मिलाएं.  इस तरह कढ़ी के लिए घोल बनकर तैयार हो जाएगा.

 

पकोड़े तलने की विधि Process of frying the Pakoras

 

कढ़ाही में तेल गरम कीजिए, तेल मीडियम-हाई गरम होना चाहिए और फ्लेम मीडियम होनी चाहिए.  गरम तेल में चम्मच की मदद से थोड़ा-थोड़ा बैटर डाल कर 1-2 मिनट तलने दीजिए.  फिर इन्हें पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए.  तलने पर इन्हें निकाल कर बाकी भी इसी तरह तल लीजिए.  इस तरह पकोड़े तल कर तैयार हो जाएँगे.

 

चावल बनाने की विधि Process of making Rice

 

कुकर में 1 छोटी चम्मच घी डाल कर गरम कीजिए.  गरम घी में ½ छोटी चम्मच जीरा डाल कर भूनिए.  भुन जाने पर इसमें समा के चावल (अच्छे से धो कर) डाल कर हल्का भूनिए.  फिर इसमें 1 कप पानी और ¼ छोटी चम्मच सैंधा नमक डाल कर अच्छे से मिलाएं.

 

कुकर बंद करके इन्हें 1 सीटी आने तक तेज़ फ्लेम पर पकाएं.  सीटी आने पर फ्लेम बंद कर दीजिए और कुकर के प्रेशर को निकलने दीजिए.  प्रेशर निकलने पर चावल निकाल लीजिए, इस तरह चावल बनकर तैयार हो जाएँगे.

 

कढ़ी बनाने की विधि Process of making Kadhi

 

कढ़ाही में 1 बड़े चम्मच तेल डाल कर गरम कीजिए.  गरम तेल में ½ छोटी चम्मच जीरा डाल कर हल्का भूनिए.  फिर फ्लेम धीमी करके इसमें 2 साबुत हरी मिर्च एक कट लगाकर, 2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च, ½ छोटी चम्मच ग्रेटेड अदरक और 5-6 करी पत्ता डालिए.

 

इन्हें हल्का भून कर इसमें घोल को एक बार चला कर मिलाते हुए कढ़ाही में डालिए.  कढ़ी में उबाल आने तक इसे लगातार चलाते हुए तेज़ फ्लेम पर पकाएं.  उबाल आने पर फ्लेम को धीमा करके, इतना की उबाल बना रहे, इसमें ½ छोटी चम्मच सैंधा नमक और ¼ छोटी चम्मच कुटी हुई काली मिर्च डालिए.  इसे अच्छे से मिला कर 10-12 मिनट पकने दीजिए.

 

7-8 मिनट पकने के बाद इसमें कुछ पकोड़े डाल कर अच्छे से चला कर 5-6 मिनट पकाएं.  समय पूरा होने पर कढ़ी बनकर तैयार हो जाएगी.  इसमें थोड़ा सा हरा धनिया डाल कर इसे निकाल लीजिए.  फलाहारी कढ़ी चावल को परोसिए और इसके स्वाद का आनंद लीजिए.

 

सुझाव Suggestions

 

पकोड़े के बैटर को थोड़ा गाढ़ा रखना है.

पकोड़े तलने के लिए तेल मीडियम-हाई गरम होना चाहिए और फ्लेम मीडियम होनी चाहिए.

कढ़ी छौकने के बाद इसे उबाल आने तक लगातार चलाना है.

Tuesday, 31 October 2023

पकौड़ा कढ़ी मिनटों में बनायें, बिना लगातार चलाये-वही ट्रेडीशनल स्वाद Quick way to make pakoda kadhi

 

गर्मियों के इस मौसम में ज़्यादा देर तक किचन में रहना बहुत मुश्किल हो जाता है.  इसलिये आज हम बहुत ही कम समय में पकौड़ा कढ़ी बना कर तैयार करेंगे.  ये बहुत कम समय में बन जाएगी और इसका स्वाद एकदम ट्रेडिशनल कढ़ी के जैसा होगा.  इसे हम कुकर में बनाएँगे.  तो आप भी इस आसान विधि के साथ पकौड़ा कढ़ी बनाएं और अपने परिवार के साथ इसके स्वाद का आनंद लें.

 

कढ़ी के लिये आवश्यक सामग्री Ingredients for Kadhi In Cooker 

 

बेसन - Gram Flour - 1 कप (100 ग्राम)

दही - Curd - 3/4 कप

तेल - Oil - 1 बड़े चम्मच

मेथी दाना - Fenugreek Seeds - 1/4 छोटी चम्मच

जीरा - Cumin Seeds - 1/4 छोटी चम्मच

हींग - Asafoetida - 1 पिंच

हरी मिर्च - Green Chilli - 4

हल्दी - Turmeric Powder - 1/4 छोटी चम्मच

लाल मिर्च - Red Chilli - 1/2 छोटी चम्मच

नमक - Salt - 1 छोटी चम्मच

 

तड़का के लिये For Tadka

 

तेल - Oil - 1.5 छोटी चम्मच

जीरा - Cumin Seeds - 1/4 छोटी चम्मच

सुखी लाल मिर्च - Dry Red Chilli - 1

कशमीरी लाल मिर्च - Kashmiri Red Chilli - 1/4 छोटी चम्मच

हरा धनिया - Coriander Leaves

 

कढ़ी और पकौड़ों के लिये घोल बनाने की विधि Process of making solution for Kadhi and Pakora

 

1 कप बेसन में से ½ कप से 2 बड़े चम्मच ज़्यादा निकाल कर बाउल में डालिये.  फिर इसमें थोड़ा पानी डाल कर अच्छे से घुटलियां खतम करते हुए मिलाएं.  मिल जाने पर इसे ढक कर 10 मिनट के लिये रख दीजिये.

 

अब मिक्सर जार में बचा हुआ बेसन और ¾ कप दही डाल कर फेंटिये.  फिर इसमें 3 कप पानी डाल कर इसे ढक कर रख दीजिये.

 

पकौड़ा बनाने की विधि Process of making Pakora

 

10 मिनट बाद, घोल को 5 मिनट तक लगातार चलाते हुए फेंटिये.  फिर अगर ये थौड़ा ज़्यादा गाड़ा लगे तो इसमें थोड़ा पानी मिला कर अच्छे से मिलाएं.  कढ़ाही में थोड़ा तेल डाल कर गरम कीजिये, तेल मीडियम गरम होना चाहिये और फ्लेम मीडियम होनी चाहिये.

 

गरम तेल में चम्मच या हाथ की मदद से पकौड़े तलने के लिये डाल कर तलने दीजिये.  नीचे से तलने के बाद इन्हें पलटिये, पलट-पलट कर इन्हें गोल्डन ब्राउन होने तक तलिये.  तल जाने पर इन्हें निकाल कर बाकी भी इसी तरह तल कर प्लेट में निकाल लीजिये.  इस तरह पकौड़े बनकर तैयार हो जाएँगे.

 

कढ़ी बनाने की विधि Process of making Kadhi

 

कुकर में 1 बड़े चम्मच तेल डाल कर गरम कीजिये.  गरम तेल में ¼ छोटी चम्मच से थोड़ा कम मेथी दाना, ¼ छोटी चम्मच जीरा, 1 पिंच हींग और कढ़ी का घोल, साथ ही ½ कप पानी डालिये.  इन्हें लगातार चलाते हुए तेज़ फ्लेम पर उबाल आने तक पकाएं.

 

इस बीच इसमें 4 साबुत हरी मिर्च, ¼ छोटी चम्मच हल्दी और ½ छोटी चम्मच कुटी हुई लाल मिर्च डालिये.  इन्हें लगातार चलाते हुए पकाएं.  उबाल आने पर, चलाना छोड़ कर इसमें 1 छोटी चम्मच नमक और पकौड़े डाल कर मिलाएं.

फिर कुकर बंद करके इसे तेज़ फ्लेम पर पकाएं.  जब सीटी आने लगे तब फ्लेम धीमी करके इसे 3 मिनट पकाएं.  फिर फ्लेम बंद करके कुकर का प्रेशर निकाल कर इसे ठंडा होने दीजिये.  इस तरह कढ़ी बनकर तैयार हो जाएगी.

 

तड़का लगाने की विधि Process of making the Tadka

 

तड़का पेन में 1.5 छोटी चम्मच तेल डाल कर गरम कीजिये.  गरम तेल में ¼ छोटी चम्मच जीरा डाल कर फ्लेम बंद कर दीजिये.  फिर इसमें 1 साबुत लाल मिर्च डाल कर हल्का भूनिये.  फिर ¼ छोटी चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च डाल कर मिलाएं.

 

अब इस तड़के को कढ़ी में डाल कर हल्का चला दीजिये.  इस तरह तड़के वाली पकौड़ा कढ़ी बनकर तैयार हो जाएगी.  इसे रोटी, चावल या परांठे के साथ परोसिये और इसके स्वाद का आनंद लीजिये.

 

सुझाव Suggestions

 

पकौड़े के लिये घोल बनाते समय उसमें नमक नहीं डलता है.

मसाले और घोल कुकर में डालने के बाद, कढ़ी को तेज़ फ्लेम पर उबाल आने तक लगातार चलाते हुए पकाना है.

Monday, 30 October 2023

शादी पार्टी वाली उरददाल कढ़ी जो रोटी-चावल के साथ या यूहीं खाना अच्छा लगे Urad Dal Kadhi Party Style

 

शादियों और पर्टियों के खाने की बात ही कुछ और होती है, लगभग सभी डिश अपने में खास होती हैं.  उन्हीं में से एक खास डिश है उरद दाल की कढ़ी.  आज हम यही खास डिश, उरद दाल की कढ़ी बनाने जा रहे हैं.  इसे बनाना बहुत ही आसान है और ये झटपट बनकर तैयार हो जाती है.  इसका स्वाद बहुत ही लाजवाब होता है और इसे एक बार खाकर आप बार-बार बनाना पसंद करेंगे.  तो आप भी इस आसान विधि के साथ उरद दाल की कढ़ी बनाएं और अपने परिवार के साथ इसके स्वाद का आनंद लें.

 

उरद दाल की कढ़ी के लिये आवश्यक सामग्री Ingredients for Urad Dal Kadhi 

 

उरद दाल - Urad - 3/4 कप (150 ग्राम)

नमक - Salt - 1/2 छोटी चम्मच

हरी मिर्च - Green Chilli - 2, बारीक कटी हुई

अदरक - Ginger - 1 छोटी चम्मच, ग्रेटेड

हरा धनिया - Coriander Leaves

हींग - Asafoetida - 1/2 पिंच

तलने के लिये सरसों का तेल - Mustard Oil for frying

 

दही - Curd - 1.25 कप

तेल - Oil - 1-1.5 बड़े चम्मच

जीरा - Cumin Seeds - 1/4 छोटी चम्मच

अदरक - Ginger - 1 छोटी चम्मच, ग्रेटेड

हरी मिर्च - Green Chilli - 1 छोटी चम्मच, बारीक कटी हुई

हरी मिर्च - Green Chilli - 3

हल्दी - Turmeric Powder - 1/4 छोटी चम्मच

हींग - Asafoetida - 1/2 पिंच

लाल मिर्च - Red Chilli - 1/2 छोटी चम्मच

नमक - Salt - 1 छोटी चम्मच

 

तड़का के लिये For Tadka

तेल - Oil - 2 छोटी चम्मच

जीरा - Cumin Seeds - 1/4 छोटी चम्मच

हींग - Asafoetida - 1/2 पिंच

सुखी लाल मिर्च - Dry Red Chilli - 2

करी पत्ता - Curry Leaves - 8-10

कशमीरी लाल मिर्च - Kashmiri Red Chilli - 1/2 छोटी चम्मच

 

पकोड़े और कढ़ी का बैटर बनाने की विधि Process of making batter for Pakoras and Kadhi

 

3/4 कप उरद दाल को अच्छे से धो कर 3 घंटे पानी में भिगो कर रखिये.  फिर पानी हटा कर मिक्सर जार में भीगी हुई दाल और 2-3 बड़े चम्मच पानी डाल कर दरदरी पीस लीजिये.  पिसी हुई दाल को बाउल में निकाल लीजिये.

 

इसमें 1/2 छोटी चम्मच नमक, 2 बारीक कटे हुए हरी मिर्च और 1 छोटी चम्मच ग्रेटेड अदरक डालिये.  इन्हें अच्छे से मिलाते हुए दाल को 3-4 मिनट लगातार चलाते हुए फेंटिये.  दाल के अच्छे से फूल जाने पर इसमें थोड़ा हरा धनिया और 1/2 पिंच हींग डाल कर अच्छे से मिलाएं.  इस तरह पकोड़े के लिये बैटर बनकर तैयार हो जाएगा.

 

उसी मिक्सर जार में 1.25 कप दही डाल कर फेंट लीजिये.  इसे बाउल में निकाल कर इसमें 4 कप पानी डाल कर अच्छे से मिला दीजिये.  इस तरह कढ़ी के लिये घोल बनकर तैयार हो जाएगा.

 

पकोड़े तलने की विधि Process of frying Pakora

 

कढ़ाही में सरसों का तेल डाल कर गरम कीजिये.  तेल मीडियम-हाई गरम होना चाहिये और फ्लेम मीडियम-हाई होनी चाहिये.  गरम तेल में पकोड़े डाल कर इन्हें कुछ देर तलने दीजिये फिर इनपर थोड़ा तेल छिड़क कर इन्हें पलट-पलट कर हल्का गोल्डन ब्राउन होने तक तलिये.  इन्हें निकाल कर कढ़ी के घोल में डाल दीजिये.

 

सभी इसी तरह तल लीजिये, याद रखिये अंत में थोड़ा बैटर बचा लेना है.  सभी पकोड़े तल कर कढ़ी के घोल में डाल कर डोबो कर कुछ देर रख दीजिये.  फिर धोल से पकोड़े निकाल कर इसमें बचा हुआ पकोड़े का बैटर डाल कर अच्छे से मिला दीजिये.

 

कढ़ी बनाने की विधि Process of making Kadhi

 

कढ़ाही में 1-1.5 बड़े चम्मच तेल डाल कर गरम कीजिये.  गरम तेल में 1/4 छोटी चम्मच जीरा, 1 छोटी चम्मच ग्रेटेड अदरक, 1 छोटी चम्मच बरीक कटी हुई हरी मिर्च और 3 साबुत हरी मिर्च चीरा लगाकर डालिये.  इन्हें लो फ्लेम पर हल्का भूनिये फिर इसमें 1/4 छोटी चम्मच हल्दी पाउडर और 1/2 पिंच हींग डाल कर हल्का भूनिये.

 

मसाले भुनने के बाद इसमें कढ़ी का घोल डाल कर फ्लेम तेज़ करके इसे लगातार चलाते हुए उबाल आने तक पकाएं.  इस बीच इसमें 1 कप पानी और 1/2 छोटी चम्मच कुटी हुई लाल मिर्च डालिये.  कढ़ी में उबाल आने पर इसे थोड़ी-थोड़ी देर में चलाते हुए 5 मिनट पकाएं.

 

फिर इसमें 1 छोटी चम्मच नमक और पकोड़े डाल कर अच्छे से मिलाएं.  अब इसे 7 मिनट तक थोड़ी-थोड़ी देर में चलाते हुए पकाएं.  समय पूरा होने पर कढ़ी बनकर तैयार हो जाएगी, फ्लेम बंद कर दीजिये और इसे बाउल में निकाल लीजिये.

 

तड़का बनाने की विधि Process of making Tadka

 

तड़का पेन में 2 छोटी चम्मच तेल डाल कर गरम कीजिये.  गरम तेल में 1/4 छोटी चम्मच जीरा, 1/2 पिंच हींग, 2 साबुत लाल मिर्च और 8-10 करी पत्ता डालिये.  इन्हें लो फ्लेम पर हल्का भूनिये, फिर फ्लेम बंद करके इसमें 1/2 छोटी चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च डालकर मिलाएं.

 

इस तड़के को कढ़ी पर डाल कर हल्का चला दीजिये.  इस तरह उरद दाल की कढ़ी बनकर तैयार हो जाएगी.  इसे परोसिये और इसके स्वाद का आनंद लीजिये.

 

सुझाव Suggestions

 

दाल को पीस कर अच्छे से फेंटिये.

बैटर में मसाले ज़रूर मिलाएं.

जब पकोड़े तल जाएं तो उन्हें मठ्ठे में ज़रूर डालिये.

इस कढ़ी के लिये घोल में पानी ज़्यादा मिलाएं.

इस कढ़ी को फ्रिज में रख कर 3 दिन तक खा सकते हैं.