Showing posts with label rice. Show all posts
Showing posts with label rice. Show all posts

Sunday, 10 December 2023

मीठे चावल - Sweet Rice Pulao Recipe

 

मीठे चावल बनाने में बड़े आसान और खाने में बड़े ही स्वादिष्ट होते है मीठे चावल मिठाई खाने वालों, बच्चों को तो बहुत ज्यादा पसन्द आते हैं, इन्हैं आप किसी विशेष अवसर, त्योहार के दिन बनाइये. आइये प्रस्तुत है मीठे चावल की रैसिपी.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Sweet Rice Recipe

  • बासमती चावल - 200 ग्राम (एक कप)
  • दूध - आधा कप
  • चीनी - 150 ग्राम (3/4 कप)
  • घी - 2 - 3 टेबल स्पून
  • केसर - 20 -25 टुकड़े
  • नारियल - 2 टेबल स्पून (कद्दूकस करलें या छोटा छोटा काटलें)
  • काजू - 12-14 (छोटे छोटे टुकड़े कर लीजिये)
  • बादाम - 8-10 (छोटे टुकड़े कर लीजिये)
  • किशमिश - एक टेबल स्पून
  • इलाइची - 4-5 (छील कर कूट लीजिये)

विधि - How to cook Sweet Rice

चावल को साफ कीजिये, 2 बार धोइये एक घंटे के लिये पानी में भिगो दीजिये.

केसर को दूध में डालकर रख दीजिये.

चावल को पानी से निकालिये, चावल को माइक्रोवेव में पकाने वाले प्याले में डालिये, (ये चावल आप कुकर में, भगोने किसी में भी बना सकते हैं)

चावल में 2 कप पानी, केसर दूध, एक टेबल स्पून घी और चीनी मिलाइये.

प्याले को माइक्रोवेव में रखकर 12 - 14 मिनिट के लिये सैट कीजिये.

तबतक एक छोटी कड़ाई में एक टेबल स्पून घी डाल कर गरम कीजिये, कटे हुये काजू, बादाम और नारियल डाल कर हल्का सा भूनिये.

चावल बन चुके हैं, चावल में घी सहित ये काजू, बादाम, नारियल और किशमिश, इलाइची मिलाइये.

मीठा चावल पुलाव तैयार है.  गरम या ठंडा मीठा चावल पुलाव परोसिये और खाइये.

 

Saturday, 9 December 2023

वेज पुलाव (Vegetable Rice Pulao)

 

चावल तो सभी पसन्द करते हैं, लेकिन इसमें हरी सब्जियाँ डाल कर पुलाव बना दें तो इसकी स्वाद और पौष्टिकता बढ़ जाती है. तो बनाये हरी हरी सब्जियों का हरा हरा पुलाव. इस पुलाव में घी भी बहुत कम प्रयोग करूगी क्यों कि बहुत सारे लोग घी कम खाना चाहते है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Vegetable Rice Pulao

  • बासमती चावल -  200 ग्राम या 2 छोटी कटोरी
  • नीबू -1
  • देशी घी या रिफाइन्ड तेल -एक बड़ी चम्मच या ओर भी कम
  • जीरा- एक छोटी चम्मच
  • लौंग- 3-4 टुकड़ों में तोड़ ले
  • बड़ी इलाइची - 1-2 छील कर दाने निकाल लें
  • हरी मिर्च - 1 ( बारीक कतरी हुई)
  • फ्रेन्च बीन्स - 50 ग्राम या 15-16
  • शिमला मिर्च- 2 बारीक काटी हुई
  • पत्ता गोभी - 50 ग्राम बारीक काटा हुआ
  • हरी ताजे मटर-एक कटोरी छीले हुये
  • हरा धनियाँ- आधी कटोरी बारीक काटा हुआ
  • नमक- स्वादानुसार

विधि - How to make Vegetable Rice Pulao

चावलों को अच्छी तरह धो कर आधा घन्टे के लिये पानी में भिगो दें.


यदि  माइक्रोवेव में बनाना है तो

माइक्रोवेव में रखने वाले बाउल में भीगे हुये चावल डाल दें और उसमे चावलों से दुगना पानी मिला दें, और नीबू का रस और नमक मिला दें, अब चावलों को ढक कर माइक्रोवेव में 12 मिनिट तक पकायें. चावल को आप देख कर जान लेगें कि चावल पक गये हैं. माइक्रोवेव से बाहर निकाल लीजिये, और ढक्कन खोल दीजिये.

गैस पर कढ़ाई रखिये. घी डाल कर गरम कीजिये, और अब जीरा डालिये, जीरा ब्राउन होने के बाद लौंग,  इलाइची के दाने और हरी मिर्च डाल दीजिये, एक मिनिट भूनिये और अब सारी हरी सब्जी और नमक डाल दीजिये, 2-3 मिनिट तक कलछी से चला कर भूनिये. अब 2-3 मिनिट के लिये सब्जियों को ढक दीजिये. ढक्कन हटाइये और देखिये कि सब्जीयाँ हल्की पक गयीं हैं. अब इन सब्जियों में चावल मिलाकर 2 मिनिट तक कलछी से चलाते हुये भुनिये. पुलाव तैयार है.

यदि गैस पर चावल बनाने है

तो कुकर में घी डाल कर गरम कीजिये, अब जीरा डाल दीजिये, जीरा भुनने के बाद लौंग और इलाइची के दाने और हरी मिर्च डल कर 1 मिनिट भूनिये. अब सारी सब्जियँ डाल दीजिये. 2 मिनिट तक भूनिये, और अब चावल डाल कर 2 मिनिट तक फिर भूनिये. और चावल से दुगना पानी डाल दीजिये अब नीबू का रस और नमक डाल दीजिये. कुकर बन्द कर दीजिये. जैसे ही कुकर में प्रेसर आये आप गैस बन्द कर दीजिये. 5 मिनिट बाद कुकर खोलिये. पुलाव तैयार है.

पुलाव को बाउल या बड़े प्लेट में निकाल लीजिये. हरे धनिये से सजाइये. अचार या हरी चटनी के साथ परोसिये.

Thursday, 7 December 2023

केसर पुलाव - Kesar Pulao Recipe in Microwave - How To Make Saffron Rice in Microwave

 

केशर पुलाव उत्तर भारत में विशेष अवसरों पर बनाया जाता है. इसके मसाले और केसर की खुश्बू खाने की इच्छा को और भी बढ़ा देती है. इसे माइक्रोवेव में बनाना और भी अधिक आसान है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Kesar Pulao Recipe

  • बासमती चावल - 200 ग्राम ( 1 कप )
  • केसर - आधा छोटी चम्मच
  • घी - 2 टेबल स्पून
  • जीरा - आधा छोटी चम्मच
  • काली मिर्च - 5 - 6
  • लोंग - 2-3
  • दाल चीनी -1 इंच लम्बा टुकड़ा, टुकड़े कर लीजिये
  • बड़ी इलाइची - 2 (छील कर दाने निकाल लीजिये)
  • काजू -15 (एक काजू को 2 टुकड़ो में काट लीजिये)
  • किशमिश - 30 - 35 (डंठल तोड़कर, कपड़े से पोंछ दीजिये)
  • नमक - स्वादानुसार (एक छोटी चम्मच)

विधि - How to Kesar Pulao Recipe

चावलों को साफ करके, 2 बार धोकर, 1 घंटे के लिये पानी में भिगो दीजिये. (चावल खिले खिले, और स्वादिष्ट बनते हैं, साथ में आपकी गैस की भी बचत होगी).

केसर को एक टेबल स्पून पानी में आधा घन्टे पहले भिगो दीजिये.

कढ़ाई में घी डाल कर गरम कीजिये.  घी काजू हल्के से भून कर निकाल लीजिये, जीरा डालिये, जीरा कड़कने के बाद, काली मिर्च, लोंग, दालचीनी, इलाइची के दाने डाल कर, हल्का सा भून लीजिये

इस मसाले में चावल डाल कर 2 मिनिट तक भूनिये. अब इनको माइक्रोवेव सेफ प्याले में निकालिये. पानी, नमक, किशमिश और केसर मिला दीजिये.  माइक्रोवेव में  12 मिनिट के लिये माइक्रोवेव होने रख दीजिये.   केसर पुलाव बनकर तैयार हो गया है.

पुलाव को कुकर में बनाना चाहते हैं:  कुकर में घी डाल कर गरम कीजिये. काजू डालकर हल्के से भून कर निकाल लीजिये,  जीरा डालकर कड़काइये, इसके बाद काली मिर्च, लोंग, दालचीनी, इलाइची के दाने डाल कर हल्का सा भून लीजिये.  चावल डाल कर 2 मिनिट तक भूनिये. अब चावल से दुगना पानी डाल कर, नमक, केसर पानी सहित और किशमिश डाल दीजिये.  कुकर बन्द कर दीजिये. 1 सीटी आने तक पकायें.  गैस बन्द कर दीजिये. कुकर का आधा प्रेसर निकाल कर कम कर दीजिये क्यों कि चावल ज्यादा पक जायेंगे.

कुकर का प्रेसर खतम होने पर कुकर खोलिये और चावल प्याले या प्लेट में निकाल लीजिये,  आपका केसर पुलाव तैयार हैं. गरमा गरम केसर पुलाव, दही, चटानी या अचार के साथ परोसिये और खाइये.

Wednesday, 6 December 2023

Marwari Gatta Pulao – गट्टा पुलाव -

 

राजस्थानी गट्टा करी तो आपने बनाई ही होगी. मारवाड़ के इलाके में गट्टे का पुलाव (Marwari Gatta Pulao ) और गट्टे की सूखी सब्जी भी बहुत लोकप्रिय है. त्योहार या अन्य अवसरों पर मिठाईयां खाने के बाद गट्टे का पुलाव (Gatte Ka Pulao) सभी को बेहद पसंद आयेगा. आइये आज हम गट्टा पुलाव (Gatta Rice) बनायें.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Marwari Gatta Pulao

  • गट्टा बनाने के लिये
  • बेसन - 100 ग्राम (1 कप)
  • दही -    2-3 टेबल स्पून
  • नमक - स्वादानुसार (1/4 छोटी चम्मच)
  • लाल मिर्च - एक चौथाई छोटी चम्मच
  • धनियां पाउडर - आधा छोटी चम्मच
  • गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
  • अजवायन - 1/4 छोटी चम्मच से आधा
  • तेल -  2 टेबल स्पून

पुलाव के लिये

  • बासमती चावल - 200 ग्राम (1 कप)
  • घी - 2 - 3 टेबल स्पून
  • जीरा - आधा छोटी चम्मच
  • हरी मिर्च - 1- 2 (छोटी छोटी कतर लीजिये)
  • अदरक - 1 इंच का लम्बा टुकड़ा (कद्दूकस कर लीजिये)
  • हल्दी पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
  • लोंग - 4
  • काली मिर्च - 10
  • बड़ी इलाइची - 2
  • दाल चीनी - 1 छोटा टुकड़ा
  • नमक - स्वादानुसार (3/4 छोटी चम्मच)
  • हरा धनियां - 2 टेबल स्पून

विधि - How to make Marwari Gatta Pulao

चावल को साफ करके, धो लीजिये,1 घंटे पानी में भीगने दीजिये. चावलों को धोकर पानी को निकाल दीजिये.

चावलो को माइक्रोवेव में पकाना है, तब चावल, और चावल की मात्रा का दुगना पानी और नमक और 1 छोटी चम्मच घी माइक्रोवेव सेफ प्याले में डालिये, माइक्रोवेव में रखकर 12 मिनिट तक पका लीजिये.

यदि आपको चावल कुकर में बनाने है, तब चावल, चावल की मात्रा का दुगना पानी और नमक, कुकर में डालिये, एक सीटी आने तक पकने दीजिये. गैस बन्द कर दीजिये. आधा प्रेसर कुकर से, सीटी ऊपर करके निकाल दीजिये. कुकर का प्रेसर खतम होने के बाद कुकर खोलिये. चावल बन चुके हैं.

गट्टा बनाने के लिये

बेसन में सभी मसाले, दही और तेल डाल कर, हाथ से अच्छी तरह मिला लीजिये. पानी की सहायता से रोटी जैसा आटे की तरह नरम आटा गूथ लीजिये. आटे को चार भागों में बांटिये. दोनों हाथों से बेलनाकार, आधा इंच मोटे रोल बना लीजिये.

एक बर्तन में 500 ग्राम पानी डालकर गरम कीजिये, इतना पानी लीजिये कि बेसन के रोल अच्छी तरह डूब जायं, पानी में उबाल आने के बाद, बेसन के रोल उबलते पानी में डाल दीजिये, 10 - 12 मिनिट तक तेज गैस पर उबलने दीजिये. गैस बन्द कर दीजिये. पानी को निकाल दीजिये (इस बेसन के पानी को आप आटा गूथने के काम मे, या दाल में डाल कर काम में ला सकते हैं). रोल को ठंडा होने के बाद, चाकू से आधा से 1 सेमी. मोटे, गट्टे काट कर तैयार कर लीजिये.

लोग, काली मिर्च और इलाइची के दाने छील कर, दरदरा कूट लीजिये.

एक कढ़ाई में घी डाल कर गरम कीजिये. घी में जीरा डाल दीजिये, जीरा भुनने के बाद, दरदरा किया हुआ मसाला डालकर, हल्का सा भूनिये, हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक डाल कर 1 मिनिट भूनिये. गट्टे डाल कर 2 मिनिट तक भूनिये. अब इन गट्टों में पके हुये चावल डालकर मिलाइये. गैस बन्द कर दीजिये. आपका खुशवू दार गट्टा पुलाव तैयार है.

पुलाव को प्याले या प्लेट में निकालिये, हरा धनियां ऊपर से डाल कर सजाइये. गरमा गरम गट्टा पुला चटनी और अचार के साथ परोसिये और खाइये.