Showing posts with label jam. Show all posts
Showing posts with label jam. Show all posts

Friday, 5 January 2024

सेब का जैम – Apple Jam Recipe

 

घर में बना हुआ स्वादिष्ट सेब का जैम बच्चे ब्रेड, केक स्लाइस या परांठे के ऊपर रख कर बड़े प्यार से खाना पसन्द करेंगे. सेब का जैम बनाना बड़ा ही आसान है. तो आइये सेब का जैम बनाये.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Apple Jam

  • सेब - 1 किग्रा. ( 4- 5 सेब )
  • पानी - 100 ग्राम (आधा कप )
  • चीनी - 800 ग्राम (चार कप )
  • छोटी इलाइची - 4 (छील कर बारीक पीस लीजिये) यदि आप चाहें
  • नीबू का रस - एक टेबल स्पून (2 नीबू का रस)

विधि - How To Make Apple Jam - Apple Jam Receipe

सेब को धोइये, सुखाइये या कपड़े से पोंछ लीजिये और छील लीजिये. छिले सेब के बीज निकाल कर गूदे को छोटे छोटे टुकड़े में काट लीजिये.

किसी भारे तले के बर्तन में सेब के टुकड़े और पानी डालिये और ढककर उबालने रखिये, उबाल आने पर धीमी आग पर (10 मिनिट) जब तक उबलने दीजिये या तब तक सेब के टूकड़े नरम न हो जायं.


सेब नरम होने के बाद मैस करने वाले चमचे से सेब को अच्छी तरह मैस कीजिये.

मैस किये गये सेब में चीनी डालिये और चमचे से अच्छी तरह चलाकर चीनी को मिला दीजिये, जैम को पकने दीजिये, मैस करने की आवश्यकता हो तो अभी जैम को मैस कर सकते हैं, थोड़ी थोड़ी देर में चमचे से जैम को चलाते रहिये ताकि जैम तले में न लगे (जैम के टैस्ट के लिये कि वह पक गया है चम्मच से थोड़ा सा जैम किसी प्लेट में गिराइये, चम्मच से जैम एक साथ गिरना चाहिये, पानी अलग से न गिरे, प्लेट में गिरे जैम से भी पानी अलग नहीं होना चाहिये). आग बन्द कर दीजिये.

दूसरे तरीके से

सेब का जैम इस तरह भी बनाया जा सकता है, सेब के टुकड़ों को मिक्सर से पीस लीजिये और चीनी मिला कर आग पर पकाने रख दीजिये. थोड़ी थोड़ी देर में जैम को चमचे से चलाते रहिये और जैम के पूरी तरह बनने तक जैम को पकाइये.

सेब के जैम को ठंडा होने के बाद, नीबू का रस और पिसी हुई इलाइची जैम में डालिये और अच्छी तरह मिला दीजिये.

स्वादिष्ट सेब का जैम तैयार है.  ये जैम आप अभी भी बच्चों को खाने के लिये दे सकते हैं लेकिने दूसरे दिन जैम का असली स्वाद मिलता है जो और भी अच्छा हो जाता है.

एकदम ठंडे सेब के जैम को स्टरलाइज्ड कांच के जार या बोटल में भर कर रख लीजिये. इसे फ्रिज में रखकर 6 महिने तक उपयोग कर सकते हैं.

Tuesday, 2 January 2024

अनन्नास जैम - Pineapple Jam recipe

 अनन्नास का जैम बहुत ही स्वादिष्ट होता है, ये जैम बाजार में तो मिल ही जाता है, इसे घर में भी बनाना बहुत आसान है.  अनन्नास को छीलना भर मुश्किल होता है लेकिन आजकल बाजार में अनन्नास बेचने वाले अनन्नास को आपके लिये छील देते हैं. यदि छिला हुआ अनन्नास मिल जाये तो फिर इनसे जैम बनाना तो बहुत आसान है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Pineapple Jam recipe

  • अनन्नास - 1 किग्रा.
  • चीनी - 1 किग्रा ( 5 कप)
  • नीबू - 2
  • दाल चीनी - 1 इंच के 2 टुकड़े (यदि आप चाहें)
  • जाय फल - 1/4 छोटी चम्मच

विधि - How to make pineapple jam

अनन्नास को छील कर इतने छोटे टुकड़ों में काट लीजिये कि वह मिक्सर से पीसे जा सके.

अनन्नास के टुकड़ों को मिक्सर में डालकर पीस लीजिये.

किसी कांच के बर्तन में पिसा अनन्नास और चीनी को मिलाकर, 1 घंटे के लिये ढककर रख दीजिये, चीनी काफी मात्रा में अनन्नास के रस में घुल जाती है.स्टील की कढ़ाई में पाइल एपल और चीनी के मिश्रण को पकाने के लिये आग पर रखिये, चमचे से थोड़ी थोड़ी देर में चलाते रहिये, ताकि मिश्रण कढ़ाई में न लगे. मिश्रण में उबाल आने और चीनी पूरी तरह घुल जाने के बाद, मिश्रण को गाड़ा होने तक बीच बीच में चलाते हुये पकने दीजिये, जैम को चैक करने के लिये थोड़ा सा मिश्रण चमचे से निकाल कर प्लेट में गिराइये. ऊंगली और अंगूठे के बीच चिपका कर देखिये, अगर मिश्रण तार निकालते हुये ऊंगली से चिपकता है, तब जैम बन चुका है, आग बन्द कर दीजिये. अनन्नास जैम ठंडा होने के बाद गाड़ा हो कर सैट हो जाता है, चमचे से गिराने पर थक्के के रूप में गिरता है. दाल चीनी और जाय फल को कूट कर, पाउडर बनाकर जैम में डालकर मिला दीजिये. जैम ठंडा होने के बाद नीबू का रस भी निकाल कर जैम में मिला दीजिये.

जैम को रखने के लिये कांच की बोतल को उबलते पानी से धोकर धूप में सुखा लीजिये. अनन्नास जैम को पूरी तरह ठंडा होने के बाद बोतल में जैम भर कर रख दीजिये.  जैम को एक बड़ी बोतल में रखने के बजाय छोटी छोटी कई बोतलों में रखना अधिक सही होता है.

अनन्नास जैम (Pineapple Jam) को चपाती या परांठे के साथ, ब्रेड की सैन्डविच बनाकर, केक में मिलाकर, ब्रेड के अन्दर भरकर बेक करके जैसे जी चाहे, खाईये.

Wednesday, 27 December 2023

मिक्स्ड फ्रूट जैम । Mixed Fruit Jam । Homemade Mixed Fruit Jam

 

बच्चों का फेवरेट मिक्स्ड फ्रूट जैम घर पर बनाना बहुत ही आसान है और यह फटाफट से बन भी जाता है. घर के बने जैम को बच्चे तो क्या बड़े भी बेहद चाव से खाते हैं.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Homemade Mixed Fruit Jam

  • सेब (हरा और लाल)- 2 (350 ग्राम)
  • स्ट्रॉबेरी- 200 ग्राम
  • काले अंगूर- 300 ग्राम
  • अनानास- 200 ग्राम
  • चीनी- 600 ग्राम
  • नींबू- 1
  • दालचीनी- 1 टुकड़ा
  • इलायची- 6

विधि - How to make Mixed Fruit Jam

मिक्स्ड फ्रूट जैम बनाने के लिए सभी फलों को पानी से धोकर पानी सूखने तक सुखा लीजिए. इलायची को कूटकर छीलकर पाउडर बना लीजिए.

इसके बाद, स्ट्रॉबेरी के डंठल हटाकर इन्हें टुकड़ों में काट लीजिए ताकि ये मिक्सर में आसानी से पिस जाए. अंगूर को 2-2 टुकड़ों और अनानास को बड़े-बड़े टुकड़ों में काट लीजिए. सेब को छीलकर कद्दूकस कर लीजिए.

पैन में कद्दूकस किए हुए सेब डाल दीजिए और धीमी आंच पर इसमें चीनी डालकर पिघलने दीजिए. इसी बीच, फलों- अंगूर, इसके बाद, स्ट्रॉबेरी और अनानास को एकदम बारीक पीस लीजिए. सारे पेस्ट को कढ़ाही में चीनी के साथ डालकर मिक्स कर दीजिए. इसमें दालचीनी का टुकड़ा भी डाल दीजिए और जैम को मध्यम या मध्यम तेज आंच पर गाढ़ा होने तक पकने दीजिए. जैम को बीच-बीच में चलाते रहिए.

जैम के थोड़ा गाढ़ा होने पर इसमें इलायची पाउडर डालकर मिक्स कर लीजिए और पल्प को और गाढ़ा होने तक चलाते हुए पकाएं. जैसे ही जैम काफी गाढ़ा हो जाए, आंच धीमी-मध्यम कर लीजिए और जैम को चलाते हुए पका लीजिए.

जैम के और गाढ़े होने पर थोड़ा सा जैम प्लेट में निकालकर चैक कर लीजिए. प्लेट को तिरछा करके देखिए, जैम पूरा एक साथ चलकर नीचे की ओर बहता है, तो कन्सिस्टेन्सी सही है. अगर जैम में से पानी अलग बहे, तो जैम को और पकाने की ज़रूरत है. जैम तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और जैम को थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए. इसे बनाने में 30 मिनिट लगे हैं.

थोड़ा सा ठंडा होने के बाद, जैम में नींबू का रस निचोड़कर मिक्स कर दीजिए और दालचीनी का टुकड़ा निकालकर अलग कर लीजिए.

ठंडा होने पर जैम अच्छा गाढ़ा हो जाता है, इसे प्याली में निकाल लीजिए. मिक्स्ड फ्रूट जैम बनकर तैयार है. इसे पूरी तरह से ठंडा होने के बाद किसी भी कन्टेनर में भरकर फ्रिज में रख लीजिए और पूरे 6 महीने तक यूज कीजिए.

सुझाव

  • कद्दूकस किए हुए सेब लेने से जैम में दाने बनते हैं क्योंकि बाकी की चीजें पीसकर ली गई हैं.
  • इलायची को कूटने से ये आसानी से छिल जाती हैं.
  • आप इस जैम को अपने पसंद के फलों से भी बना सकते हैं लेकिन ज्यादा रस वाले फल जैसे कि तरबूज, खरबूज ना लें.
  • जैम को लगातार चलाते हुए पकाएं, यह कढ़ाही के तले पर नही लगना चाहिए.
  • जैम के गाढ़ा होने पर आंच मध्यम- धीमी कर लीजिए क्योंकि तेज या मध्यम आंच पर जैम फफकने लगता है.