Showing posts with label pulav. Show all posts
Showing posts with label pulav. Show all posts

Friday, 8 December 2023

सेवई पुलाव | Vermicelli pulav Recipe

 यदि इस सप्ताहांत अपने शहर के आसपास कहीं घूमने जारहे हैं तो आप सिंवई पुलाव (Vermicelli pulav) बनाकर अपने साथ ले जाईये. सिंवई पुलाव (Semiya pulav) को बच्चों के टिफिन में भी रख सकते हैं. बच्चे इसे बहुत पसंद करेंगे. चावल पुलाव तो हम हमेशा ही बनाते रहते हैं. आज सिंवई पुलाव बनाने का मन हो रहा है.  सिंवई पुलाव बहुत ही स्वादिष्ट होता है, बनाना भी बहुत ही आसान है. आइये आज सिंवई पुलाव बनायें. Vermicelli pulav, Semiya pulav, Vermicelli Vegetable Pulav, Vermicelli Pulao, Sevaiya Vermicelli Pulao

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Vermicelli Pulav

  • सिंवई- 1 कप
  • हरी मटर के दाने- ¼ कप
  • गाजर- ¼ कप (बारीक कटी हुई)
  • शिमला मिर्च- ¼ कप (बारीक कटी हुई)
  • फूलगोभी- ¼ कप (बारीक कटी हुई)
  • हरा धनिया- 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • हरी मिर्च- 1 (बारीक कटी हुई)
  • अदरक- ½ इंच टुकड़ा (कद्दूकस) या ½ छोटी चम्मच पेस्ट 
  • काली मिर्च- 5 से 6 
  • बड़ी इलायची- 2 
  • लौंग- 2 से 3
  • जीरा- ¼ छोटी चम्मच
  • नमक- ¾ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • काजू- 8 से 10
  • घी- 1 से 2 टेबल स्पून
  • नींबू- ½

विधि - How to make Vermicelli Pulav


कढ़ाही में 1 छोटी चम्मच घी डालकर गरम कीजिये.  सिंवई घी में डालिये और लगातार चलाते हुए हल्की ब्राउन होने तक इन्हें मीडियम आंच पर भूनिये. सिंवई भुनने के बाद निकाल कर प्लेट में रख लीजिये.

काली मिर्च, लौंग और बड़ी इलायची को छीलकर दरदरा कूट लीजिये.

1 छोटी चम्मच घी कढ़ाही में डालकर गरम कीजिये.  काजू को दो भाग में करके घी में डालकर हल्के ब्राउन होने तक भूनिये और प्लेट में निकालकर रख लीजिये. फिर, घी में जीरा डालकर भूनिये,  तुरन्त दरदरा किया मसाला डालकर बिल्कुल हल्का सा भूनिए. इसके बाद, अदरक का पेस्ट, हरी मिर्च, और मटर के दाने डाल कर भूनिये. मटर के दानों को नरम होने तक 1 मिनिट के लिए ढककर धीमी आग पर भुनने दीजिए.

जब मटर नरम हो जाय, तब गाजर, शिमला मिर्च और फूलगोभी डालकर 2 मिनिट भून लीजिए. इसके बाद, इन्हें 1 मिनिट ढककर पकाइये,  टमाटर डाल कर, 1 मिनिट तक चला कर भूनिये.  फिर सिंवई की मात्रा का दुगुना  यानी कि 1 कप सिवई में 2 कप पानी डालकर ढककर पानी उबलने दीजिए. 

पानी में उबाल आने के बाद सिंवई और नमक डालकर मिक्स कर दीजिए. इसे फिर से ढककर धीमी गैस पर तब तक पकने दीजिये, जब तक कि सिंवई सारा पानी न सोख लें. बीच-बीच में सिंवई को चलाते रहिए. 7 मिनिट बाद, पुलाव बनकर तैयार है. इसमें नीबू का रस और थोड़ा सा धनिया डालकर मिला दीजिये. गैस बन्द कर दीजिये और 2 मिनिट तक सिंवई को ढककर रखिये, ताकि वे बचा हुआ पानी भी सोख लेंगी और खिला खिला पुलाव बन जाएगा. 

सिंवई पुलाव (Vermicelli Pulao) तैयार है. पुलाव में बचा हुआ घी और आधे काजू भी डालकर मिला दीजिए.  पुलाव को प्लेट में निकालिये और बचे हुए  हरे धनिये और काजू से सजाइये.  गरमागरम सिंवई पुलाव परोसिये और खाइये.

 

सुझाव

  • घी अपनी इच्छानुसार कम या ज्यादा डाल सकते हैं. ज्यादा घी में पुलाव अधिक स्वादिष्ट लगता है लेकिन सेहत के हिसाब से हम घी को कम भी कर सकते हैं. 
  • हमने सारी सब्जियां मिलाकर 1 कप ली है. अपनी इच्छा के अनुसार सब्जियां कम या ज्यादा ले सकते हैं और सब्जियों का चुनाव भी अपनी पसंद के अनुसार कर सकते हैं. 
  • हरा धनिया सबसे बाद में डाला जाता है ताकि उसकी खुश्बू ज्यादा देर तक बनी रहे.

Thursday, 7 December 2023

केसर पुलाव - Kesar Pulao Recipe in Microwave - How To Make Saffron Rice in Microwave

 

केशर पुलाव उत्तर भारत में विशेष अवसरों पर बनाया जाता है. इसके मसाले और केसर की खुश्बू खाने की इच्छा को और भी बढ़ा देती है. इसे माइक्रोवेव में बनाना और भी अधिक आसान है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Kesar Pulao Recipe

  • बासमती चावल - 200 ग्राम ( 1 कप )
  • केसर - आधा छोटी चम्मच
  • घी - 2 टेबल स्पून
  • जीरा - आधा छोटी चम्मच
  • काली मिर्च - 5 - 6
  • लोंग - 2-3
  • दाल चीनी -1 इंच लम्बा टुकड़ा, टुकड़े कर लीजिये
  • बड़ी इलाइची - 2 (छील कर दाने निकाल लीजिये)
  • काजू -15 (एक काजू को 2 टुकड़ो में काट लीजिये)
  • किशमिश - 30 - 35 (डंठल तोड़कर, कपड़े से पोंछ दीजिये)
  • नमक - स्वादानुसार (एक छोटी चम्मच)

विधि - How to Kesar Pulao Recipe

चावलों को साफ करके, 2 बार धोकर, 1 घंटे के लिये पानी में भिगो दीजिये. (चावल खिले खिले, और स्वादिष्ट बनते हैं, साथ में आपकी गैस की भी बचत होगी).

केसर को एक टेबल स्पून पानी में आधा घन्टे पहले भिगो दीजिये.

कढ़ाई में घी डाल कर गरम कीजिये.  घी काजू हल्के से भून कर निकाल लीजिये, जीरा डालिये, जीरा कड़कने के बाद, काली मिर्च, लोंग, दालचीनी, इलाइची के दाने डाल कर, हल्का सा भून लीजिये

इस मसाले में चावल डाल कर 2 मिनिट तक भूनिये. अब इनको माइक्रोवेव सेफ प्याले में निकालिये. पानी, नमक, किशमिश और केसर मिला दीजिये.  माइक्रोवेव में  12 मिनिट के लिये माइक्रोवेव होने रख दीजिये.   केसर पुलाव बनकर तैयार हो गया है.

पुलाव को कुकर में बनाना चाहते हैं:  कुकर में घी डाल कर गरम कीजिये. काजू डालकर हल्के से भून कर निकाल लीजिये,  जीरा डालकर कड़काइये, इसके बाद काली मिर्च, लोंग, दालचीनी, इलाइची के दाने डाल कर हल्का सा भून लीजिये.  चावल डाल कर 2 मिनिट तक भूनिये. अब चावल से दुगना पानी डाल कर, नमक, केसर पानी सहित और किशमिश डाल दीजिये.  कुकर बन्द कर दीजिये. 1 सीटी आने तक पकायें.  गैस बन्द कर दीजिये. कुकर का आधा प्रेसर निकाल कर कम कर दीजिये क्यों कि चावल ज्यादा पक जायेंगे.

कुकर का प्रेसर खतम होने पर कुकर खोलिये और चावल प्याले या प्लेट में निकाल लीजिये,  आपका केसर पुलाव तैयार हैं. गरमा गरम केसर पुलाव, दही, चटानी या अचार के साथ परोसिये और खाइये.

Friday, 1 December 2023

काबुली चने का पुलाव – Kabuli Chana Pulao Recipe

 जब भी कभी हल्का सुपाच्य लेकिन स्वादिष्ट खाने का मन हो तो पुलाव या खिचड़ी ही ध्यान में आते हैं. एकदम हल्के मसाले वाला बासमती चावलों से महकता काबुली चने का पुलाव आपको बहुत पसंद आयेगा.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Kabuli Chana Pulao

  • बासमती चावल- 1 कप (1/2 घंटे पानी में भीगे हुए)
  • काबुली चने- ½ कप (6 से 7 घंटे पानी में भीगे हुए)
  • घी/ तेल - 3 से 4 टेबल स्पून
  • नमक- 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • हरा धनिया- 1 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
  • अदरक- 1 इंच टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ) या 1 छोटी चम्मच पेस्ट 
  • जीरा- ½ छोटी चम्मच
  • बड़ी इलायची- 3
  • दालचीनी का टुकड़ा- 1 इंच
  • लौंग- 4
  • काली मिर्च- 10 से 12
  • हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच से कम
  • नींबू- 1

विधि - How to make Kabuli Chana Pulao in Microwave

साबुत मसालों - काली मिर्च, लौंग, दाल चीनी और बड़ी इलाइची को छीलकर दरदरा कूट लीजिये. 

पैन गरम कीजिए. इसमें घी डालकर गरम होने दीजिए. घी के पिघलने पर जीरा और दरदरे कुटे मसाले डाल दीजिए. इसके बाद, हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट डालकर मसालों को हल्का सा भून लीजिए.  फिर, चने और चावल डाल दीजिए. 2 मिनिट तक मसाले को चावल और चनों में मिलाते हुए भून लीजिए.


भुने मसाले मिले चावल माइक्रोवेव में पकाने वाले प्याले में निकालिये, चावल से दुगुना पानी, हल्दी पाउडर, नमक और नींबू का रस डालकर मिलाइये. प्याले का ढक्कन लगाइये और माइक्रोवेव में रखिये. 12 मिनिट के लिये माइक्रोवेव को सैट कर दीजिये.

माइक्रोवेव में चावल का पुलाव बन चुका है.  पुलाव को माइक्रोवेव से निकालिये और पुलाव को चमचे से चला लीजिए. इसमें थोड़ा सा हरा धनिया डालकर मिला दीजिए.  खिला खिला काबुली चना पुलाव तैयार है. काबुली चना पुलाव (Kabuli Chana Pulao) के साथ अचार, कोई भी चटनी या तरी वाली सब्जी परोसिये और खाइये.

सुझाव

अगर कुकर में पुलाव बना रहे हैं, तो चावल और चने भूनने के बाद, चावल से दुगना पानी और नमक डालकर मिलाइये. कुकर का ढक्कन लगाकर एक सीटी आने तक पका लीजिये.  कुकर का आधा प्रेशर निकलने के बाद कुकर का ढक्कन खोल लीजिए. पुलाव तैयार हो जाएगा.