Sunday, 24 December 2023

गाजर का मुरब्बा - Carrot Murabba recipe - Gajar Ka Murabba

 

आजकल बाजार में गाजर बहुतायत में मिल रहीं है. यही सही समय है गाजर का हलवा और गाजर का मुरब्बा बनाने का. गाजर का मुरब्बा (Gajar Ka Murabba) गर्मियों के मौंसम में नियमित रूप से खाने से शरीर को ठंडक मिलती है और खून भी बढ़ता है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for carrot murabba

  • गाजर - 500 ग्राम
  • चीनी - 300 ग्राम (1.5 कप)
  • नींबू - 1

विधि - How to make carrot murabba

गाजर को धोकर पानी सूखने तक सुखा लीजिए. इसके बाद, इन्हें  छीलकर डंठल अलग काट दीजिए. 

गाजर को 1 या 1 1/2 इंच के टुकड़ों में काट लीजिये. 

किसी बर्तन में इतना पानी भरकर गरम करने रखिये जिसमें गाजर आसानी से डूब सकें. आधा किलो गाजर के लिए  4 कप पानी ले लीजिए. पानी में उबाल आने के बाद, गाजर पानी में डाल दीजिये और फिर से उबाल आने के बाद 2-3 मिनिट तक उबालिये. आग बन्द कर दीजिये, गाजर को उस पानी में ढककर 5 मिनिट के लिये रख दीजिये.गाजर पानी से निकालिये, इनके ऊपर ठंडा पानी डालकर इन्हें 2 मिनिट इसी पानी में डूबे रहने दीजिए. गाजर को छलनी का यूज करके पानी से निकालकर एक सूखे साफ कपड़े पर डालकर पानी निकाल दीजिए. इन्हें अच्छे से पौंछ भी लीजिए. जब  गाजर से पानी पूरी तरह निकल जाय, गाजर को फोर्क से गोद लीजिये.

मुरब्बा बनाइए

गाजर का मुरब्बा 2 तरीके से बनाया जा सकता है. 

(1) 2 तार की चाशनी बनाकर उसमें गाजर डालकर पकाएं.

(2) गाजर में चीनी डालकर रख दें.

गाजर को कढ़ाही में डालिए और इसमें चीनी डालकर इसे ढककर 4 घंटे के लिए रख दीजिए.  4 घंटे के बाद, गाजर में से जूस निकल आया है. इसी से चाशनी बना लीजिए. गाजर समेत इसे पकने के लिए गैस पर रखिए और इसमें उबाल आने दीजिए. उबाले आने के बाद, चाशनी को चैक कर लीजिए. चाशनी कि एक-दो बूंदे प्याली में डालिए और ठंडी होने के बाद उंगली और अंगूठे के बीच चिपकाकर देखिए, यह चिपकनी चाहिए. चाशनी से हल्का सा तार बन रहा है. मुरब्बा की चाशनी इतनी ही पतली रखनी है. 

इन गाजर को स्टील की कढ़ाही में रखिये, चीनी डालकर मिलाइये और 6-7 घंटे या रात भर के लिये ढककर रख दीजिये. गाजर का रस बाहर निकल आता है. मुरब्बा बन गया है. इसमें नींबू का रस डालकर मिला दीजिए.

2 दिन बाद, मुरब्बे को फिर से चैक कीजिए. यदि चाशनी पतली लगे तो एक बार फिर से मुरब्बा की कढाई को आग पर रखिये और चाशनी के गाढ़ा होने तक मुरब्बा को पका लीजिये.

गाजर का मुरब्बा (Carrot Murabba) एअर टाइट कन्टेनर में भरकर रख लीजिये और 6 महीने तक जब भी आपका मन करे, स्वादिष्ट गाजर का मुरब्बा कन्टेनर से निकालिये और खाइये.

सुझाव

अगर गाजर मे बीच में पीला भाग ज्यादा हो तो गाजर को बीच से काट 2 भागों में काटिये और पीले भाग को निकाल दीजिये.

चाशनी ज्यादा पतली नही होनी चाहिए. अगर ये पतली रह जाएगी, तो मुरब्बा ज्यादा दिन तक नही चलता. 

जिस कन्टेनर में मुरब्बा भरें, उसे पहले उबलते हुए पानी से अच्छे से धोएं और धूप या माइक्रोवेव में अच्छी तरह से सुखा लीजिए. इसमें बिल्कुल भी नमी नही रहनी चाहिए.

Saturday, 23 December 2023

सेब का मुरब्बा - Apple Murabba Recipe - Seb ka Murabba

 सेब का मुरब्बा बहुत ही गुणकारी, मिनरल्स और विटामिन से भरपूर और ठंडक देने वाला होता है, पाचन के लिये भी सेब मुरब्बा अच्छा होता है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Apple Murabba Recipe

  • सेब - 8 (800 ग्राम)
  • चीनी - 5 कप लेबल किये हुये (1 कि.ग्राम)
  • नींबू - 2
  • इलायची पाउडर - ½ छोटी चम्मच

विधि - How to make Seb ka Murabba

सेब का मुरब्बा बनाने के लिए, सबसे पहले सेब को अच्छे तरह धोकर ले लीजिए. पीलर की मदद से इन सभी के छिलके उतार लीजिए और डंठल हटा लीजिए, और पानी में डाल कर रख दीजिए ताकि इन पर कालापन न आ पाए.

एक बड़े बरतन में इतना पानी ले लीजिए जिसमें सारे सेब आसानी से डूब जाएं. पानी को गरम होने के लिए गैस पर रख दीजिए और जैसे ही पानी में उबाल आने लगे, सेब डाल दीजिए.सेब को हल्का सा नरम होने तक पकने दीजिए. लगभग 15 मिनिट तक सेबों को उबाल लेने पर इन्हें चैक कीजिए. सेब हल्के नरम हो गये हों तो गैस बंद कर दीजिए, और सेब को पानी से अलग निकाल लीजिए.
सेब उबालने वाला जो पानी बचा है उसी में चाशनी बना लीजिए. इसके लिए 1 एक दूसरे बरतन में चीनी डाले और उसमें 3 -4 कप पानी डालें. चीनी पानी में घुलने तक पका लीजिए.चाशनी में चीनी घुलने पर इसमें सेब डाल दीजिए. सेब को चाशनी में डालकर पकाइये, इन्हैं तब तक पकाएं जब तक की चाशनी शहद जैसी गाढी़ न हो जाए. चाशनी गाढी़ होने पर इसे चैक कर लीजिए. किसी प्याले में 1-2 बूंद गिरा कर, थोड़ा ठंडा होने के बाद, उंगली और उंगूठे के बीच चिपका कर देखिये कि 2 तार निकल रहे हैं और यदि 2 तार न भी बन रहें हो लेकिन तार काफी लम्बा हो रहा है, तब चाशनी बनकर तैयार है.
गैस बंद कर दीजिए, सेब को चाशनी में ही रहने दीजिए ताकि सेब के अंदर चाशनी की मिठास अच्छे से समा जाए.

चाशनी में नींबू का रस डाल कर मिक्स कर दीजिए. साथ ही इसमें इलायची पाउडर डाल कर मिक्स कर दीजिए. सेब को 2 दिन के लिये चाशनी में ही डूबे रहने दीजिए और रोजाना 1 दो बार चमचे से चला भी दिजिए, 2 दिन के बाद स्वादिष्ट सेब का मुरब्बा बनकर तैयार है.

मुरब्बा को फ्रिज में रख कर 2 महीनों तक आराम से खाया जा सकता है, और अगर आप इसे और ज्यादा दिनों तक रखना चाहते हैं तो इसमें ऎसिटीक ऎसिड या बेन्जोइक एसिड की 1 छोटी चम्मच चाशनी में डाल कर अच्छी तरह मिला दीजिए.

सुझाव

  • सेब अगर पानी में ज्यादा उबाल दिए जाएं तो सेब फट जाएंगे और पानी में ही घुल जाएंगे. इसलिए इन्हें हल्का सा नरम रहने तक उबालें.
  • चाशनी न ज्यादा पतली होनी चाहिए न ज्यादा गाढी. 1-2 तार की चाशनी मुरब्बा बनाने के लिए उपयुक्त होती है.
  • अगर 2 दिन बाद चाशनी ज्यादा पतली लग रही है, तो आप इसे थोडा़ सा उबाल कर गाढा़ कर सकते हैं और यदि चाशनी ज्यादा गाढी़ लग रही हो तो इसमें 2-3 टेबल स्पून पानी डालकर इसे पतला कर लीजिए.
  • सेब चाशनी में अच्छे से डूबे होने चाहिए इससे ये ज्यादा समय तक अच्छे रहेंगे.

Friday, 22 December 2023

चाईनीज फ्राइड राइस - Chinese Fried Rice - Fried Rice Restaurant Style Recipe

 सब्जियों और सॉस के साथ बने स्वाद में एकदम लाजबाव चाइनीज राइस आजकल के युवावर्ग को बहुत पसंद आते हैं. इन्हें बनाना भी आसान ही है.

आवश्यक सामग्री - Ingedients for Chinese Fried Rice

  • 1 कप बासमती चावल को सादा पका कर ले लीजिये
  • बंद गोभी - 1 कप (बारीक कटी हुई)
  • गाजर - ½ कप (बारीक कटी हुई)
  • फ्रेच बिन्स - ¼ कप (बारीक कटी हुई)
  • पनीर - ½ कप (छोटे छोटे चौकोर टुकड़ों में कटा हुआ)
  • शिमला मिर्च - ¼ कप (बारीक कटी हुई)
  • हरा धनिया - 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • तेल - 2 -4 टेबल स्पून
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
  • नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • अदरक - 1 इंच (कद्दूकस किया हुआ)
  • अजीनोमोटो- ¼ छोटी चम्मच (यदि आप चाहें)
  • ग्रीन चिल्ली सॉस- 1 छोटी चम्मच
  • सोया सॉस - 2 छोटी चम्मच
  • सिरका - 2 छोटी चम्मच

विधि - How to Make Chinese Veg Fried Rice

पैन में तेल डाल कर गरम कीजिये, तेल के हल्का गरम होने पर पनीर के टुकड़े पैन में सिकने के लिये डाल दीजिये और दोनों ओर पलट-पलट कर हल्के ब्राउन होने तक सेक कर निकाल लीजिये.

तेल में गाजर, बीन्स, शिमला मिर्च, पत्ता गोभी डालकर 1-2 मिनिट तेज आंच पर फ्राई कर लीजिए.
हरी मिर्च, अदरक, ग्रीन चिल्ली सॉस, अजीनो मोटो, सोया सॉस, सिरका, पनीर के टुकड़े डालकर अच्छी तरह मिला दीजिए.


नमक और चावल डालकर सभी चिजों को 2 मिनिट लगातार चलाते हुए अच्छे से मिलाते हुए पका लीजिए.
चावलों के सब्जियों में अच्छे से मिल जाने पर थोडा़ सा हरा धनिया डालकर मिला दीजिए. चाईनीज फ्राइड राइस बनकर तैयार हैं.

चाईनीज फ्राइड राइस को प्लेट में निकाल कर हर धनिये से गार्निश कीजिए और परोसिये.

सुझाव:
सादा चावल बनाने के लिए वेबसाइट और चैनल पर देख सकते हैं.
अगर आप प्याज पसन्द करते हैं, तब गरम तेल में सब्जियां डालने से पहले 1 प्याज जो लम्बे और पतले टुकड़ो में कटी हो उसे भून कर निकाल लीजिये और बाद में चावल के साथ में मिलाइये. ग्रीन प्याज से चावल की गार्निस की जा सकती है.

  • 3-4 सदस्यों के लिये
  • समय 30 मिनट

Thursday, 21 December 2023

नवरतन पुलाव - Navratan Pulao Recipe - How To Make Navratan Pulav

 

मेवे और ताजी सब्जियों के साथ तैयार नवरतन पुलाव अत्यधिक स्वादिष्ट पुलाव है. स्वाद में लाज़वाब होने के साथ-साथ ये पुलाव दिखने में भी आकर्षक लगते हैं. किसी भी विशेष अवसर या पार्टी के लिए उत्तम रेसिपी है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Navratan Pulao Recipe

  • बासमती चावल - 1 कप (पके हुए)
  • मटर - ½ कप 
  • पनीर - ½ कप (छोटे-छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
  • फूल गोभी - ½ कप 
  • आलू - 1
  • गाजर - ½ कप (बारीक कटी हुई)
  • घी - 2 से 3 टेबल स्पून 
  • काजू - 2 से 3 टेबल स्पून 
  • बादाम - 2 टेबल स्पून 
  • किशमिश - 2 से 3 टेबल स्पून 
  • नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार 
  • जीरा - ½ छोटी चम्मच 
  • साबुत गरम मसाले - 2 बडी़ इलायची, दालचीनी - 1 इंच टुकडा़, लौंग 4-5, काली मिर्च -10-12
  • नींबू का रस - 1 टेबल स्पून

विधि - How to make Navratan Pulav

कढा़ई में तेल डालकर गरम कीजिये. तेल में काजू डालकर हल्का सा ब्राउन होने तक तलकर निकाल लीजिए. बादाम भी डालकर हल्का सा 1 से 2 मिनिट भूनकर प्लेट में निकाल लीजिए. इसके बाद, पनीर को भी हल्का सा भून कर निकाल लीजिए.


जब तक पनीर भुने, तब तक आलू को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए. पनीर को हल्का ब्राउन होते ही निकाल लीजिए. फिर, मटर के दानों को भी तेल में डाल दीजिए और 1 से 2 मिनिट के लिए ढककर भून लीजिए. भुनी मटर को एक प्लेट में निकाल लीजिए. इसके बाद, आलू के टुकड़ों को भी तेल में डालकर हल्का ब्राउन भून लीजिए. सिके हुए आलू को भी निकाल लीजिए. कढ़ाई में गाजर और गोभी डाल दीजिए और क्रन्ची होने तक भूनकर प्लेट में निकाल लीजिए.

बचे हुए गरम तेल में जीरा डालकर चटखा लीजिए. इसके बाद, कढ़ाई में साबुत मसालों को डालकर भून लीजिए. अब इसमें पके हुए चावल, नमक, नींबू का रस, भून कर रखी हुई सब्जियां, पनीर, भुने काजू और बादाम डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. नवरतन पुलाव बनकर तैयार है, इसे प्लेट में निकाल कर सर्व कीजिए.

सुझाव

  • चावल को पकाने के लिए, चावलों को साफ करके पानी में ½ घंटे के लिए भिगो दीजिए. इसमें दुगुना से थोड़ा कम पानी डालकर 10 मिनिट के लिए माइक्रोवेव कर लीजिए. पुलाव के लिए चावल तैयार हो जाएंगे.

Wednesday, 20 December 2023

चना दाल पुलाव - Chana Dal Pulav recipe in microwave

 

बासमती चावल, खड़े मसालों से बना चना दाल पुलाव स्वाद और महक में लाज़वाब होने के साथ-साथ दिखने में भी खूब लगता है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Chana Dal Pulav recipe in microwave

  • बासमती चावल - 1 कप 
  • चना दाल - ½ कप
  • घी - 3-4 टेबल स्पून 
  • हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून 
  • नींबू - 1 
  • अदरक - 1 इंच (लम्बाई में कटा हुआ)
  • बडी़ इलाइची - 2
  • दाल चीनी - 1 इंच लम्बा टुकडा़ 
  • लौंग - 4 
  • काली मिर्च - 10-12 
  • जीरा - ½ छोटी चम्मच
  • नमक - 1.5 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि - How to make Chana Dal Pulav in microwave

चावलों को अच्छी तरह धोकर आधा घंटे के लिये पानी में भिगो दीजिए और बाद में अतिरिक्त पानी निकाल कर हटा दीजिये. इसी तरह दाल को भी अच्छी तरह धोकर 6- 7 घन्टे के लिये पानी में भिगो कर ले लीजिए.

माइक्रोसेफ प्याले में घी डालकर 1 मिनिट के लिए माइक्रोवेव कर लीजिए. घी पिघलने के बाद, प्याले को बाहर निकालिये. इसमें जीरा, बड़ी इलाइची के दाने, दालचीनी, लौंग, काली मिर्च डालकर 1 मिनिट के लिए फिर से माइक्रोवेव कर लीजिए.


1 मिनिट बाद, प्याले को बाहर निकाल लीजिए और इसमें अदरक, दाल और 1 कप पानी डाल दीजिए. इन सबको अच्छे से मिक्स कर लीजिए. बर्तन को हल्का सा खुला छोड़ते हुए ढककर 6 मिनिट के लिए माइक्रोवेव कर लीजिए.

फिर से प्याले को बाहर निकाल कर दाल को चैक कीजिए. इसमें चावल, नमक, 1.5 कप पानी और नींबू का रस डालकर अच्छे से चमचे से चलाते हुए मिक्स कीजिए. प्याले को हल्का सा खुला छोड़कर ढक्कन से ढक दीजिए और 10 मिनिट के लिए माइक्रोवेव कर लीजिए.

प्याले को बाहर निकाल लीजिए पर इसे ढका रहने दीजिए और 20 मिनिट बाद सर्व कीजिए. स्वादिष्ट पुलाव बनकर तैयार है. इसमें हरा धनिया डालकर मिलाइए और गार्निश करके परोसिए.

सुझाव

  • घी की जगह रिफाइन्ड अॉयल भी इस्तेमाल कर सकते हैं. 
  • अगर आप तीखा पसंद करते हैं, तो चावल के साथ ही ¼ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर भी डाल सकते हैं. 
  • प्याले का ढक्कन थोड़ा सा खुला छोड़ा गया है, ताकि भाप निकल सके.
  • अगर आप कुकर में पुलाव बनाना चाहते हैं, तो कुकर में घी डालकर पहले जीरा भून लीजिए. फिर, सारे मसाले दरदरे कूटकर भून लीजिए. इसके बाद, चने की दाल और चावल कुकर में डाल दीजिए और चमचे से चलाते हुए 1 से 2 मिनिट तक भून लीजिए. फिर, इसमें सवा दो कप पानी डाल दीजिए और कुकर बंद करके 1 सीटी आने तक पुलाव को पका लीजिए. इसके बाद, कुकर का आधा प्रेशर निकालकर, कुकर को खुलने तक पुलाव को पकाकर तैयार कर लीजिए.

Tuesday, 19 December 2023

आलू दम बिरयानी । Aloo Dum Biryani । Potato Dum Biryani in cooker

 

आलू दम बिरयानी स्वाद में काफी लाज़वाब होती है. बासमती चावल और आलू मसाला से तैयार बिरयानी को किसी भी खास मौके या जब मन करे बनाएं ओर इसके स्वाद का मजा उठाएं. 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Aloo Dum Biryani 

बासमती चावल - 1 कप (200 ग्राम) (भीगे हुए)

आलू - 12 (300 ग्राम)

घी - 4-5 टेबल स्पून

हरा धनिया - 3-4 टेबल स्पून

टमाटर - 2 (100 ग्राम) (बारीक कटे हुए)

पुदीने के पत्ते - ¼ कप

फैंटा हुआ दही - ½ कप

जीरा - ½ छोटी चम्मच

लाल मिर्च पाउडर - ½ छोटी चम्मच

धनिया पाउडर - ½ छोटी चम्मच

हल्दी पाउडर - ½ छोटी चम्मच

हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)

विधि - How to make Aloo Dum Biryani 

1 कप बासमती चावल को अच्छे से साफ करके धोकर ½ घंटे के लिए पानी में भीगो कर रख दीजिए. ½ घंटे बाद चावलों में से अतिरिक्त पानी हटा कर ले लीजिए.  

चावल को उबालने के लिए गैस पर बरतन रखें और बरतन में 1 लीटर पानी डाल कर उबलने के लिए रख दीजिए. पानी में उबाल आने पर इसमें चावल डाल दीजिए. इसके साथ ही इसमें 2 तेज पत्ते, 2 दाल चीनी के टुकड़े, 2 छोटी इलायची क्रश करके, 1 छोटी चम्मच नमक और 1 छोटी चम्मच घी डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए.

चावल को ढक दीजिए और इन्हें पकने दीजिए. चावलों को हमे पूरी तरह से नहीं पकाना है क्योंकि हमे बाद में इन्हें दम देकर भी पकाना होगा. इसलिए इन्हें करीब 10-15 प्रतिशत कम पकाएंगे.

चावलों को चैक कीजिए, चावल को जितना पकाना था उतना यह पक कर तैयार हैं, गैस बंद कर दीजिए. लगभग 5 मिनिट में चावल पक कर तैयार हैं. चावलों को छलनी में डाल कर छान लीजिए ताकि इनमें से अतिरिक्त पानी अलग हो जाए, चावलों को छान लीजिए.

बिरयानी के लिए आलू मसाला बनाएं

आलू को छीलकर अच्छे से धोकर इन्हें सुखा लीजिए.

फैंटा हुआ दही लीजिए इसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर और गरम मसाला पाउडर डाल कर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लीजिए.

दूध में केसर के धागे डाल कर रख दीजिए ताकि वे अपना कलर छोड़ दें.


कढा़ई को गैस पर रख कर गरम करें. कढा़ई में 3-4 टेबल स्पून घी डाल कर गरम कीजिए. घी गरम होने पर इसमें आलू डाल दीजिए. आलू को मध्यम आंच पर चारों ओर से गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए. आलू को बीच-बीच में चलाते हुए हल्के पक जाने तक तलना है. आलू पक कर तैयार हैं या नही इसे चैक करने के लिए आलू में चाकू घुसा कर देख सकते हैं कि अगर चाकू आलू में अंदर तक जा रहा है, तो आलू पक कर तैयार है. आलू को प्लेट में निकाल लीजिए.

बिरयानी के लिए मसाला बनाएं- गरम घी में ½ छोटी चम्मच जीरा, 1 बडी़ इलायची के दाने, 4 लौंग और 6-7 काली मिर्च डाल कर हल्का सा भून लीजिए. अब इसमें 2 हरी मिर्च बड़े-बड़े टुकड़ों में कटी हुई और आधा इंच अदरक का टुकडा़ पतले टुकड़ों में कटा हुआ डाल कर हल्का सा भून लीजिए. अब इसमें बारीक कटे हुए टमाटर डाल कर 1-2 मिनिट धीमी आंच पर पका लीजिए.

टमाटर भून जाने पर गैस बंद कर दीजिए और मसाले को थोड़ा ठंडा होने दीजिए. मसाले के ठंडा हो जाने के बाद इसमें दही डाल कर मिक्स कीजिए. गैस अॉन कर दीजिए और मसाले को चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक की मसाले में उबाल न आ जाए.

मसाले में उबाल आने के बाद, मसाले को चलाते हुए तब तक भूनें जब तक की मसाले में से घी अलग न होने लगे.

मसाले में से घी अलग होने लगा है. अब इसमें आलू, ¾ छोटी चम्मच नमक, थोड़ा सा हरा धनिया और थोड़े से पुदीने के पत्ते तोड़ कर मसाले में डाल दीजिए. मसाले को 1-2 मिनिट चलाते हुए भून लीजिए.

अब इसमें ½ कप पानी डाल दीजिए और उबाल आने तक इसे पकने दीजिए. आलू में उबाल आने के बाद गैस बंद कर दीजिए और कढा़ई को गैस पर से उतार कर जाली स्टैंड पर रख दीजिए.

बिरयानी को दम दीजिए

चावल और आलू मसाला बनकर तैयार है. अब बिरयानी को दम देने के लिए गैस पर कुकर रखें और इसमें आधा आलू मसाला डाल दीजिए. आलू मसाला के ऊपर आधे चावल की एक परत बिछा दीजिए. बचे हुए आलू मसाला को चावलों के ऊपर डाल कर फैला दीजिए. अब बचे हुए चावलों को इस आलू मसाला के ऊपर डाल कर चारों ओर फैला दीजिए. इन चावलों के ऊपर केसर का दूध डाल दीजिए. इसके साथ ही थोड़ा सा हरा धनिया और थोड़े से पुदीने के पत्ते डाल दीजिए. अब कुकर का ढक्कन बंद कर दीजिए और बिरयानी को एकदम धीमी आंच पर 15 मिनिट के लिए दम दीजिए.


15 मिनिट बाद गैस बंद कर दीजिए और 10 मिनिट के बाद कुकर का ढक्कन खोल कर बिरयानी को चैक कीजिए.

10 मिनिट बाद कुकर का ढक्कन खोलिए. दम बिरयानी बन कर तैयार है इसे प्याले में निकाल लीजिए. स्वाद से भरपूर इस दम बिरयानी को आप दही, रायता या दही की चटनी के साथ परोसिये और खाइये.

सुझाव

  • हमने बिरयानी के लिए छोटे आलू लिए हैं. बड़े आलू को भी 2-4 टुकड़ों में काट कर लिया जा सकता है.
  • बिरयानी बनाने के लिए घी के बदले कोई भी कुकिंग अॉयल लिया जा सकता है.
  • मसाला ठंडा होने के बाद ही इसमें दही डाल कर मिक्स करें. दही अगर गरम मसाले में डाल दिया जाए तो इससे दही फट सकता है.
  • केसर के बिना भी आप बिरयानी बना सकते हैं.  
  • बिरयानी को एकदम धीमी आंच पर ही दम देना होता है. अगर आंच जरा भी तेज रही तो बिरयानी नीचे से जल सकती है.
  • अगर आप प्याज पसंद करते हैं तो पतली-पतली कटी हुई प्याज को घी में ब्राउन सेक कर निकाल लीजिए और दम देते समय डाल दीजिए.

Monday, 18 December 2023

टमाटर पुलाव - Tomato Pulao Recipe - Tomato Pulav Recipe

 पुलाव विभिन्न प्रकार से बनाए जाते है और सभी का एक अलग ही स्वाद होता है.  हल्की फुल्की भूख लगने पर आप पके हुए चावलों से टमाटर पुलाव झटपट तैयार कर सकते हैं.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Tomato Pulav Recipe

  • चावल - 1 कप (पके हुए)
  • टमाटर - 3 
  • हरी मिर्च - 1 
  • घी - 2 से 3 टेबल स्पून 
  • मटर - ½ कप 
  • हरा धनिया - 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • करी पत्ता - 8 से 10 
  • अदरक - 1 इंच (पेस्ट)
  • गरम मसाला - बड़ी इलाइची -2, दालचीनी-½ इंच टुकडा़, लौंग-4, काली मिर्च-8 से10
  • जीरा - ½ छोटी चम्मच 
  • नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि - How to make Tomato Pulao Recipe

पुलाव के लिए टमाटर-हरी मिर्च का पेस्ट बना लीजिए. इसके बाद, साबुत मसाले जैसे कि बड़ी इलाइची (छीलकर), दालचीनी, लौंग और काली मिर्च को मोटा-मोटा दरदरा कूट लीजिए.

पैन में घी डालकर गरम कीजिए. घी गरम होने पर मटर डाल दीजिए और 1 मिनिट ढककर के पका लीजिए. मटर के पक जाने पर इन्हें प्याले में निकाल लीजिए.


उसी पैन में जीरा डाल लीजिए. इसके बाद, घी में दरदरे कुटे मसाले भी डाल दीजिए और मसाले को भून लीजिए. फिर इसमें टमाटर हरी मिर्च का पेस्ट डालकर मिक्स कीजिए, अदरक का पेस्ट, करी पत्ते भी डाल दीजिए और मसाले को तब तक भूनिए जब तक कि मसाले से घी अलग न होने लगे.

मसाला भुनकर तैयार है, मसाले में मटर, नमक, आधा हरा धनिया डालकर मिक्स कीजिए. साथ ही, पके चावल भी डाल दीजिए. धीमी आंच पर सारी चीजों को अच्छे से मिलने तक मिक्स करते रहिए.

टमाटर पुलाव बनकर के तैयार है, इसे प्लेट में निकाल लीजिए और इसके चारों ओर हरा धनिया डालकर गार्निश कीजिए. स्वाद में लाज़वाब टमाटर पुलाव को दही या अचार के साथ सर्व कीजिए और चटखारे लेते हुए खाइए.

सुझाव

  • आप मटर के बिना भी पुलाव बना सकते हैं. 
  • ज्यादा तीखे स्वाद के लिए इसमें लाल मिर्च पाउडर भी डाल सकते हैं.
  • करी पत्तों को जीरे के साथ भी भूना जा सकता है.

Sunday, 17 December 2023

जर्दा राइस । Zarda Rice Recipe | Zafrani Zarda Sweet Chawal​​​​​​​

 

घर पर कोई त्‍यौहार या मूड बदलने के लिये कुछ अलग सा खाने का मन करे तो ज़र्दा राइस से अच्‍छा और कुछ नहीं.

आवश्यक सामग्री

  • गोल्डन सेला चावल - 1 कप (200 ग्राम)
  • चीनी - ¾ कप (150 ग्राम)
  • बादाम - ¼ कप
  • काजू - ¼ कप
  • किशमिश - ¼ कप
  • लौंग - 4
  • सूखा नारियल - ¼ कप (लम्बाई में कटा हुआ )
  • घी - 5-6 टेबल स्पून
  • इलायची - 6
  • रेड अॉरेन्ज फूड कलर - ¼ छोटी चम्मच
  • केसर - 20-25 धागे
  • दूध - ½ कप

विधि

गोल्डन सेलास़् चावल को अच्छे से साफ करके धोकर 1 घंटे के लिए हल्के गुनगुने पानी में भिगोकर रख दीजिए. 1 घंटे बाद चावल से अतिरिक्त पानी निकाल कर ले लीजिए.

ज़र्दा चावल बनाने के लिए एक बड़े बर्तन को गैस पर रखिए और इसमें 1 लीटर पानी डाल दीजिए. पानी में ¼ छोटी चम्मच अॉरेन्ज रेड फूड कलर डाल कर उबलने के लिए रख दीजिए.

इसी बीच, काजू को 2 भाग करते हुए और.बादाम को लम्बाई में पतला पतला काटकर तैयार कर लीजिए. इलायची को छीलकर इसके बीज निकाल लीजिए.

दूध में केसर के धागे डालकर रख दीजिए ताकि केसर अपना रंग छोड़ दे.

पानी में उबाल आने पर भीगे हुए चावल डाल दीजिए. चावल को ढककर 5 मिनिट पकने दीजिए. इसके बाद, चैक कीजिए. चावल को हमें 80 से 90 प्रतिशत तक ही पकाना है.  चावल को बीज-बीच में चैक करते हुए और पका लीजिए.

15 मिनिट बाद चावल हल्के से पककर तैयार हैं, गैस बंद कर दीजिए. चावल को छानने के लिए किसी बर्तन के ऊपर छलनी रख दीजिए और छलनी पर चावल को डालकर इन्हें छान लीजिए ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए.


चावल को बनाने के लिए एक बड़ा भारी तले का बर्तन गरम कीजिए. बर्तन में घी डाल दीजिए और घी के पिघलने पर इसमें नारियल, काजू और बादाम डालकर धीमी आंच पर हल्का सा भून लीजिए.

मेवों के हल्के से भुन जाने पर थोड़े से मेवे गार्निश करने के लिए निकाल लीजिए और बाकी मेवे में इलायची और लौंग डालकर हल्का सा भून लीजिए.

इसके बाद, इसमें चावल और चीनी डालकर सभी चीजों को हल्के हाथों से चलाते हुए अच्छे से मिक्स कर दीजिए. इन चावल पर केसर वाला दूध डाल दीजिए और साथ ही किशमिश डालकर मिक्स कर दीजिए.

चावल को दम देने के लिए चावल को ढककर एकदम धीमी आंच पर 10 से 12 मिनिट तक पकने दीजिए, इसके बाद, चैक कीजिए. ज़र्दा पुलाव बनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए. पुलाव को 10 मिनिट ढककर रहने दीजिए बाद में, इसे सर्व कीजिए.

ज़र्दा पुलाव परोसने से पहले इस पर बचाकर रखे हुए भुने मेवे डालकर इसे सजाएं और स्वाद से भरपूर ज़र्दा पुलाव को परोसिये और खाइये. ज़र्दा पुलाव को आप फ्रिज में रखकर 3 दिन तक खाने के लिए उपयोग कर सकते हैं.


सुझाव

  • गोल्डन सेला चावल पकने में अधिक समय लेता है लेकिन आप बासमती चावल का उपयोग कर रहे हैं तो यह बहुत जल्दी पककर तैयार हो जाता है, इसलिए ध्यान रखना होगा कि बासमती चावल ज्यादा न पके.
  • चावल को पानी में तभी डालें, जब पानी में उबाल आने लगे.
  • चावल को उबालते समय थोड़ी थोड़ी देर बाद चैक करते रहें और जैसे ही चावल हल्के से पककर तैयार हो जाएं, गैस बंद कर दीजिए और चावल को छान लीजिए.

Saturday, 16 December 2023

मसाला भात । Masale bhat Recipe । Maharashtrian Spiced Rice

 

ढेर सारे मसालों और ताजी सब्जियों के साथ तैयार मसाला भात बहुत ही स्वादिष्ट होता है. आप इसे किसी भी विशेष अवसर या पार्टी के लिए जल्द से तैयार करके अपने परिवार और मेहमानों को खिलाएं सभी को इसका स्वाद पसंद आएगा.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Masale bhat Recipe

चावल - 1 कप

टमाटर - 1 (बारीक कटा हुआ)

तेल - 2-3 टेबल स्पून

खसखस - 1 छोटी चम्मच

तिल - 1 छोटी चम्मच

तेज पत्ता - 1

दालचीनी - 1 इंच टुकड़ा

चक्र फूल - 1

इलायची - 2

लौंग - 3

काली मिर्च - 6-7

साबुत धनिया - 1 छोटी चम्मच

शाही जीरा - ½ छोटी चम्म

सूखा नारियल - 2-3 टेबल स्पून (कद्दूकस किया हुआ)

काजू - 2-3 टेबल स्पून

शिमला मिर्च - ½ कप (बारीक कटी हुई)

फूल गोभी - ½ कप (बारीक कटी हुई)

आलू - ½ कप (बारीक कटे हुए)

अदर - 1 छोटी चम्मच (कद्दूकस या पेस्ट)

हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून

हरी मिर्च - 2-3 (बारीक कटी हुई)

सरसों के दाने - ¼ छोटी चम्मच

जीरा - ½ छोटी चम्मच

हल्दी पाउडर - ½ छोटी चम्मच

लाल मिर्च पाउडर - ½ छोटी चम्मच

विधि - How to make Masale bhat Recipe

मसाला भात बनाने के लिए पैन को गैस पर रखें. पैन में खसखस, तिल, साबुत धनिया, शाही जीरा, तेज पत्ता, दालचीनी, चक्र फूल, इलायची, लौंग , काली मिर्च डालकर सभी चीजों को लगातार चलाते हुए 1 से 1.5 मिनिट भून लीजिए. मसाला भून जाने पर इन्हें प्लेट में निकाल लीजिए.

अब पैन में कद्दूकस किया हुआ नारियल डाल कर इसे भी लगातार चलाते हुए भून लीजिए. नारियल भून जाने पर इसे भी प्लेट में निकाल लीजिए. मसालों के ठंडा हो जाने के बाद इन्हें पीस लीजिए और प्लेट में निकाल लीजिए.

पैन में 1/2 छोटी चम्मच तेल डालकर इसमें काजू डालें और काजू को लगातार चलाते हुए हल्का सा भून लीजिए. काजू भून जाने पर इन्हें भी अलग से प्याली में निकाल लीजिए.

पैन में 2-3 टेबल स्पून तेल डाल कर गरम कीजिए. तेल गरम होने पर इसमें सरसों के दाने डाल दीजिए. सरसों भून जाने पर जीरा डालें और बारीक कटा आलू डाल कर मिक्स कीजिए. आलू को 2 मिनिट भून लेने के बाद इसमें कटी हुई गोभी डाल कर 2 मिनिट भून लीजिए. अब इसमें कटी हुई शिमला मिर्च डाल कर 2 मिनिट भून लीजिए. सब्जियां अच्छी क्रन्ची भून कर तैयार हैं. अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक और टमाटर डाल कर मिक्स कीजिए और 1 मिनिट भून लीजिए.

मसाले भून जाने के बाद इसमें भीगे हुए चावल डाल दीजिए. इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च, नमक डाल कर इन्हें लगातार चलाते हुए 1 मिनिट भून लीजिए. चावलों में 2 कप पानी और पीसा हुआ मसाला डाल कर मिक्स कीजिए. चावलों को ढक कर मध्यम आंच पर 5 मिनिट पकने दीजिए.  5 मिनिट बाद चावलों को चैक कीजिए इन्हें थोड़ा सा मिक्स कीजिए और फिर से ढक कर मध्यम आंच पर 5 मिनिट पकने दीजिए.

5 मिनिट बाद चावल चैक कीजिए. चावल पक कर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए. चावलों को ढके रहने दीजिए और 10 मिनिट बाद इन्हें सर्व कीजिए. 10 मिनिट बाद मसाला भात में काजू और हरा धनिया डाल कर मिक्स कीजिए. तैयार भात को प्याले में निकाल लीजिए. स्वाद से भरपूर मसाला भात को गरमा गरम परोसिये और खाइये

सुझाव

  • मसालों में जो भी मसाला नहीं डालना चाहें उसे हटा सकते हैं.
  • मसालों को लगातार चलाते हुए हल्का सा ही भूनना है.
  • चावल को मसाले में डालने के बाद बहुत देर तक नहीं चलाना है, बस 1 मिनिट के लिए इन्हें मिक्स करना है..

Friday, 15 December 2023

मिक्स वेज तहरी रेसिपी | Mixed Veg Tehri - Quick One pot Rice recipe

 

झटपट और बहुत ही आसानी से बनाए जाने वाली उत्तर भारत की फेमस रेसिपी तहरी। दीपावली ,गोवर्धन और भाईदूज कई त्योहार एक साथ आ जाने पर सभी लोग पकवान खा-खा कर पक जाते है तो त्योहार के खत्म हो जाने पर सबसे पहले बनाए तहरी। यह बहुत ही आसानी से और जल्दी बन कर तैयार हो जाती है और बहुत ही हल्का खाना है।   

सर्दी के मौसम में गर्म-गर्म तहरी का स्वाद बहुत ही अच्छा लगता है। ये रेसिपी बहुत ही आसान और स्वादिष्ट है आप इसे घर पर ट्राए करे ये बहुत ही जल्दी बन कर तैयार हो जाएगी। ये रेसिपी टेस्ट के साथ- साथ हैल्दी भी है आप इसे छोटे बच्चे या बड़ो को दे उन्हें ये बहुत ही पसंद आएगी ।

आवश्यक सामग्री 

  • चावल- 0.75 कप 
  • आलू- 1
  • फूल गोभी- ½ कप 
  • शिमला मिर्च- ½ कप 
  • हरी मटर- ½ कप 
  • जीरा- 1 छोटी चम्मच 
  • हरी मिर्च- 2 
  • अदरक- ½ इंच 
  • हल्दी पाउडर- ½ छोटी चम्मच 
  • धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच 
  • टमाटर- 1 
  • लाल मिर्च पाउडर- ½ छोटी चम्मच
  • नमक- 1 छोटी चम्मच 
  • गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच 
  • हरा धनिया- 1-2 बड़ी चम्मच
  • तेल- 2-3 बड़ी चम्मच 

विधि 

तहरी बनाने के लिए एक कुकर में 2-3 बड़ी चम्मच तेल डाल कर गर्म कर लीजिए। तेल के गर्म हो जाने पर इसमें 1 छोटी चम्मच जीरा डाल कर मिडियम आंच पर भून लीजिए। 

जीरा भुन जाने पर इसमें 1 बारीक़ कटा आलू डाल कर 2 मिनट तक चलाते हुए भून लीजिए। आलू के हल्का सिक जाने पर इसमें 1/2 कप फूल गोभी डाल कर 1 मिनट तक भून लीजिए। अब इसमें 1/2 कप शिमला मिर्च, 1/2 कप हरी मटर के दाने डाल कर थोड़ी देर ओर भून लीजिए

अब इसमें 2 हरी मिर्च , 1/2 इंच अदरक का टुकड़ा, 1/2 छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर,1 बारीक कटा टमाटर और 1/2 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर डाल कर सभी चीजों को मिलाते हुए एक मिनट ओर भून लीजिए।   

सभी सब्जियों के हल्का भुन जाने पर इसमें 0.75 कप भीगे हुए चावल डाल कर मिलाते हुए एक मिनट तक भून लीजिए। सब्जी चावल अच्छे से मिक्स हो जाने पर इसमें 1.5 कप पानी, 1 छोटी चम्मच नमक,1/4 छोटी चम्मच गरम मसाला डाल कर कुकर का ढक्कन लगा कर तेज आंच पर एक सीटी आने तक पकने दीजिए। 

एक सीटी आ जाने पर कुकर का आधा प्रेशर निकाल दीजिए और आधा प्रेशर खत्म हो जाने के बाद कुकर का ढक्कन हटा कर उसे 10-15 मिनट के लिए एसे ही ठंडा होने के लिए छोड़ दीजिए। 

तहरी के ठंडा हो जाने पर इसे एक प्लेट में निकाल कर ऊपर से हल्का सा हरा धनिया डाल दीजिए। तहरी सर्व करने के लिए तैयार है आप इसे दही या रायता के साथ सर्व करे ये सभी को बहुत पसंद आएगी।

सुझाव 

  • चावल को 15 मिनट से ज्यादा पानी में नहीं भिगोना है 
  • तहरी के लिए आप अपने पसंद अनुसार कोई भी सब्जी ले सकते हैं।

Thursday, 14 December 2023

स्वीट कार्न पुलाव - लंच बॉक्स रेसीपी । Corn Pulao with mix veg - One Pot Recipe

 

स्वीट कॉर्न वेजिटेबन पुलाव। ताजा सब्जी और स्वीर्ट कॉर्न का कॉन्बिनेशन खाने में बहुत ही टेस्टी और हेल्थ के लिए भी काफी अच्छा है और ये सर्दी में बनाने के लिए बहुत ही आसान रेसिपी है। ये झटपट बन कर तैयार हो जाती है सर्दी के मौसम में गर्मागर्म स्वीट कॉर्न वेज पुलाव खाने का मजा ही कुछ ओर है।  

आवश्यक सामग्री 

  • बासमती चावल- 1 कप (200 ग्राम)
  • स्वीट कॉर्न- 1 कप 
  • हरी मटर- 1/4 कप 
  • गाजर- 1/4 कप 
  • शिमला मिर्च- 1/4 कप 
  • तेल- 2-3 बड़ी चम्मच
  • अदरक- 1/2 इंच 
  • तेज पत्ता- 2 
  • दालचीनी- 2 टुकड़े
  • बड़ी इलायची-1
  • लौंग- 5
  • काली मिर्च- 10 
  • जीरा- 1/2 छोटी चम्मच 
  • नींबू- 1 
  • नमक- 1 छोटी चम्मच 

विधि 

स्वीट कॉर्न पुलाव बनाने के लिए एक बर्तन में 2-3 बड़ी चम्मच तेल डाल कर गर्म कर लीजिए। तेल के गर्म हो जाने पर इसमें 1/2 छोटी चम्मच जीरा, 2 तेज पत्ता, 2 टुकड़े दालचीनी, 1 बड़ी इलायची, 5 लौंग और 10 काली मिर्च डाल कर सभी चीजों को धीमी आंच पर हल्का सा चलाते हुए भून लीजिए। 

मसाले भुन जाने पर इसमें 1/2 इंच अदरक, 1/4 कप गाजर, 1/4 कप हरी मटर और 1/4 कप शिमला मिर्च डाल कर सब्जियों को मिडियम आंच पर चलाते हुए एक मिनट तक भून लीजिए। 

सब्जियों के हल्का सा भुन जाने पर इसमें 1 कप स्वीट कॉर्न डाल कर एक मिनट चलाते हुए भून लीजिए। अब इसमें 1 कप भीगे हुए बासमती चावल डाल कर सब्जियों में अच्छे से मिला दीजिए। अब इसमें 2 कप पानी, 1 छोटी चम्मच नमक और 1 नींबू का रस डाल कर मिला दीजिए। अब इस बर्तन को ढ़क कर 5 मिनट तक चावल को मिडियम आंच पर पकने दीजिए। 


5 मिनट बाद चावल में हल्का सा उबाल आ जाने पर आंच को धीमा कर दीजिए और चावल को एक बार ओर चला कर 4 से 5 मिनट और ढ़क कर पकने दीजिए। 5 मिनट बाद आंच को बंद कर दीजिए और चावल को ढ़क कर 10-15 मिनट के लिए ठंडा होने रख कर दीजिए।

15 मिनट बाद चावल को सर्व करने के लिए एक बर्तन में निकाल लीजिए। स्वीट कॉर्न पुलाव बन कर तैयार है आप इसे किसी भी सब्जी के साथ या फिर इसे भी खा सकते हैं। इतना पुलाव परिवार के दो-तीन सदस्यों के लिए काफी है। 

सुझाव 

आप अपने स्वादानुसार कोई भी सब्जी ले सकते हैं।

Wednesday, 13 December 2023

वेज तवा पुलाव - मुम्बई का फेमस स्ट्रीट फूड Mumbai Style Instant Tawa pulao recipe

 

पुलाव भारतीय घरों में सबसे ज़्यादा बनने वाली डिश होती है.  इसको बनाने के कई तरीके भी होते हैं और भारत के कई कोनों में ये अलग-अलग स्वाद और तरीके से मशहूर है.  आज हम मुम्बई का मशहूर स्ट्रीट फूड तवा पुलाव बनाने जा रहे हैं.  इसे एक खास स्वाद देंगे मैगी के मसाल-ए-मैजिक से.  यह बनाने में बहुत ही आसान है और झटपट बनकर तैयार हो जाएगा.  इसका स्वाद भी बेहद लाजवाब होगा, इतना की आप इसे बार-बार बनाना पसंद करेंगे.

 

वेज तवा पुलाव के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for  Veg Tawa Rice

 

बासमती चावल - Rice - 1 कप (200 ग्राम)

तेल - Oil - 1 छोटा चम्मच

नमक - Salt - 1 छोटा चम्मच

तेल - Oil - 2 बड़े चम्मच

मक्खन - Butter - 1 बड़े चम्मच

अदरक - Ginger - 1/2 इंच बारीक कटी हुई

हरी मिर्च - Green Chilli - 2

गाजर - Carrots - 1/4 कप

शिमला मिर्च - Capsicum - 1/4 कप

बीन्स - Beans - 8-10

टमाटर - Tomato - 3 (250 ग्राम)

नमक - Salt 1/2 छोटे चम्मच

मटर - Peas - 1/4 कप

आलू - Potato - 2 उबले हुए (200 ग्राम)

लाल मिर्च - Red Chilli Powder - 1 छोटे चम्मच

टमाटर सॉस - Tomato Sauce - 2 बड़े चम्मच

 

चावल पकाने की विधि Process of cooking Rice

 

एक पतीले में 4 कप पानी, 1 छोटी चम्मच नमक और 1 छोटी चम्मच तेल (इससे चावल चिपकेंगे नहीं और खिले-खिले बनेंगे) डाल कर उबाल आने तक पकाएं.  उबाल आने पर इसमें डालिए 1 कप चावल (इन्हें धो कर 20 मिनट पानी में भिगो लीजिए).  अब 5 मिनट के लिए ढक कर चावल पकाएं, याद रखिए ढक्कन पूरा नहीं ढकना है थोड़ा सा खुला रखना है.

 

समय पूरा होने पर इन्हें देखिए अगर पके ना हों तो एक बार चला कर वापस से 2 मिनट के लिए ढाक दीजिए.  अब इन्हें वापस से देखिए, अगर अच्छे से दब रहे हैं तो फ्लेम बंद करके इन्हें छान लीजिए.  चावल को अच्छी तरह से छानने के बाद एक ट्रे में फैलाएं ताकी ये जल्दी से ठंडे हो जाएं और भाप से और पके ना.

 

पुलाव के लिए मसाला और सब्जी बनाने की विधि Process of making Masala and Sabzi for Pulao

 

क्योंकी हमारे घरों में इतना बड़ा तवा नहीं होता है तो एक प्लेन तले वाली कढ़ाही में 2 बड़े चम्मच तेल और 1 बड़े चम्मच मक्खन डाल कर उन्हें गरम करिए.  गरम हो जाने के बाद बारीक कटा हुआ ½ इंच अदरक का टुकड़ा और 2 बारीक कटे हुए हरी मिर्च डाल कर इन्हें हल्का सा भूनिए.

 

अब इसमें ¼ कप छोटी कटी गाजर, ¼ कप बारीक कटे हुए शिमला मिर्च, 8-10 बीन्स छोटी काट कर, 3 टमाटर बारीके कटे हुए बीज हटा कर और ¼ छोटी चम्मच नमक डाल कर तेज़ फ्लेम पर 2 मिनट ढक कर पका लीजिए.  समय पूरा होने पर पके हुए टमाटर मैश करके इसमें ¼ कप उबाले हुए मटर और 2 उबले हुए आलू छोटा काट कर डालिए.  अब मैशर से इन्हें मैश करते हुए पकाएं, याद रखिए बहुत ज़्यादा मैश नहीं करना है बस हल्का सा इन्हें बारीक करना है.

 

अब इसमें 1 छोटी चम्मच कशमीरी लाल मिर्च और 2 बड़े चम्मच टोमेटो सौस डाल अच्छे से मिलाएं.  अब इसमें मैगी मसाला-ए-मैजिक का एक सैशे डाल कर इसे अच्छे से मिला कर इसमें चावल डाल दीजिए और हल्के हाथ से इन्हें मिलाइए.  थोड़ा सा हरा धनिया डाल कर चावल पर मसाले का अच्छा सा कोट आने तक इन्हें अच्छे से हल्के हाथ से मिलाते रहिए.  अच्छे से मिल जाने के बाद तवा पुलाव बनकर तैयार हो जाएगा, इसे परोसिये और इसके स्वाद का आनंद लीजिए.

 

सुझाव Suggestions

 

चावल को पका कर ठंडा करके ही सब्जी में डालना है नहीं तो ये चिपक जाएँगे.

Tuesday, 12 December 2023

वेज फ्राइड राइस, जो मिनटों में बने Restaurant Style Veg Fried Rice Recipe

 

कभी-कभी ऐसा होता है की कुछ अच्छा और चटपटा खाने का मन होता है, लेकिन ज़्यादा मेहनत करके कुछ बनाने का मन नहीं करता.  इसलिए इस चटपटी सी चाहत को पूरा करने के लिए आज हम बनाने जा रहे हैं वेज फ्राइड राइस.  ये बहुत ही आसान विधि से बनकर तैयार हो जाएँगे, साथ ही इसमें एक ट्विस्ट देंगे मैगी मसाला-ए-मैजिक के साथ.

 

वेज फ्राइड राइस के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Veg Fried Rice

 

बासमती चावल - Basmati Rice - 1 कप (200 ग्राम)

नमक - Salt - 1.5 छोटी चम्मच

तेल - Oil - 2 बड़े चम्मच (चावल फ्राइ करने के लिए) + 1 छोटी चम्मच (चावल उबालने के लिए)

अदरक - Ginger - 1 छोटी चम्मच, ग्रेट किए हुए

हरी मिर्च - Green Chilli - 2, बारीक कटी हुई

गाजर - Carrot - 1/2 कप, कटी हुई

फलियां - Beans - 1/4 कप, कटी हुई

पत्तागोभी - Cabbage - 1/4 कप, कटी हुई

हरी शिमलामिर्च - Green Capsicum - 1/2 कप, कटी हुई

पीली शिमलामिर्च - Yellow Capsicum - 1/2 कप, कटी हुई

हरी मिर्च सॉस - Green Chilli Sauce - 1 छोटी चम्मच

सोया सॉस - Soya Sauce - 1/2 छोटी चम्मच

सिरका - Vinegar - 1.5 छोटि चम्मच

हरा धनिया - Coriander Leaves - 2 छोटी चम्मच

मैगी मसाला-ए-मैजिक - Maggi Masala-e-Magic - 1 सैशे

चावल उबालने की विधि Process of boiling rice

 

पतीले में 3-4 कप पानी डाल कर उबालिए.  उबाल आने पर इसमें 1 कप बासमती चावल धो 20 मिनट पानी में भिगो कर डालिए.  फिर इसमें 1 छोटी चम्मच तेल और 1 छोटी चम्म्च नमक डाल कर इन्हें ढक कर (पूरा नहीं ढकना है थोड़ा सा खुला छोड़ना है) 5 मिनट के लिए पकाएं.  समय पूरा होने पर इन्हें देख लीजिए, अगर नहीं बने हों तो 2 मिनट के लिए इन्हें वापस से ढक कर पकाएं.

 

समय पूरा होने पर इसे देखिए, बन जाने पर इन्हें छलनी से छान लीजिए.  इसका माड़ निकाल कर छलनी को दूसरे बाउल पर रख कर चावल को थोड़ा फैला लीजिए ताकी इसकी भाप निकल जाएं.  ऐसे इन्हें ठंडा होने रख दीजिए.

 

वेज फ्राइड राइस बनाने की विधि Process of making Veg Fried Rice

 

चावल के ठंडा होने पर कढ़ाही में 2 बड़े चम्मच तेल डाल कर चारों ओर कढ़ाही घुमा कर फैला कर गरम कीजिए.  गरम होने पर फ्लेम धीमी करके इसमें 1 छोटी चम्मच ग्रेटेड अदरक, 2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च, ½ कप बारीक कटी हुई गाजर, ¼ कप कटे हुए बीन्स, ¼ कप बारीक कटी हुई पत्तागोभी, ½ कप बारीक कटी हुई हरी शिमला मिर्च, ½ कप बारीक कटी हुई पीली शिमला मिर्च और ½ छोटी चम्मच नमक डालिए.  अब इन्हें तेज़ फ्लेम पर 2 मिनट तक लगातार चलाते हुए भूनिए.

 

समय पूरा होने पर इसमें 1 छोटी चम्मच हरी मिर्च सॉस डाल कर अच्छे से मिलाएं.  अच्छे से मिलाने के बाद इसमें 1 सैशे मैगी मसाला-ए-मैजिक डाल कर अच्छे से मिलाएं.  मिलाने के बाद इसमें उबाले हुए चावल, ½ छोटी चम्मच सोया सॉस और 1.5 छोटी चम्मच सफेद सिरका डाल कर हल्के हाथ से मिलाएं.

 

पूरी तरह मिलाने के बाद इसमें 2 छोटी चम्मच हरा धनिया डाल कर मिलाएं.  इस तरह वेज फ्राइड राइस बनकर तैयार हो जाएँगे.  इन्हें परोसिए और इनके स्वाद का आनंद लीजिए.

 

सुझाव Suggestions

 

चावल को ज़्यादा नहीं पकाना है.

सब्जियों को लगातार चलाते हुए तेज़ फ्लेम पर भूनिए.

चावल सब्जियों में मिलाते वक्त हल्के हाथ से मिलाएं.