Thursday, 30 November 2023

Soya Chunks Pulao Recipe सोया चंक्स पुलाव

 सोया चंक्स (Soybean Granules) प्रोटीन और फाइबर से भरे हुये बहुत ही स्वादिष्ट होते है और चावल  हमें भरपूर कार्बोहाइड्रेट देते हैं. सोया चंक्स और चावल का पुलाव (Soya Wadi Pulao) एक पूर्ण पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन है जो आप सब को बहुत पसन्द आयेगा.

आवश्यक सामग्री -  Ingredients for Soya Chunks Pulao

  • बासमती चावल - 200 ग्राम (एक कप)
  • सोया चंक्स - एक कप
  • घी - 2 टेबल स्पून
  • जीरा - 1 छोटी चम्मच
  • हल्दी पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच (यदि आप चाहें)
  • अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा
  • काली मिर्च - 10-12
  • लोंग - 4-5
  • दाल चीनी - एक टुकड़ा
  • बड़ी इलाइची - 2-3
  • नमक - स्वादानुसार ( 1 छोटी चम्मच)
  • नीबू - 1
  • हरा धनियां - 1 टेबल स्पून (कतरा हुआ

विधि - How to make Soya Chunks Pulao
चावल को साफ कीजिये, धोइये और आधा घंटे के लिये पानी में भिगो दीजिये.

किसी बर्तन में 2 कप पानी गरम करने रखिये, एक चौथाई छोटी चम्मच नमक डालिये, पानी में उबाल आने पर सोया चंक्स पानी में डाल दीजिये आग बन्द कर दीजिये, बर्तन को प्लेट से ढककर 20 मिनिट के लिये रख दीजिये.

काली मिर्च, लोंग, दालचीनी और बड़ी इलाइची को छील कर दरदरा कूट लीजिये. अदरक को छीलिये, धोइये और पतला लम्बा लम्बा काट लीजिये.

कुकर में पुलाव बना रहे हैं तब कुकर में घी डालिये, घी गरम होने पर, जीरा डालिये, भूनिये (आग धीमी रखिये), जीरा भुनने के बाद, कुटा हुआ मसाला, कतरा हुआ अदरक, हल्दी पाउडर डालकर थोड़ा सा भूनिये.

पानी से सोया चंक्स निकालिये और भुने मसाले में डालकर मिलाइये.  चावल से भी पानी हटाइये और मसाले में मिला दीजिये और चमचे से चलाते हुये 2-3 मिनिट तक भून लीजिय

भुने हुये चावल में चावल की मात्रा से दुगना पानी ( 2 कप ) डालिये, नमक और नीबू का रस भी निकाल कर मिला दीजिये.

कुकर का ढक्कन बन्द कर दीजिये, 1 सीटी आने तक पुलाव को पकने दीजिये. आग बन्द कर दीजिये, कुकर के ढक्कन की सीटी ऊपर करके आधा प्रेसर निकाल दीजिये (सारा प्रेसर खतम होने तक चावल ज्यादा पक जाते हैं). कुकर में बचा हुआ प्रेसर खतम होने के बाद कुकर का ढक्कन हटाइये और पुलाव थोड़ा ठंडा होने दीजिये. सोया चंक्स पुलाव बन गया है.

How to make Soya Chunks Pulao in Microwave
सोया चंक्स पुलाव आप माइक्रोवेव में बनाना चाहते हैं तब चावल भूनने तक का काम किसी कढ़ाई में ही करना होगा.  अब माइक्रोवेव में पकाने वाला प्याला लीजिये और मसाले में भुने सोया चंक्स, चावल इस प्याले में डालिये, चावल की मात्रा का दुगना पानी (2 कप पानी) मिला दीजिये. नीबू का रस भी मिला दीजिये.  प्याले को ढकिये और माइक्रोवेव में रख कर 10 -11 मिनिट के लिये सैट कर दीजिये.  माइक्रोवेव बन्द होने के बाद पुलाव को 5 मिनिट तक माइक्रोवेव के अन्दर ही रहने दीजिये.

सोया चंक्स पुलाव (Soya Wadi Pulao)  तैयार है, पुलाव को माइक्रोवेव से निकालिये और ढक्कन खोल कर 2 मिनिट तक रखिये ताकि चावल से तेज भाप निकल जाय, चावल को कलछी से मिला दीजिये.

गरमा गरम सोया चंक्स पुलाव, दही, चटनी या अचार के साथ परोसिये और खाइये.

सुझाव: सोया चंक्स पुलाव (Soya Wadi Pulao)  में आप अपने मन पसन्द सब्जियां मटर, गाजर, बीन्स इत्यादि डाल सकते हैं. सब्जी धोइये, बारीक काटिये और सोया चंक्स के साथ घी में डालकर भून लीजिये और अब चावल पानी डालकर, सोया चंक्स पुलाव तैयार कर लीजिये.

Wednesday, 29 November 2023

जीरा चावल - Jeera Rice Recipe - Zeera Rice Recipe

 थोडे से साबुत मसाले और जीरे के फ्लेवर से बने जीरा चावल या जीरा पुलाव आसानी से बन जाने वाला पुलाव है. इसे चाहे तो दाल, सब्जी या करी के साथ या सिर्फ अचार के साथ परोसिये. ये हर तरह से स्वादिष्ट लगते हैं.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Jeera Pulao

  •  बासमती चावल - 1 कप
  • घी या तेल - 2 -3 टेबल चम्मच
  • हरा धनियां - 2-3 टेबल चम्मच, बारीक कटा हुआ
  • जीरा - 1 छोटी चम्मच ऊपर तक भरी हुई
  • नीबू - 1
  • साबुत मसाले - 1 बड़ी इलाइची, 4 लोंग, 7-8 काली मिर्च और 1 इंच दाल चीनी का टुकड़ा
  • नमक - 1 छोटी चम्मच (स्वादानुसार)

विधि -How to Make Jeera Rice

चावल को साफ कीजिये और धोकर 1/ 2 घंटे के लिये पानी में भिगो दीजिये. आधा घंटे बाद चावल से अतिरिक्त पानी निकाल कर हटा दीजिये.

किसी बर्तन में घी डालकर गर्म कीजिये, घी गर्म होने पर जीरा डालकर हल्का सा भूनिये (जीरा काला नहीं होना चाहिये), साबुत मसाले, दाल चीनी, काली मिर्च, लोंग और इलाइची भी डाल दीजिये और हल्का सा भून लीजिये, अब भीगे हुये चावल डाल दीजिये.

चावलों को मसाले में मिलाते हुये और चमचे से लगातार चलाते हुये 2 मिनिट भून लीजिये. अब 2 कप पानी डाल दीजिये, नमक भी डाल दीजिये और नीबू का रस निचोड़ कर चावलों में डाल दीजिये (नीबू का रस डालने से चावल का कलर और स्वाद अच्छा आता है), अच्छी तरह मिला दीजिये,  चावलों को धींमी आग पर 5 मिनिट तक पकने दीजिये, 5 मिनिट बाद चावलों को खोलिये और चैक कीजिये, चावलों को अच्छी तरह चला दीजिये.


चावलों को वापस ढककर फिर से 5 मिनिट धीमी आग पर पकने दीजिये, खोलिये और चावल को चैक कीजिये, चावल पूरी तरह से नहीं पके हैं, अभी चावल में पानी दिख रहा है, चावलों को चला दीजिये और ढककर फिर से 3-4 मिनिट पकने दीजिये, चावल चैक कीजिये चावल में पानी खतम हो गया हैं, चावल नरम और लम्बे हो गये हैं, चावल बन चुके हैं. गैस बन्द कर दीजिये.

चावल को ढककर 10-15 मिनिट उसी बर्तन में रहने दीजिये. 15 मिनिट बाद खिले खिले जीरा राइस तैयार हैं, जीरा राइस के ऊपर हरे धनिये डालकर गार्निस कर दीजिये, परोसिये और खाइये.

सुझाव:
चावल को तेज आग पर बनायें तो पानी भाप बनकर उड जाने के कारण चावल इतने पानी में अच्छी तरह से नहीं पकेंगे. धीमी आग पर ही चावल को पकाना है.

  • 3-4 सदस्यों के लिये
  • समय - 25 मिनिट

Tuesday, 28 November 2023

दलिया पुलाव - Vegetable Dalia Pulao recipe - Broken Wheat with Vegetable recipe

दलिया पुलाव एक बहुत ही पौष्टिक और पाचक खाना है.  कुछ हल्का खाना खाने का मन है, तो बनाइये दलिया पुलाव आपके घर के बड़े और छोटे बच्चे सभी पसन्द करेंगे, तो आइये आज हम दलिया पुलाव (Broken Wheat Dalia Pulav ) बनायें.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Broken Wheat with Vegetable recipe

  • दलिया - 1 कप
  • फूल गोभी - 1/2 कप (बारीक कटी हुई )
  • गाजर - 1 (पतली-पतली कटी हुई )
  • शिमला मिर्च - 1 (छोटी छोटी कटी)
  • टमाटर - 2
  • हरी मटर के दाने- 1/2 कप
  • घी/ तेल - 2 टेबल स्पून
  • नमक- 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • जीरा - 1/2 छोटी चम्मच
  • हींग - 1 पिंच
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई )
  • अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा (छोटा-छोटा काटा हुआ)
  • हरा धनिया - 1 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ )

विधि - How to make Broken Wheat with Vegetable recipe

दलिया भूनिए
पैन में आधा-पौना छोटी चम्मच घी डालकर गरम कीजिए. घी के पिघलते ही, इसमें दलिया डाल दीजिए और दलिया को लगातार चलाते हुए हल्का ब्राउन होने तक मध्यम आंच पर भून लीजिए.

सादा दलिया बनाइए
कुकर में दलिया और 3 कप पानी डाल दीजिए और दलिया को 1 सीटी आने तक पकने दीजिए. इसी बीच, टमाटर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए.

1 सीटी आने के बाद, गैस बंद कर दीजिए और कुकर का प्रैशर अपने आप खत्म होने दीजिए. प्रैशर खत्म होने के बाद, कुकर खोलकर दलिया को एक बड़े प्याले में निकाल लीजिए और दलिया को ठंडा होने दीजिए.

मसाले और सब्जियां भूनिए
कड़ाही गैस पर रखकर गरम कीजिए और इसमें बचा हुआ घी डाल दीजिए. घी गरम होने पर जीरा और हींग डाल दीजिए. जीरा के चटखने के बाद मटर, हरी मिर्च और अदरक डालकर 1 मिनिट तक भून लीजिए. फिर, गाजर डालकर 1 मिनिट भून लीजिए और इसके बाद, फूलगोभी डालकर भी 1 मिनिट और शिमला मिर्च डालकर भी 1 मिनिट और भून लीजिए. बाद में, टमाटर, हरा धनिया और नमक डाल दीजिए. सारी सामग्रियों को मिक्स करके 2 मिनिट पका लीजिए.

दलिया मिक्स कीजिए
सब्जियों के क्रन्ची होने के बाद, कड़ाही में दलिया डाल दीजिए और दलिया को अच्छे से चलाते हुए सब्जियों में मिक्स कीजिए. दलिया पुलाव तैयार है, इसे एक प्याले में निकाल लीजिए.

स्वादिष्ट और पौष्टिक दलिया पुलाव को चटनी या दही के साथ सर्व कीजिए और सेहत बढ़ाइए.

सुझाव

  • सब्जियों को ज़्यादा नरम ना करें, इन्हें क्रन्ची ही रखें.

Monday, 27 November 2023

दलिया (Dalia Recipe – Daliya Recipe)

 

दलिया खाने में स्वादिष्ट लेकिन बनाने में बड़ा आसानी से बनने वाला भोजन है. बच्चे और बड़े सभी के लिये पौष्टिक है. यह बहुत जल्द पचने वाला आहार है, इसीलिये अस्वस्थ्य लोगों के लिये दलिया बनाकर मूंगदाल या दूध के साथ दिया जाता है. छोटे बच्चे की मां को अगर दूध कम हो रहा है, तो दूध दलिया खाने से मां का दूध भी बड़ जाता है. आइये आज हम यह पौष्टिक दलिया बनाते हैं.

आवश्यक सामग्री - Ingredienst for Daliya- Dalia

  • गेंहू का दलिया - 200 ग्राम(एक कप)
  • घी या मक्खन - 2 छोटी चम्मच
  • पानी - चार कप

दलिया को आप दाल, दूध, दही या किसी भी सब्जी जो आपकी मनपसन्द है के साथ खाइये और परोसिये.

दलिया का पुलाव बनाने के लिये हम यही दलिया पहले बनायेंगे.

विधि - How to make Daliya

दलिया के पैकेट बाजार में किराने की दुकानों से मिल जाते हैं.  दलिया को पैकेट से किसी थाली में निकालिये, देख लीजिये उसमें कोई मिट्टी इत्यादि न हो, छिलके तिनके जो भी हो निकाल कर साफ कर दीजिये.

कुकर को गरम करने रखिये, घी या मक्खन कुकर में डाल दीजिये,  घी पिघलने पर, दलिया डालिये और चमचे से चला चला कर हल्का गुलाबी होने तक भूनिये. दलिया भूनने के बाद, दलिया की मात्रा का चार गुना पानी इस भुने दलिया में डाल दीजिये, कुकर बन्द कर दीजिये.

Sunday, 26 November 2023

दलिया की बर्फी – Dalia Burfi – Broken Wheat Burfi Recipe

 

दलिया की बर्फी बहुत स्वादिष्ट बनती है. आप दलिया की बर्फी (Broken Wheat Burfi) किसी त्योहार पर बना कर मेहमानों को खिला सकती हैं. आइये आज दलिया की बर्फी (Daliya Burfi) बनाते हैं.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Dalia Burfi

  • गेहूं का दलिया - 100 ग्राम (आधा कप)
  • दूध - 300 ग्राम (1 1/2 कप)
  • घी - 100 ग्राम (आधा कप)
  • मावा - 200 (एक कप)
  • चीनी - 200 (एक कप) पिसी हुई
  • काजू - 15-20 (6-7 टुकड़े करते हुये काट लीजिये)
  • चिरोंजी - एक टेबल स्पून
  • छोटी इलाइची - 6-7
  • पिस्ते - 10-12 (बारीक कतर लीजिये)

विधि - How to make Dalia Burfi

दलिया को थाली में निकालिये और फटक बीन कर साफ कर लीजिये.
कढ़ाई में 2 छोटी चम्मच घी डालिये और दलिया को बिलकुल हल्का ब्राउन होने तक भून लीजिये. दलिया को दूध में डाल कर उबाल लीजिये. (कुकर में दूध और दलिया डाल कर एक सीटी लगा लीजिये)

कढ़ाई में एक टेबल स्पून घी डालिये, दलिया डालिये और भूनिये, एक टेबल स्पून घी और डाल कर दलिया को गुलाबी होने तक भून लीजिये.

मावा को अलग से हल्का गुलाबी होने तक भून लीजिये, अब मावा में चीनी मिलाकर चीनी के पिघलने तक अच्छी तरह भून लीजिये.  भुने हुये मावा चीनी में भुना हुआ दलिया, कतरे हुये काजू और चिरोंजी मिलाकर 2-3 मिनिट चमचे से लगातार चलाते हुये भूनिये. आग बन्द कर दीजिये और मिश्रण में इलाइची पाउडर भी मिला दीजिये.

किसी ट्रे या थाली में थोड़ा सा घी चुपड़िये. मिश्रण को थाली में डाल कर एक सा करिये.  ऊपर से बारीक कटे हुये पिस्ता डाल कर कलछी या चमचे हल्का सा दबा दीजिये.  1 घंटे में ये बर्फी जमकर तैयार हो जायेगी.  अब आप चाकू की सहायता से अपने मन पसन्द आकार के बर्फी के टुकड़े काट लीजिये.

दलिया की स्वादिष्ट बर्फी (Broken Wheat Burfi) तैयार है. बर्फी को एअर टाइट कन्टेनर में भर कर रखिये. आप ये दलिया बर्फी 10 दिन तक फ्रिज में रख कर खा सकते हैं.

Saturday, 25 November 2023

मूंग की दाल और दलिया (Moong Dal Dalia Recipe)

 

मूंग की दाल और दलिया  (Moong Dal Dalia) स्वादिष्ट होने के साथ साथ बहुत ही पौष्टिक भोजन है, मूंग की दाल दलिया (Dalia with dal) बच्चों के लिये सप्ताह में 1 बार अवश्य बनाईये.  ये उनके लिये बहुत अच्छा खाना है.  आप जब पेट कुछ भारी महसूस करें तब मूंग की दाल और दलिया  (Moong Dal Dalia) बनाकर खायें आप अच्छा महसूस करेंगे.

दलिया के लिये आवश्यक सामग्री - Ingredients for Dalia

  • दलिया - 1 कप
  • घी - 1 छोटी चम्मच

दाल के लिये आवश्यक सामग्री - Ingredients for  Moong Dal

  • मूंग की दाल - 1 कप
  • टमाटर - 2-3
  • अदरक - 1 इंच टुकड़ा
  • हरी मिर्च - 1
  • घी - 1-2 टेबल स्पून
  • जीरा - आधा छोटी चम्मच
  • हींग - 1-2 पिंच
  • हल्दी पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
  • धनियां पाउडर - 1 छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच से कम
  • नमक - स्वादानुसार (1 छोटी चम्मच)
  • गरम मसाला - 1/4 छोटी चम्मच से कम
  • हरा धनियां - 2 टेबल स्पून बारीक कटा हुआ

विधि: - How to make Moong Dal Dalia

दाल को धोकर कुकर में 2 कप पानी और आधा छोटी चम्मच नमक के साथ गैस पर रखिये और एक सीटी आने तक उबाल लीजिये.

जब तक कुकर का प्रेशर खतम होता है ,तब तक दाल के लिये मसाला तैयार कर लेते हैं, टमाटर को धोइये और छोटा छोटा काट लीजिये, अदरक को छीलिये, धोइये और कद्दूकस कर लीजिये, हरी मिर्च को धो कर, डंठल तोड़कर छोटी छोटी काट लीजिये.
कढ़ाई गरम होने के लिये गैस पर रखिये, घी डालिये और घी गरम होने पर हींग जीरा डालिये, जीरा हल्का ब्राउन होने पर हल्दी पाउडर, धनियां पाउडर और कटे हुये टमाटर डालिये, मसाले को मिलाइये. 2 मिनिट के लिये ढककर टमाटर को नरम होने तक पकने दीजिये, लाल मिर्च डालिये और मसाले को तब तक भूनिये जब तक मसाले से घी अलग न होने लगे. मसाला भुन कर तैयार हो गया है.

कुकर खोलिये, दाल पक गई है, पकी हुई दाल मसाले में डाल कर मिला दीजिये, दाल आप जितनी पतली खाना चाहते हों उसके हिसाब से 1 -2 कप पानी मिला दीजिये, बचा हुआ आधा छोटी चम्मच नमक भी मिला दीजिये. दाल को ढकिये, उबाल आने के बाद 2 मिनिट और पकाइये. दाल बन गई है, गैस बन्द कर दीजिये, मूंग की दाल में गरम मसाला और हरा धनियां डाल कर मिला दीजिये.
मूंग की दाल तैयार है, दाल को प्याले में निकाल लीजिये.

दलिया बनाइये - How to cook Dalia for Moong Dal Dalia

दलिया को थाली में निकाल कर, बीन फटक कर साफ कर लीजिये.
कुकर में घी डाल कर गरम कीजिये, गरम घी में दलिया डालिये और हल्का भूरा होने तक चमचे से लगातार चलाते हुये,मध्यम आग पर भून लीजिये.

दलिया भुन जाने पर, गैस बन्द कर दीजिये.
भुने दलिया में 3 कप पानी डालकर मिलाइये, कुकर बन्द कर दीजिये.  गैस फिर से ओन कर दीजिये और एक सीटी आने तक दलिया को पकने दीजिये, गैस बन्द का दीजिये.

कुकर का प्रेशर खतम होने पर कुकर खोलिये, दलिया बन कर तैयार है.  दलिया को प्याले में निकाल लीजिये.
स्वादिष्ट गरमा गरम मूंग की दाल और मोती के दाने जैसा चमकता दलिया (Moong Dal Dalia) परोसिये और खाइये.

Friday, 24 November 2023

लापसी - Laapsi Recipe - Rajasthani Laapsi recipe

 लापसी दलिया से बनने वाली राजस्थान और गुजरात की पारम्परिक डिश है, लापसी को किसी खास अवसर और पूजा के अवसर पर बनाया जाता है, बहुत ही स्वादिष्ट होती है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Laapsi

  • दलिया - 1 कप
  • चीनी - 3/4 कप
  • घी - 1/2 कप
  • किशमिश - 2 टेबल स्पून
  • काजू - 2 टेबल स्पून
  • इलायची - 5-6

विधि - How To Make Laapsi

कुकर को गरम करने रखिये, कुकर में घी डाल दीजिये, घी पिघलने पर, दलिया डालिये और चमचे से लगातर चलाते हुए हल्का ब्राउन होने तक भून लीजिए.

दलिया भूनने के बाद, दलिया में 3½ कप पानी डालकर कुकर बन्द कर दीजिये. कुकर में एक सीटी आने के बाद गैस बंद कर दीजिए. कुकर का प्रेशर खत्म होने के बाद इसे खोलिये.काजू को छोटा-छोटा काट कर तैयार कर लीजिए और इलायची को छीलकर इसका पाउडर बना लीजिए. दलिया में चीनी डालिये और मिला दीजिये, कटे हुए काजू, किशमिश, इलायची का पाउडर और थोडा़ सा घी डाल कर सभी को अच्छे से मिलने तक मिला लीजिए, चीनी घुलने तक लापसी को पकने दीजिये.

लापसी बनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए. लापसी को प्याले में निकाल लीजिए और ऊपर से काजू डालकर इसे गार्निश कीजिए. स्वादिष्ट लापसी बनकर तैयार है, परोसिये और इसके स्वाद का आनंद लीजिए,
सुझाव:

  • लापसी के लिये ड्राई फ्रूट अपने पसन्द से कम ज्यादा लिये जा सकते हैं, जो ड्राई फ्रूट पसन्द हो वह अधिक ले सकते हैं और जो नहीं पसन्द हों उन्हैं हटाया जा सकता है.
  • चीनी अपनी पसन्द के अनुसार कम ज्यादा की जा सकती है.
  • लापसी को गुड़ से भी बनाया जा सकता है.
  • 4 सदस्यों के लिये
  • समय - 25 मिनिट

Thursday, 23 November 2023

दलिया मूंगदाल खिचड़ी - Daliya khichdi recipe - Dalia pulao with Moong Dal - Broken Wheat Khichdi

 

दलिया और मूंगदाल से बनी खिचड़ी काफी पौष्टिक एवं स्वादिष्ट होती है. मरीजों का आहार समझी जानी वाली इस खिचड़ी को विभिन्न तरीके से बनाकर आप छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक परोस सकते हैं.  आइए देखते हैं तीन प्रकार से तैयार करके सर्व होने वाली दलिया और मूंगदाल की खिचड़ी की रेसिपी.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Dalia pulao with Moong Dal

  • दलिया- 1/3 कप (50 ग्राम)
  • मूंगदाल- 1/3 कप (50 ग्राम) (धुली हुई)
  • घी- 1 टेबल स्पून
  • जीरा- ½ छोटी चम्मच
  • हींग- 1 पिंच
  • हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
  • नमक- 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि - How to make Daliya khichdi recipe

दलिया और मूंग की दाल की खिचड़ी बनाने के लिए सबसे पहले दलिया को कुकर में डालकर भून लीजिए. इसके लिए, गैस जलाकर कुकर गरम कीजिए और इसमें 1 छोटी चम्मच घी डाल दीजिए. घी के पिघलने पर कुकर में दलिया डाल दीजिए. दलिया को लगातार चलाते हुए रंग बदलने तक और अच्छी सी महक आने तक भून लीजिए.

दलिया के भुन जाते ही, कुकर में धुली हुई मूंग की दाल डाल दीजिए. इन दोनों को अच्छे से मिक्स कर लीजिए. इसके बाद, कुकर में 2.5 कप पानी डाल दीजिए. फिर, इसमें ½ छोटी चम्मच से थोड़ा सा ज्यादा नमक और हल्दी पाउडर डालकर मिला दीजिए. कुकर का ढक्कन बंद कर दीजिए और खिचड़ी को एक सीटी आने तक पकने दीजिए.

जैसे ही कुकर में सीटी आ जाए, वैसे ही गैस एकदम धीमी कर दीजिए और धीमी आंच पर खिचड़ी को 3 से 4 मिनिट तक पकने दीजिए. 4 मिनिट बाद, गैस बंद कर दीजिए और कुकर का सारा प्रैशर खत्म होने तक खिचड़ी को कुकर में ही रहने दीजिए.

कुकर का प्रैशर समाप्त होने के बाद, कुकर का ढक्कन खोलिए. खिचड़ी बनकर तैयार है, पर हल्की सी गाढ़ी है. इसमें ½ कप पानी डाल दीजिए और खिचड़ी को उबाल आने तक पका लीजिए. इसके बाद, गैस बंद कर दीजिए. यह खिचड़ी छोटे बच्चे के लिए तैयार हो गई है.


शिशुओं के लिए खिचड़ी
तैयार खिचड़ी को छोटे से प्याले में निकाल लीजिए. 6 माह से ऊपर के बच्चों को सोलिड खाना देना शुरू कर दिया जाता है. इन शिशुओं के लिए यह बहुत ही अच्छा आहार है क्योंकि इसमें सिर्फ नमक और हल्दी का प्रयोग हुआ है. शिशुओं के लिए और किसी मसाले का उपयोग करने की आवश्यकता नही है, बस थोड़ा सा घी डालकर खिचड़ी में मिक्स कर दीजिए.

बुजुर्गों और मरीजों के लिए खिचड़ी
बची हुई खिचड़ी को एक प्याले में निकाल लीजिए और इसमें तड़का लगा लीजिए. तड़के के लिए पैन गरम कर लीजिए. पैन में 1 से 2 छोटी चम्मच घी डाल दीजिए. घी में जीरा डाल दीजिए और गैस धीमी कर दीजिए. जीरा के चटखने के बाद, इसमें हींग डालकर हल्का सा भुनने दीजिए. तड़का तैयार है.
इस तड़के को खिचड़ी के ऊपर डाल दीजिए और मिक्स कर दीजिए. यह खिचड़ी बुजुर्गों और मरीजों के लिए तैयार है.

बच्चों और व्यस्कों के लिए खिचड़ी
बच्चों और व्यस्कों के लिए खिचड़ी थोड़ी सी स्वादिष्ट और मसालेदार बनाई जा सकती है. इसके लिए, सब्जियों को क्रन्ची भूनकर खिचड़ी में मिक्स कर सकते है.

इसके लिए, गैस पर एक पैन गरम कीजिए और इसमें 1 से 2 छोटी चम्मच घी डाल दीजिए. खिचड़ी में हींग तथा जीरा तो पहले से पड़ा हुआ है. अब, पैन में 1 बारीक कटी हुई हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक (1 इंच से कम टुकड़ा) डालकर जरा सा भून लीजिए. फिर, पैन में 1/2 कप हरे मटर के दाने और ¼ कप बारीक कटी शिमला मिर्च डालकर थोड़ी देर भून लीजिए और 1 मिनिट तक ढककर पका लीजिए ताकि मटर के दाने हल्के से नरम हो जाएं.

1 मिनिट बाद, सब्जियां चैक कीजिए. इन्हें एकदम नरम नही कीजिए, हल्का सा क्रन्ची रखिए. इसके बाद, पैन में 1 बारीक कटा टमाटर और ¼ छोटी चम्मच नमक डालकर मिक्स कर दीजिए. फिर, सब्जियों में खिचड़ी और थोड़ा सा बारीक कटा हरा धनिया डालकर सभी सामग्रियों को अच्छे से मिला दीजिए. सब्जियों वाली खिचड़ी बनकर तैयार है. इसे एक प्याले में निकाल लीजिए और खिचड़ी में थोड़ा सा घी डालकर गार्निश कर लीजिए.

दलिया और मूंग की दाल की खिचड़ी बनकर तैयार है. इस स्वादिष्ट और पौष्टिक खिचड़ी को घर के सभी सदस्य खा सकते हैं. खिचड़ी को अलग-अलग वर्गों के लिए तैयार किया गया है. बिना मसाले वाली शिशुओं के लिए, हल्के से तड़के के साथ बुजुर्गों और मरीजों के लिए और सब्जियों के साथ मसालेदार खिचड़ी घर के बाकी सदस्यों जैसे कि युवा वर्ग और व्यस्कों के लिए.

स्वाद और पौष्टिकता से भरपूर दलिया मूंगदाल खिचड़ी को आप दही, पापड़, चटनी और अचार के साथ परोसिए और चाव से खाइए.

सुझाव

  • मूंग की दाल को पानी से अच्छे से धोकर लें.
  • खिचड़ी बनाने के लिए घी की जगह बटर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
  • घी खिचड़ी के स्वाद को तो बढ़ाता ही है, साथ ही साथ यह बच्चों के लिए पौष्टिक भी होता है.
  • आप अपने स्वादानुसार घी की मात्रा कम या ज़्यादा रख सकते हैं.
  • अगर बच्चे बिल्कुल भी तीखा पसंद न करते हो, तो हरी मिर्च और अदरक का इस्तेमाल ना करें.

Wednesday, 22 November 2023

दलिया वेज उपमा । Dalia Upma । Broken Wheat upma | Cracked wheat Upma

 

ढेर सारी वेजिटेबल से बने दलिया उपमा की  रेसिपी आपके स्वाद को तो बढा़ती ही है. साथ ही साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होती है. 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Dalia Upma recipe

  • दलिया - ½ कप
  • गाजर - ¼ कप (बारीक कटी हुई)
  • शिमला मिर्च - ¼ कप (बारीक कटी हुई)
  • फ्रेन्च बीन्स - ¼ कप (बारीक कटी हुई)
  • फूल गोभी - ¼ कप (बारीक कटी हुई)
  • टमाटर - 1 (बारीक कटा हुआ)
  • हरा धनिया - 1-2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • तेल - 1 छोटी चम्मच
  • हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
  • अदरक - ½ इंच (बारीक कटा हुआ)
  • करी पत्ते - 8-10
  • काली सरसों के दाने - ¼ छोटी चम्मच
  • उड़द दाल - ½ छोटी चम्मच
  • मूंगफली के दाने - 1 टेबल स्पून
  • हल्दी पाउडर - ¼ छोटी चम्मच से कम
  • नमक - ½ छोटी चम्मच से थोड़ा सा ज्यादा या स्वादानुसार

विधि - How to make Dalia Upma

दलिया को पैन में डालकर गैस पर रखें, दलिया का हल्का सा कलर चेंज होने तक लगातार चलाते हुए भून लीजिए. दलिया का रंग बदलने और हल्की सी खूश्बू आने पर दलिया भून कर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए.  दलिया भूनने में 2-3 मिनिट का समय लग जाता है. भूने दलिया को प्लेट में निकाल लीजिए.

उपमा बनाने के लिए कुकर को गैस पर रख कर गरम करें. कुकर में 1 छोटी चम्मच तेल डाल कर गरम कीजिए. तेल के गरम होने पर इसमें सरसों के दाने डाल कर भूनें. दाने तड़क जाने पर इसमें ½ छोटी चम्मच उड़द दाल डाल कर हल्का गुलाबी होने तक भूनें, अब इसमें करी पत्ता, बारीक कटी हरी मिर्च, बारीक कटा अदरक का टुकड़ा, बारीक कटी हुई गाजर, बारीक कटी हुई शिमला, बारीक कटी बीन्स और बारीक कटी फूल गोभी डाल कर इसे लगातार चलाते हुए 1 मिनिट भून लीजिए. बारीक कटा टमाटर डाल कर मिक्स कर दीजिए. अब इसमें भूना हुआ दलिया और भूने मूंगफली के दाने डाल कर सभी चीजों को अच्छे से मिलाते हुए मिक्स कर दीजिए.

Upma Daliya Upma recipe

अब दलिया में सवा कप पानी, हल्दी  पाउडर और नमक डाल कर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर दिजिए.  कुकर को ढक्कन लगा कर बंद कर दीजिए और 1 सीटी आने तक पकने दीजिए. 1 सीटी आने के बाद गैस बंद कर दीजिए और कुकर का प्रैशर खत्म होने के बाद कुकर को खोलिए.

प्रैशर खत्म होने पर कुकर को खोलिए और दलिया को एक बार मिक्स कर दीजिए और 5-10 मिनिट कुकर को आधा ढक कर रखें इसके बाद दलिया सर्व कीजिए.

5 मिनिट बाद दलिया में बारीक कटा हुआ हरा धनिया डाल कर मिला दीजिए. दलिया उपमा तैयार है इसे प्याले में निकाल लीजिए. इसके ऊपर थोडा़ सा हरा धनिया डाल कर इसे गार्निश कर दीजिए. आप इसमें कद्दूकस किया नारियल डाल कर भी इसे गार्निश कर सकते हैं. दलिया को आप दही या अपनी मनपसंद चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं.

2-3 सदस्यों के लिए पर्याप्त

सुझाव

  • दलिया में आप अपनी पसंद की सब्जियां जैसे हरी मटर के दाने, ब्रोकली या जो पसंद हों उसे डाल सकती हैं. जो सब्जियां न पसंद हों उन्हें हटा सकते हैं.
  • दलिया में आप हल्दी न डालना चाहें तो हटा सकते हैं.

 

दाल और दलिया रेसिपी । Dal & Dalia Recipe

 

दाल चावल का स्वाद तो आप सभी ने चखा ही होगा लेकिन इस बार दाल और दलिया का स्वाद भी चख कर देंखें ये आपको बहुत पसंद आएगा. 

आवश्यक सामग्री -  Ingredients for Dal & Dalia Recipe ​​​​​​​

दलिया - ½  कप (50 ग्राम)

धुली मूंग की दाल - ½ कप (90 ग्राम)

घी - 2-3 टेबल स्पून

हरा धनिया- 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)

टमाटर - 1 (बारीक कटा हुआ)

हींग - 1 पिंच

जीरा - ½ छोटी चम्मच

हल्दी पाउडर - ¼ छोटी चम्मच से कम

अदरक का पेस्ट - 1/2  छोटी चम्मच

हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)

लाल मिर्च पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच

धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच

नमक - 1 छोटी चम्मच से थोड़ा कम या स्वादानुसार

 

विधि - How to make Dal & Dalia Recipe​​​​​​​

मूंग दाल को अच्छे से साफ़ कीजिए और धोकर ले लीजिए.  टमाटर को भी धोकर बारीक काट कर ले लीजिए.

कुकर गरम कीजिए. इसमें 2 छोटी चम्मच घी डाल दीजिये, घी गरम होने पर इसमें जीरा, हींग, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, बारीक कटी हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डाल कर मसालों को हल्का सा भून लीजिए. अब इसमें बारीक कटे हुए टमाटर और लाल मिर्च पाउडर डाल कर मिक्स कर दीजिए. मसाले तब तक भूने जब तक की टमाटर अच्छे से मैश न हो जाएं और मसाले में से घी अलग न होने लगे.

मसाले के अच्छे से भून जाने पर इसमें मूंग की दाल और नमक डाल मिलाते हुए 1 मिनिट भून लीजिए. अब इसमें 2 कप पानी डाल दीजिए. सारी सामग्रियों को अच्छे से मिक्स कीजिए, कुकर बन्द कर दीजिये. दाल को एक सीटी आने तक पकने दीजिए. इसके बाद, गैस बंद कर दीजिए और कुकर का आधा प्रेशर निकाल दीजिए ओर बचे हुए प्रेशर के खत्म होने के बाद उसे खोलिये.

कुकर का ढक्कन खोलें, दाल गाढी़ लग रही है इसमें 1/2 कप पानी डाल कर मिक्स कीजिए और थोड़ा सा हरा धनिया डाल कर गैस पर एक उबाल आने तक पका लीजिए (दाल को आप अपनी पसंद अनुसार पतला या गाढा़ जैसा रखना चाहें रख सकते हैं). दाल में उबाल आने पर दाल बन कर तैयार है गैस बंद कर दीजिए और दाल को प्याले में निकाल लीजिए.  

दाल के ऊपर थोड़ा सा देशी घी डाल दीजिए इससे दाल का स्वाद और भी बढ़ जाता है. अगर आप घी न डालना चाहें तो हटा सकते हैं. दाल को बारीक पतले-पतले लम्बाई में कटे हुए अदरक और बारीक कटे हरे धनिये से सजाएं.


दलिया बनाएं

दलिया को साफ करके ले लीजिए. कुकर गरम कीजिए. इसमें 1/2 छोटी चम्मच घी डाल दीजिये, घी पिघलने पर इसमें दलिया डालिये और मध्यम आंच पर दलिया को लगातार चमचे से चलाते हुए हल्का कलर चेंज होने तक भूनिये. दलिया भून जाने पर इसमें 1.5 कप पानी डाल कर मिक्स कर दीजिए.  कुकर बन्द कर दीजिये. दलिया को एक सीटी आने तक पकने दीजिए. इसके बाद, गैस बंद कर दीजिए और कुकर का प्रेशर खत्म होने के बाद उसे खोलिये.

कुकर का प्रेशर समाप्त होने पर, कुकर का ढक्कन खोलिये. दलिया भी पक कर तैयार है. इसे प्याले में निकाल लीजिए. पौष्टिक एवं स्वादिष्ट दाल-दलिया बनकर तैयार है इसे परोसिये और खाइए आपको इसका स्वाद बहुत पसंद आएगा.

2 सदस्यों के लिए पर्याप्त है.

सुझाव

मिर्च आप अपने पसंद अनुसार कम या ज्यादा जैसे चाहें रख सकते हैं.अगर बच्चों के लिए बना रहे हैं तो इसे बिना मिर्च के भी बना सकते हैं.

Tuesday, 21 November 2023

जौ का दलिया, वेज पुलाव Barley Porridge Recipe for weight loss

 

जौ का दलिया खाने में बहुत स्वादिष्ट होता है, इसे जौ का पुलाव भी कह सकते हैं.  अकसर वज़न घटाने की राह पर कुछ चटपटा खाने का मन होता है.  ऐसे वक्त पर आप जौ के इस दलिये/पुलाव को बनाकर खा सकते हैं.  ये खाने में चटपटा होता है और सेहत के लिए भी बहुत फायेदेमंद होता है.  वज़न के साथ-साथ ये इम्म्यूनिटी बढ़ाने में भी मदद करता है.  तो आप पौष्टिकता से भरा ये जौ का दलिया/पुलाव बनाएं और इसके स्वाद का आनंद लें.

 

जौ का दलिया/पुलाव के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Jau Dalia/Pulao

 

जौ का दलिया - Barley Broken Wheat - ½ कप (90 ग्राम)

घी - Desi Ghee - 1 बड़े चम्मच

जीरा - Cumin Seeds - ½ छोटी चम्मच

मटर - Peas - ½ कप

गाजर - Carrot - ¼ कप, बारी कटी हुई

फूलगोभी - Cauliflower - ¼ कप, बारी कटी हुई

शिमला मिर्च - Capsicum - ¼ कप, बारी कटी हुई

अदरक - Ginger - 1 छोटी चम्मच, ग्रेट किये हुए

हरी मिर्च - Green Chilli - हरी मिर्च - 1, बारीक कटी हुई

टमाटर - Tomato - 1, कटे हुए

नमक - Salt - ½ छोटी चम्मच

 

जौ का दलिया/पुलाव बनाने की विधि Process of making Barley Dalia/Pulao

 

कढ़ाही में ½ जौ के दलिये को लगातार चलाते हुए हल्का सा रंग बदलने तक मीडियम फ्लेम पर भूनिए.  भुन जाने पर इसे बाउल में निकाल लीजिए.  अब कुकर में 1 बड़े चम्मच घी डाल कर गरम कीजिए.  गरम घी में ½ छोटी चम्मच जीरा डाल कर हल्का भूनिए.  फिर इसमें ½ कप हरे मटर के दाने, ¼ कप बारीक कटी हुई गाजर, ¼ कप बारीक कटा हुआ फूलगोभी, ¼ कप बारीक कटी हुई शिमला मिर्च, 1 छोटी चम्मच ग्रेट की हुई अदरक और 1 बारीक कटी हुई हरी मिर्च डालिए.

 

इन्हें मीडियम फ्लेम पर हल्का भूनिए, फिर इसमें भुना हुआ जौ का दलिया डाल कर अच्छे से मिलाते हुए आधा मिनट भूनिए.  भूनने पर इसमें 1 टमाटर बीज हटा कर छोटा-छोटा कटा हुआ डाल कर अच्छे से मिलाएं.  मिला कर इसमें 1.5 कप पानी और ½ छोटी चम्मच नमक डाल कर मिलाएं, फिर कुकर बंद करके तेज़ फ्लेम पर एक सीटी आने तक पकाएं.  सीटी आने पर गैस बंद करके कुकर का प्रेशर निकलने दीजिए.

 

प्रेशर निकलने पर कुकर खोल कर हल्के हाथ से दलिये को थोड़ा चलाएं, फिर आधा ढक कर 10 मिनट के लिए रख दीजिए.  समय पूरा होने पर जौ का दलिया/पुलाव बनकर तैयार हो जाएगा.  इसे परोसिए और इसके स्वाद का आनंद लीजिए.

 

सुझाव Suggestions

 

2-3 कप जौ का दलिया एक साथ भून कर कंटेनर में रख सकते हैं, जब मन करा ऊपर दी गई विधि से बना लिया.

दलिया बनाते समय दलिये से तीन गुना पानी नाप कर डालना है.

Monday, 20 November 2023

Sabudana khichdi Recipe साबूदाना खिचड़ी | Sago Khichdi

 

साबूदाने की खिचड़ी (Sabudana Khichadi ) मुख्यत: व्रत उपवास में बनाकर खाई जाती है. आईये आज बनायें साबूदाने की खिचड़ी. Sago Khichdi.

यदि आप भी इसको उपवास के लिये बना रहे हैं तो इसमें सामान्य नमक की जगह सैंधा नमक का प्रयोग करें. साबूदाना दो तरह के होते हैं एक बड़े और एक सामान्य आकार के. यदि आप बड़े साबूदाना प्रयोग कर रहे हैं तो इसे 1 घंटा भिगोने के बजाय लगभग 8 घंटे भिगोये रखें. बाहर एशियाई स्टोर्स में यह साबूदाना Tapioca के नाम से उपलब्ध हो जाता है.

छोटे आकार के साबूदाने आपस में हल्के से चिपके चिपके रहते हैं लेकिन बड़े साबूदाने की खिचड़ी एकदम अलग बिखरी होती है. मुझे छोटे साबूदाने की अपेक्षा बड़े साबूदाने की खिचड़ी अधिक अच्छी लगती है लेकिन बड़े साबूदाने आस पास की किराना दुकानों में नहीं मिलते.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Sabudana Khichdi Recipe - Sago Khichdi

  • साबूदाना - 150 ग्राम
  • तेल या घी - 1.5 टेबल स्पून
  • जीरा - आधा छोटी चम्मच
  • हींग - 1 पिंच (यदि आप चाहें)
  • हरी मिर्च - 2 ( बारीक कतरी हुई)
  • मूंगफली के दाने - 1 टेबल स्पून
  • पनीर - 70 ग्राम (यदि आप चाहें)
  • आलू - 1 मीडियम आकार का
  • अदरक - 1 इंच का टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
  • नमक - स्वादानुसार
  • कसा हुआ नारियल - 1 टेबल स्पून (यदि आप चाहें)
  • हरा धनियां - 1 टेबल स्पून (बारीक कतरा हुआ)


विधि - How to make Sabudana khichdi Recipe

साबूदाने को धो कर, 1 घंटे के लिये पानी में भीगने दीजिये. भीगने के बाद अतिरिक्त पानी निकाल दीजिये. यदि आप बड़े साबूदाना प्रयोग कर रहे हैं तो इसे 1 घंटा भिगोने के बजाय लगभग 8 घंटे भिगोये रखें.

आलू को छील कर धीइये और छोटे छोटे क्यूब्स में काट लीजिये. पनीर को भी छोटे छोटे क्यूब्स में काट लीजिये.

भारी तले की कढ़ाई में घी डाल कर गरम कीजिये. आलू के क्यूब्स गरम घी में डाल कर हल्के ब्राउन होने तक तल कर निकाल कर प्लेट में रख लीजिये. आलू के क्यूब्स तलने के बाद पनीर के क्यूब्स डाल कर हल्के ब्राउन तल कर उसी प्लेट में निकाल कर रखिये.

मूंगफली के दाने को मोटा चूरा कर लीजिये इसे दरेरा करें एकदम बारीक चूरा न करें

बचे हुये गरम घी में जीरा और हींग डाल दीजिये. जीरा  भुनने के बाद, हरी मिर्च और अदरक डाल दीजिये, और चमचे से मसाले को चलाइये, इस मसाले मे मुंगफली का चूरा डाल कर एक मिनिट तक भूनिये. अब साबूदाना, नमक और काली मिर्च डाल कर अच्छी तरह 2 मिनिट चमचे से चला कर भूनिये. 2 टेबल स्पून पानी डाल कर धीमी गैस पर 7-8 मिनिट तक पकाइये,

ढक्कन खोलिये और देखिये कि साबूदाने नरम हो गये है. यदि नहीं हुये हैं, और आपको मह्सूस हो कि अभी साबूदाने पकने के लिये और पानी चाहिये, तब 1 या 2 टेबल स्पून पानी डाल कर 4-5 मिनिट धीमी गैस पर और पकने दीजिये. आलू और पनीर के क्यूब्स मिला दीजिये. और चलाकर कढ़ाई को गैस से उतार लीजिये साबूदाना की खिचड़ी को प्याले या प्लेट में निकालिये. हरा धनियां नारियल ऊपर से डाल कर सजाइये.

आपकी साबूदाने की खिचड़ी (Sabudana khichdi ) तैयार है. इसे गरमागर्म परोसिये.

Sunday, 19 November 2023

वेजिटेविल खिचड़ी – Vegetable Khichdi Recipe

 

खिचड़ी शीघ्र पचने वाला खाना है. ज्यादातर खिचड़ी दाल चावल की बनाई जाती है. लेकिन अगर इस खिचड़ी में सब्जियाँ डाल कर बनायें, तो यह खिचड़ी बड़ी ही स्वाद हो जाती है,

और यह पहले से अधिक पौष्टिक भी हो जाती है. बनाना भी बहुत ही आसान. स्वादिष्ट भी और स्वास्थ्यवर्धक भी. तो आइये क्यों न आज हम वेजीटेविल खिचड़ी बनायें.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Vegetable Khichdi Recipe

  • चावल - एक कटोरी
  • मूंग की दाल - आधा कटोरी
  • आलू - 2 ( छोटे टुकड़ो में कटे हुये )
  • शिमला मिर्च - 1 ( छोटे टुकड़ो में कटे हुये )
  • मटर - आधा कटोरी ( छिली हुई )
  • हरी मिर्च - 2 ( बारीक कटी हुई )
  • अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा ( कद्दू कस कर लें )
  • देशी घी - 1 या 2 ( बड़े चम्मच, आपकी इच्छा के अनुसार )
  • हींग - 1-2 पिंच
  • जीरा - आधा छोटा चम्मच
  • काली मिर्च - 4-6 (दरदरी कूट लीजिये)
  • लोंग - 4 (दरदरी कूट लीजिये)
  • हल्दी - 1/6, छोटी चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार
  • हरा धनियां - एक टेबिल स्पून ( कटा हुआ )

विधि - Vegetable Khichdi Recipe

चावल ओर दाल को साफ करें, और अच्छी तरह धो कर, 1 घंटे के लिये पानी में भिगो दें. सभी सब्जियां धो कर काट ली गयीं हैं.

कुकर में घी डाल कर गरम करें. अब गरम घी में हींग और जीरा डाल दीजिये. जीरा ब्राउन होने के बाद, काली मिर्च, लोंग, हल्दी पाउडर, हरी मिर्च, अदरक डाल दें. 3-4 बार चमचे से चलायें, अब इस मसाले में सारी सब्जियाँ डाल दीजिये. सब्जियों को 2-3 मिनिट चमचे से चला चला कर भूनिये.

अब दाल और चावल डाल दें. 2-3 मिनट तक चमचे से चलाते हुये भूनें.

जिस कटोरी से आपने दाल चावल नापे हैं, उसी से नाप कर पांच गुना पानी डाल दीजिये. ( दाल चावल 1 1/2 कटोरी है, तो पानी 7 1/2 कटोरी डाल दीजिये ) साथ ही स्वादानुसार नमक भी डाल दीजिये. कुकर बन्द कर दीजिये. जैसे ही एक सीटी आये, तुरन्त गैस बन्द कर दीजिये. कुकर की सीटी चमचे की सहायता से ऊपर करके, कुकर का प्रेसर आधा निकाल दीजिये. 4 - 5 मिनिट बाद जब कुकर का प्रेशर खतम हो जाय, कुकर खोलिये. आपकी वेजिटेविल खिचड़ी (Vegetable Khichdi) तैयार हो चुकी है.

खिचड़ी (mixed veg. khichdi) को बड़े बाउल में निकाल लें. हरा धनियां ऊपर से डालकर सजायें. गरमा गरम वेज खिचड़ी में मक्खन डाल कर परोसे और साथ में दही, अचार या हरे धनिये की चटनी भी रखें.

नोट:

अगर आप खिचड़ी में प्याज डाल कर खाना पसंद करते हैं, तो एक प्याज बारीक काट कर जीरा भुनने के बाद डालें और हल्की ब्राउन होने तक भूनें. इसके बाद उपरोक्त दिये गये तरीके से खिचड़ी बना लें.
खिचड़ी में आप अपने मन पसन्द के अनुसार सब्जियां घटा बढ़ा सकते हैं.