Sunday, 31 December 2023

टूटी फ्रूटी - Tutty Fruiti Recipe - Indian Candied Fruit Cubes Recipe

 इन्डियन कैन्डीड फ्रूट्स यानी कि टूटी फ्रूटी को केक, कुकीज, बिस्किट्स और आइसक्रीम में डाल कर यूज किया जाता है. आम तौर पर यह बेकरी शॉप्स पर मिल जातीं है यदि न मिले तो इसे आप आसानी से घर में भी बना सकते हैं.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Tutty Fruiti

  • कच्चा पपीता - 400 ग्राम
  • चीनी - 400 ग्राम (2 कप )
  • कलर - पीला, लाल कलर
  • एसेन्स - वनीला या खसखस

विधि - How to make Tutty Fruiti at home?

पपीते को धोइये, छील कर बीज हटाकर छोटा छोटा काट लीजिये.
पपीते के टुकड़ों को ब्लान्च कर लीजिये:
 पपीते के टुकड़ों को उबलते पानी में डालकर, 3 मिनिट तक उबलने दीजिये, गैस बन्द कर दीजिये, और ढककर 5 मिनिट तक इसी पानी में रहने दीजिये, और अब पपीते के टुकड़ों को पानी से निकाल लीजिये, पपीते के टुकड़े ब्लान्च हो गये हैं, पपीते के टुकड़ों को पानी से निकाल लीजिये.

ब्लान्च किये हुये पपीते के टुकड़े चाशनी में पकाइये:
चीनी को पैन में डालिये और 500 ग्राम पानी (2 1/2 कप पानी) डाल दीजिये, चीनी घुलने तक चाशनी पका लीजिये. ब्लान्च पपीते के टुकड़े चाशनी में डालिये और चाशनी को गाढ़ा होने तक(चाशनी को 1 तार की चाशनी बनने तक) पपीते के टुकड़े चाशनी में पकने दीजिये. चाशनी गाड़ी हो गई है, पपीते के टुकड़े चाशनी में पक कर तैयार हो गये हैं, गैस बन्द कर दीजिये और पपीते के टुकड़े को ठंडे होने दीजिये. चाशनी में पड़े पपीते के टुकड़ों में वनीला एसेन्स की 2 - 3 ड्रोप डालकर मिला दीजिये.

चाशनी में पके पपीते के टुकड़ों को कलर कीजिये:
चाशनी में डूबे हुये पपीते के टुकड़ों को 3 भागों में बराबर बराबर बांट लीजिये, अलग अलग कलर को अलग प्यालों में घोलिये, एक प्याले में 2 पिंच पीला कलर ले लीजिये, और एक भाग चाशनी में डूबे पपीते के टुकड़े डाल कर मिला दीजिये.

दूसरे बर्तन में 2 पिंच लाल रंग ले लीजिए, दूसरे भाग चाशनी में डूबे पपीते के टुकड़े डाल कर मिला दीजिये.
और अब तीसरा भाग चाशनी में डुबे पपीते के टुकड़े इसी तरह, यानि बिना कलर के अलग बर्तन में डालकर रख दीजिये.


अब ये पपीते के टुकड़े जो चाशनी सहित अलग अलग कलर में डुबे हुये हैं उन्हैं बिलकुल इसी तरह 12- 24 घंटे के लिये रख दीजिये. पपीते के टुकड़े कलर्ड और मीठे हो जायेंगे.

12 से 24 घंटे के बाद पपीते के टुकड़े कलर और चाशनी से निकाल कर प्लेट में रखी जाली के ऊपर डालिये, अतिरिक्त चाशनी प्लेट में आ जायेगी और पपीते के टुकड़े को चिपचिपा पन खतम होने तक सूखने दीजिये.
टूटी फ्रूटी तैयार है. टूटी फ्रूटी को किसी कन्टेनर में भर कर रख लीजिये और जब भी आवश्यकत हो यूज कीजिये.

सुझाव: टूटी फ्रूटी को तीन रंगों में बनाया जाता है, लाल, हरा और पीला, आपके पास जो भी फूड कलर हो उनसे टुटी फ्रूटी बनाकर तैयार कर सकते हैं.

 

 

Saturday, 30 December 2023

तरबूज के छिलके का मुरब्बा - Candied Watermelon Rind Recipe

 तरबूज के छिलके के गूदे से सब्जी या जैम तो बनती ही है, इससे बना हुआ मुरब्बा बहुत स्वादिष्ट और ठंडक पहुंचाने वाला होता है. इस मुरब्बे को हम फ्रूट क्रीम, आइसक्रीम, कुल्फी में भी डाल कर खा सकते है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Candied Watermelon Rind

  • तरबूज के मोटे छिलके - 1.5 कि.ग्रा तरबूज से निकाले गये
  • चीनी - 1 कप ( 200 ग्राम)
  • छोटी इलाइची - 4 छील कर पाउडर बना लीजिये
  • जायफल पाउडर - 1-2 पिंच

विधि - How to make Watermelon Rind Candy

तरबूज के मोटे छिलके को छील लीजिये, डार्क ग्रीन सख्त छिलका छील कर हटा दीजिये, सारे छिलके छील लीजिये और 1 -1 इंच के टुकड़े काट कर तैयार कर लीजिये.

तरबूज के छिलके को ब्लांच कर लीजिये: किसी बर्तन में इतना पानी भर कर गरम करने रखिये कि तरबूजे के छिलके उसमें आसानी से डूब जाय. पानी में उबाल आने पर तरबूज के टुकड़े पानी में डाल दीजिये, और ढककर 5 मिनिट तक उबलने दीजिये, गैस बन्द कर दीजिये और तरबूज के टुकड़े पानी से निकाल लीजिये.

एक बर्तन में तरबूज के ब्लांच किये हुये टुकड़े डालिये, उनके ऊपर चीनी डाल दीजिये और ढककर 2 घंटे के लिये रख दीजिये. चीनी तरबूज के पानी में घुल कर रस बना लेती है, अब इन तरबूज के टुकड़ों को चीनी के रस में धीमी आग पर पकने के लिये रख दीजिये. इलाइची पाउडर और जायफल डालकर मिला दीजिये और चाशनी को गाड़ा होने तक पका लीजिये.चाशनी को चैक कर लीजिये
1-2 बूंद चाशनी किसी प्लेट में गिराइये और ठंडी होने पर उंगली और उंगूठे के बीच चिपका कर देखिये, चाशनी में तार बनने लगता है, तब चाशनी बन गई है, गैस बन्द कर दीजिये. यदि चाशनी में तार नहीं बन रहा है तब मुरब्बे को थोड़ा और पकाइये.

मुरब्बे को इसी चाशनी में रहने दीजिये, रोजाना दिन में एक बार चमचे से चलाकर ऊपर नीचे कर दीजिये, 2-3 दिन बाद चाशनी को फिर से चैक कर लीजिये, अगर चाशनी पतली लग रही है तब मुरब्बा को चाशनी गाढ़ी होने तक फिर से पका लीजिये. तरबूज के छिलके का मुरब्बा बन कर तैयार है.

अगर आप केन्डी बनाना चाहते हैं, तब अतिरिक्त चाशनी को छान लीजिये और तरबूज के टुकड़े छलनी में अलग अलग टुकड़े करते हुये रखे रहने दीजिये, 8-10 घंटे में हल्के से खुश्क हो जायेंगे, तरबूज के छिलके की केन्डी बन कर तैयार हो जायेगी.

सुझाव

  • मुरब्बा में फ्लेवर के लिये इलाइची पाउडर और जायफल का प्रयोग किया है, दाल चीनी, जावित्री, केसर या वनीला एसेन्स किसी को भी अपनी पसन्द के अनुसार फ्लेवर के लिये ले सकते हैं.

Friday, 29 December 2023

स्ट्राबेरी जैम - Strawberry Jam Recipe

 स्ट्राबेरी का स्वाद सभी लोगों को बहुत पसंद आता रहा है. स्‍ट्रॉ‍बेरी में विटामिन, पोटैश्यिम, कैल्शियम और फास्फोरस पाए जाते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद उपयोगी होते हैं. ये जैम बनाने में भी आसान होता है और बच्चों को तो बहुत ही पसंद आता है, यह बच्चों को टिफिन में खाने को दे सकते हैं.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Strawberry Jam

  • स्ट्रॉबेरी - 400 ग्राम
  • पाउडर चीनी - 300 ग्राम
  • नींबू - 1

विधि - How to make strawberry jam

स्ट्रॉबेरी को अच्छी तरह धोकर डंठल हटा दीजिये, स्ट्राबेरी को छोटे-छोटे टुकडों में काट लीजिए. पैन में स्ट्रॉबेरी के टुकड़े डाल कर धीमी आग पर पकने के लिए रख दीजिए, और स्ट्रॉबेरी के टुकड़े को मैशर की मदद से मैश कर लीजिए. चीनी पाउडर डालकर 10 मिनिट तक पकने दीजिए.

10 मिनिट के बाद मध्यम और तेज आंच पर जैम को लगभग 12 मिनिट के लिए लगातार चलाते हुए गाढा़ होने तक पका लिजिए. नींबू का रस मिला दीजिए और जैम को चैक कर लीजिए(जैम को चैक करने के लिये थोड़ा सा मिश्रण चमचे से निकाल कर प्लेट में गिराइये अगर वो सैट हो रहा है तो जैम बनकर के तैयार है).

स्ट्रॉबेरी जैम बनकर के तैयार है इसे किसी प्याले में निकाल लीजिए. स्ट्रॉबेरी जैम को ब्रैड, परांठे के साथ खाएं या आइस्क्रीम और शेक बनाने में उपयोग करें.

सुझाव :-

  • जैम को जिस कंटेनर में रखना है उस कंटेनर को उबलते पानी से धोकर धूप में सुखा लीजिये या ओवन में रखकर सुखा लीजिए.
  • स्ट्राबेरी जैम को 8-10 महिने तक इस्तेमाल में लाया जा सकता है.

Thursday, 28 December 2023

करोंदा का गुणकारी और बेहद स्वादिष्ट जैम Carissa Carandas Jam Recipe

 

ब्रेड जैम का नाश्ता हो या जैम रोटी पर लगाकर खाना हो, बच्चों को यह हर वक्त खाना पसंद होता है.  केवल बच्चों को ही नहीं बड़ों को भी इसे खाने का काफी शौक होता है.  तो इसलिए, खास कर बच्चों के लिए, आज हम बनाने जा रहे हैं करोंदे का जैम.  करोंदा बहुत ही गुणकारी होता है, और इसका जैम बना कर हेल्दी फल को हम स्वादिष्ट बना सकते हैं.

 

करोंदे के जैम के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Carissa Carandas Jam 

 

करोंदा - Karonda - 500 ग्राम

चीनी - Sugar - 600 ग्राम

दालचीनी - Cinnamon - 2 इंच

इलायची - Green Cardamom - 1/2 छोटी चम्मच पिसी हुई

 

करोंदे उबालने की विधि Process of boiling Carissa Carandas

 

500 ग्राम करोंदे धो कर अच्छे से सुखाइए.  अब इन्हें आधा काट कर इनका बीज ऊपर अगर डंठल है तो उसे भी हटा कर काट लें.  इसके बाद कढ़ाही में कटे हुए करोंदे और 1.5 कप पानी डाल कर एक उबाल आने तक ढक कर पकाएण.  याद रखिए बस इतना पानी डालना है की करोंदे डूब जाएं.  उबाल आने पर इन्हें नरम होने तक बीच-बीच में चलाते उबालिए.  नरम होने पर फ्लेम बंद करके इन्हें ठंडा कर लीजिए.  

 

करोंदे पीसने की विधि Process of grinding Carissa Carandas

 

ठंडा होने के बाद इन्हें छान कर पूरा पानी निकालिए ताकी पीसते वक्त ये बारीक पिस जाएं.  छान लेने पर करोंदे मिक्सर जार में डाल कर बारीक पीसिए.  पीस लेने के बाद जिस बाउल में इसका पानी निकाला था उसी में पिसे हुए करोंदे छान लीजिए.  ऐसा करना बहुत ज़रूरी है क्योंकी इससे रेशे हट जाते हैं.  

 

करोंदे के जैम बनाने की विधि Process of making Carissa Carandas Jam

 

कढ़ाही में करोंदे का पल्प और 2.5 कप (600 ग्राम) चीनी डाल कर तेज़ फ्लेम पर पकाएं.  इसमें उबाल आने तक फ्लेम तेज़ ही रखें, जैसे ही उबाल आ जाए इसमें दालचीनी के दो टुकड़े डाल कर लो-मीडियम फ्लेम पर इसके गाढ़ा होने तक पकाएं.  याद रखिए थोड़ी-थोड़ी देर में इसे चलाते भी रेहना है ताकी ये कढ़ाही के तले में न लगे.

 

जैम के अच्छे गाढ़ा होने पर एक प्लेट में निकाल कर ठंडा करके प्लेट को टेढ़ा करके देखिए की जैम अपनी जगह से हिल रहा है की नहीं.  अगर वो नहीं हिल रहा हो तो मतलब जैम बनकर तैयार हो गया है.  गैस बंद करके इसमें ½ छोटी चम्मच पिसी हुई इलायची डालकर अच्छे से मिलाएं.  ठंडा होने पर जैम बाउल में निकाल लीजिए, इस तरह करोंदे का जैम बनकर तैयार हो जाएगा.  इसे किसी कांच के कंटेनर में निकाल कर रख दीजिए और नाश्ते में जैम टोस्ट बनाकर बच्चों परोसिए और खुद भी इस नाश्ते का आनंद लीजिए.

 

सुझाव Suggestions

 

जब करोंदे उबालने रखें तो पानी कम डालें.

जब जैम पक रहा हो तो लगातार उसे चलाते रहें, कढ़ाही के तले में जैम लगना नहीं चाहिए.

जैम ठंडा होने के बाद किसी कांच के कंटेनर में निकाल कर उसे रख दें.  कांच के कंटेनर को पहले अच्छे उबलते पानी से धो कर धूप मे सुखाकर उसमे जैम डालें.

यह जैम बाहर 6 महिने तक चलेगा और फ्रिज में रखकर पूरे साल तक इस्तेमाल कर सकते हैं.

Wednesday, 27 December 2023

मिक्स्ड फ्रूट जैम । Mixed Fruit Jam । Homemade Mixed Fruit Jam

 

बच्चों का फेवरेट मिक्स्ड फ्रूट जैम घर पर बनाना बहुत ही आसान है और यह फटाफट से बन भी जाता है. घर के बने जैम को बच्चे तो क्या बड़े भी बेहद चाव से खाते हैं.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Homemade Mixed Fruit Jam

  • सेब (हरा और लाल)- 2 (350 ग्राम)
  • स्ट्रॉबेरी- 200 ग्राम
  • काले अंगूर- 300 ग्राम
  • अनानास- 200 ग्राम
  • चीनी- 600 ग्राम
  • नींबू- 1
  • दालचीनी- 1 टुकड़ा
  • इलायची- 6

विधि - How to make Mixed Fruit Jam

मिक्स्ड फ्रूट जैम बनाने के लिए सभी फलों को पानी से धोकर पानी सूखने तक सुखा लीजिए. इलायची को कूटकर छीलकर पाउडर बना लीजिए.

इसके बाद, स्ट्रॉबेरी के डंठल हटाकर इन्हें टुकड़ों में काट लीजिए ताकि ये मिक्सर में आसानी से पिस जाए. अंगूर को 2-2 टुकड़ों और अनानास को बड़े-बड़े टुकड़ों में काट लीजिए. सेब को छीलकर कद्दूकस कर लीजिए.

पैन में कद्दूकस किए हुए सेब डाल दीजिए और धीमी आंच पर इसमें चीनी डालकर पिघलने दीजिए. इसी बीच, फलों- अंगूर, इसके बाद, स्ट्रॉबेरी और अनानास को एकदम बारीक पीस लीजिए. सारे पेस्ट को कढ़ाही में चीनी के साथ डालकर मिक्स कर दीजिए. इसमें दालचीनी का टुकड़ा भी डाल दीजिए और जैम को मध्यम या मध्यम तेज आंच पर गाढ़ा होने तक पकने दीजिए. जैम को बीच-बीच में चलाते रहिए.

जैम के थोड़ा गाढ़ा होने पर इसमें इलायची पाउडर डालकर मिक्स कर लीजिए और पल्प को और गाढ़ा होने तक चलाते हुए पकाएं. जैसे ही जैम काफी गाढ़ा हो जाए, आंच धीमी-मध्यम कर लीजिए और जैम को चलाते हुए पका लीजिए.

जैम के और गाढ़े होने पर थोड़ा सा जैम प्लेट में निकालकर चैक कर लीजिए. प्लेट को तिरछा करके देखिए, जैम पूरा एक साथ चलकर नीचे की ओर बहता है, तो कन्सिस्टेन्सी सही है. अगर जैम में से पानी अलग बहे, तो जैम को और पकाने की ज़रूरत है. जैम तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और जैम को थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए. इसे बनाने में 30 मिनिट लगे हैं.

थोड़ा सा ठंडा होने के बाद, जैम में नींबू का रस निचोड़कर मिक्स कर दीजिए और दालचीनी का टुकड़ा निकालकर अलग कर लीजिए.

ठंडा होने पर जैम अच्छा गाढ़ा हो जाता है, इसे प्याली में निकाल लीजिए. मिक्स्ड फ्रूट जैम बनकर तैयार है. इसे पूरी तरह से ठंडा होने के बाद किसी भी कन्टेनर में भरकर फ्रिज में रख लीजिए और पूरे 6 महीने तक यूज कीजिए.

सुझाव

  • कद्दूकस किए हुए सेब लेने से जैम में दाने बनते हैं क्योंकि बाकी की चीजें पीसकर ली गई हैं.
  • इलायची को कूटने से ये आसानी से छिल जाती हैं.
  • आप इस जैम को अपने पसंद के फलों से भी बना सकते हैं लेकिन ज्यादा रस वाले फल जैसे कि तरबूज, खरबूज ना लें.
  • जैम को लगातार चलाते हुए पकाएं, यह कढ़ाही के तले पर नही लगना चाहिए.
  • जैम के गाढ़ा होने पर आंच मध्यम- धीमी कर लीजिए क्योंकि तेज या मध्यम आंच पर जैम फफकने लगता है.

Tuesday, 26 December 2023

आंवले का मुरब्बा (Amla Murabba Recipe)

 

आंवले का फल बहुत गुणकारी होता है, इसमें आयरन और विटामिन C प्रचुर मात्रा में पाया जाते है. आंवले का मुरब्बा बहुत ही स्वादिष्ट होता है. आंवला सर्दी के मौसम में ही बाजार में मिलता है और इसी मौसम में हम इससे अचार या मुरब्बा बना कर रख सकते हैं. आंवले (Indian gooseberries) का मुरब्बा यदि गरमी में रोजाना खायें तो यह बहुत तरावट देने वाला और दिमाग को ताकत देने वाला होता है.

मुरब्बे के लिये आवले अच्छी तरह से पके हों और उनमें कोई दाग वगैरह न हो.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Amla Murabba

  • आंवले - 1 किग्रा.( 25 -30)
  • चीनी - 1.5 किग्रा.(7.5 कप)
  • इलाइची - 8-10 ( छील कर पीस लें )
  • केसर - आधा छोटी चम्मच (यदि आप चाहें)
  • काली मिर्च -आधा छोटी चम्मच
  • काला नमक - 1 छोटी चम्मच
  • फिटकरी आधा चम्मच

विधि - How to make Amla Murabba

मुरब्बा के लिये आंवले पके हुये, अच्छे फल लेने चाहिये. आंवलों को पानी 2 दिन के लिये भिगो दीजिये, आंवले पानी से निकालिये और इन्हैं कांटे से गोद लीजिये. गोदे हुये आंवले फिटकरी के पानी में डालकर 2 दिन तक भीगने दीजिये, आंवलों को फिटकरी के पानी से निकाल कर अच्छी तरह 2 बार धो लीजिये.

एक भगोने में एक लीटर पानी लेकर गरम कीजिये. पानी में उबाल आने पर गोदे हुये आंवले पानी में डालिये फिर से उबाल आने दीजिये, 2 मिनिट बाद गैस बन्द कर दीजिये, आंवलों को 10 मिनिट के लिये ढककर रख दीजिये.

आंवलों को पानी से निकाल कर चलनी में रखकर पानी निकल जाने दीजिये.

किसी स्टील के बर्तन में चीनी और 1/2 लीटर पानी डालकर चाशनी बनाइये.  आंवलों को चाशनी में डालकर पकाइये, जब आंवले अच्छी तरह गल जांय, और चाशनी शहद की तरह गाढ़ी हो जाय, मुरब्बा को ठंडा होने दीजिये और 1-2 दिन बाद चैक कीजिये कि चाशनी पतली तो नहीं हो गई है, अगर चाशनी पतली लग रही है तब मुरब्बा को फिर से चाशनी गाढ़ी होने तक पका लीजिये और अब ठंडा होने पर इसमें, इलाइची, काली मिर्च, काला नमक और केसर डाल कर मिला दीजिये.

आंवले का मुरब्बा दूसरी तरीके से इस तरह बनाइये: उबाले हुये आंवले को किसी बड़े बर्तन में डालकर चीनी ऊपर से डालकर भर कर ढक रख दीजिये.  4-5 घंटे बाद आंवले का जूस निकल कर चीनी को घोलकर चाशनी बनाने लगता है, और अब हम उसी चाशनी में आंवले को पका कर मुरब्बा बना लें.

आंवले का मुरब्बा तैयार है, आंवले का मुरब्बा यदि अच्छी तरह पक गया है तब यह मुरब्बा 2 साल तक भी खराब होने वाला नहीं है, कांच के सूखे कन्टेनर में ये मुरब्बा भरकर रख लीजिये और जब भी आपका मन हो कन्टेनर से मुरब्बा निकालिये और खाइये.

सावधानी

पानी में आंवले देर तक न पकायें, वे टूट जायेंगे.
आंवले की चाशनी को अच्छी तरह पका लीजिये नहीं तो मुरब्बा जल्दी खराब हो सकता है, यदि कभी चाशनी पतली हो रही हो तो आप फिर से पका कर भी गाढी कर सकते हैं.
आंवले को फोर्क की सहायता से अच्छी तरह गोद लीजिये, मुरब्बा नरम बनेगा और चाशनी भी जल्दी ही उसके अन्दर चली जायेगी.

तरबूज के छिलके का मुरब्बा - Candied Watermelon Rind Recipe

 तरबूज के छिलके के गूदे से सब्जी या जैम तो बनती ही है, इससे बना हुआ मुरब्बा बहुत स्वादिष्ट और ठंडक पहुंचाने वाला होता है. इस मुरब्बे को हम फ्रूट क्रीम, आइसक्रीम, कुल्फी में भी डाल कर खा सकते है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Candied Watermelon Rind

  • तरबूज के मोटे छिलके - 1.5 कि.ग्रा तरबूज से निकाले गये
  • चीनी - 1 कप ( 200 ग्राम)
  • छोटी इलाइची - 4 छील कर पाउडर बना लीजिये
  • जायफल पाउडर - 1-2 पिंच

विधि - How to make Watermelon Rind Candy

तरबूज के मोटे छिलके को छील लीजिये, डार्क ग्रीन सख्त छिलका छील कर हटा दीजिये, सारे छिलके छील लीजिये और 1 -1 इंच के टुकड़े काट कर तैयार कर लीजिये.

तरबूज के छिलके को ब्लांच कर लीजिये: किसी बर्तन में इतना पानी भर कर गरम करने रखिये कि तरबूजे के छिलके उसमें आसानी से डूब जाय. पानी में उबाल आने पर तरबूज के टुकड़े पानी में डाल दीजिये, और ढककर 5 मिनिट तक उबलने दीजिये, गैस बन्द कर दीजिये और तरबूज के टुकड़े पानी से निकाल लीजिये.

एक बर्तन में तरबूज के ब्लांच किये हुये टुकड़े डालिये, उनके ऊपर चीनी डाल दीजिये और ढककर 2 घंटे के लिये रख दीजिये. चीनी तरबूज के पानी में घुल कर रस बना लेती है, अब इन तरबूज के टुकड़ों को चीनी के रस में धीमी आग पर पकने के लिये रख दीजिये. इलाइची पाउडर और जायफल डालकर मिला दीजिये और चाशनी को गाड़ा होने तक पका लीजिये.चाशनी को चैक कर लीजिये
1-2 बूंद चाशनी किसी प्लेट में गिराइये और ठंडी होने पर उंगली और उंगूठे के बीच चिपका कर देखिये, चाशनी में तार बनने लगता है, तब चाशनी बन गई है, गैस बन्द कर दीजिये. यदि चाशनी में तार नहीं बन रहा है तब मुरब्बे को थोड़ा और पकाइये.

मुरब्बे को इसी चाशनी में रहने दीजिये, रोजाना दिन में एक बार चमचे से चलाकर ऊपर नीचे कर दीजिये, 2-3 दिन बाद चाशनी को फिर से चैक कर लीजिये, अगर चाशनी पतली लग रही है तब मुरब्बा को चाशनी गाढ़ी होने तक फिर से पका लीजिये. तरबूज के छिलके का मुरब्बा बन कर तैयार है.

अगर आप केन्डी बनाना चाहते हैं, तब अतिरिक्त चाशनी को छान लीजिये और तरबूज के टुकड़े छलनी में अलग अलग टुकड़े करते हुये रखे रहने दीजिये, 8-10 घंटे में हल्के से खुश्क हो जायेंगे, तरबूज के छिलके की केन्डी बन कर तैयार हो जायेगी.

सुझाव

  • मुरब्बा में फ्लेवर के लिये इलाइची पाउडर और जायफल का प्रयोग किया है, दाल चीनी, जावित्री, केसर या वनीला एसेन्स किसी को भी अपनी पसन्द के अनुसार फ्लेवर के लिये ले सकते हैं.

Monday, 25 December 2023

आंवला जैम Gooseberry Jam Recipe - Amla Jam Recipe

 अपने अन्दर विटामिन सी को प्रचुरता से समेटे आंवला शरीर में प्रतिरोधक क्षमता बढाता है.    आंवले से आप जैम (Gooseberry Jam) भी बना सकते है जो बहुत आसान और कम समय में बन जाता है, लेकिन स्वादिष्ट बहुत होता है. गर्मियों के आने से पहले आंवला जैम (Amla Jam ) बनाकर रख लीजिये और गर्मियों में अपने परिवार को रोजाना कम से कम 1 छोटी चम्मच आंवला जैम अवश्य दीजिये

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Amla Jam

  • आंवला - 500 ग्राम
  • चीनी - 500 ग्राम (2.5 कप)
  • इलायची - 4 से 5
  • दालचीनी का टुकड़ा - 2 इंच 

विधि - How to make Gooseberry Jam

अच्छे आंवला लीजिये. आंवलों को 2 बार साफ पानी से अच्छी तरह धो लीजिये.

किसी बर्तन में एक कप पानी में आंवला डुबा कर आग पर रखिये, बर्तन को अच्छी तरह ढक दीजिये, धीमी आग पर आंवले को नरम होने तक पका लीजिये (प्रत्येक 5 मिनिट बाद आंवले चैक कर लीजिये, नरम होने तक आंवले पकाइये, अगर आप महसूस करते हैं कि आंवले में पानी खतम हो रहा है तब आंवले में थोड़ा पानी और डाल सकते है).

आंवले को छलनी मैं डालिये, अतिरिक्त पानी हटा दीजिये (इस पानी को दाल या सब्जी में डाल कर काम में लिया जा सकता है). आंवले ठंडे होने पर, बीज हटा कर फांके बना लीजिये.आंवले की फांकों को मिक्सर से  पीस   लीजिये. स्टील की कढ़ाई मे आंवले का पेस्ट डालिये, चीनी डालकर मिलाइये और मीडियम आग पर पकाने के लिये रखिये, लगातार चमचे से चलाते रहिये. चीनी घुलने के बाद, आंवले के पेस्ट का कलर बदलने लगता है.

थोड़ा थोड़ा पेस्ट लेकर टैस्ट करते रहिये, उंगली और अंगूठे के बीच चिपका कर देख लीजिये, मिश्रण ऊंगली पर चिपकने लगे और बिलकुल जैम जैसा गाड़ा हो जाय. आग बन्द कर दीजिये.

इलाइची छील लीजिये, इलाइची के दाने और दालचीनी को बारीक कूट कर पाउडर बनाकर जैम में मिला दीजिये. स्वादिष्ट और स्वास्थ्य रक्षक आंवला जैम तैयार है.

आंवला जैम (Amla Jam ) को कांच या प्लास्टिक की बोटल में भर कर रख लीजिये और साल भर तक आंवला जैम खाइये.

Sunday, 24 December 2023

गाजर का मुरब्बा - Carrot Murabba recipe - Gajar Ka Murabba

 

आजकल बाजार में गाजर बहुतायत में मिल रहीं है. यही सही समय है गाजर का हलवा और गाजर का मुरब्बा बनाने का. गाजर का मुरब्बा (Gajar Ka Murabba) गर्मियों के मौंसम में नियमित रूप से खाने से शरीर को ठंडक मिलती है और खून भी बढ़ता है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for carrot murabba

  • गाजर - 500 ग्राम
  • चीनी - 300 ग्राम (1.5 कप)
  • नींबू - 1

विधि - How to make carrot murabba

गाजर को धोकर पानी सूखने तक सुखा लीजिए. इसके बाद, इन्हें  छीलकर डंठल अलग काट दीजिए. 

गाजर को 1 या 1 1/2 इंच के टुकड़ों में काट लीजिये. 

किसी बर्तन में इतना पानी भरकर गरम करने रखिये जिसमें गाजर आसानी से डूब सकें. आधा किलो गाजर के लिए  4 कप पानी ले लीजिए. पानी में उबाल आने के बाद, गाजर पानी में डाल दीजिये और फिर से उबाल आने के बाद 2-3 मिनिट तक उबालिये. आग बन्द कर दीजिये, गाजर को उस पानी में ढककर 5 मिनिट के लिये रख दीजिये.गाजर पानी से निकालिये, इनके ऊपर ठंडा पानी डालकर इन्हें 2 मिनिट इसी पानी में डूबे रहने दीजिए. गाजर को छलनी का यूज करके पानी से निकालकर एक सूखे साफ कपड़े पर डालकर पानी निकाल दीजिए. इन्हें अच्छे से पौंछ भी लीजिए. जब  गाजर से पानी पूरी तरह निकल जाय, गाजर को फोर्क से गोद लीजिये.

मुरब्बा बनाइए

गाजर का मुरब्बा 2 तरीके से बनाया जा सकता है. 

(1) 2 तार की चाशनी बनाकर उसमें गाजर डालकर पकाएं.

(2) गाजर में चीनी डालकर रख दें.

गाजर को कढ़ाही में डालिए और इसमें चीनी डालकर इसे ढककर 4 घंटे के लिए रख दीजिए.  4 घंटे के बाद, गाजर में से जूस निकल आया है. इसी से चाशनी बना लीजिए. गाजर समेत इसे पकने के लिए गैस पर रखिए और इसमें उबाल आने दीजिए. उबाले आने के बाद, चाशनी को चैक कर लीजिए. चाशनी कि एक-दो बूंदे प्याली में डालिए और ठंडी होने के बाद उंगली और अंगूठे के बीच चिपकाकर देखिए, यह चिपकनी चाहिए. चाशनी से हल्का सा तार बन रहा है. मुरब्बा की चाशनी इतनी ही पतली रखनी है. 

इन गाजर को स्टील की कढ़ाही में रखिये, चीनी डालकर मिलाइये और 6-7 घंटे या रात भर के लिये ढककर रख दीजिये. गाजर का रस बाहर निकल आता है. मुरब्बा बन गया है. इसमें नींबू का रस डालकर मिला दीजिए.

2 दिन बाद, मुरब्बे को फिर से चैक कीजिए. यदि चाशनी पतली लगे तो एक बार फिर से मुरब्बा की कढाई को आग पर रखिये और चाशनी के गाढ़ा होने तक मुरब्बा को पका लीजिये.

गाजर का मुरब्बा (Carrot Murabba) एअर टाइट कन्टेनर में भरकर रख लीजिये और 6 महीने तक जब भी आपका मन करे, स्वादिष्ट गाजर का मुरब्बा कन्टेनर से निकालिये और खाइये.

सुझाव

अगर गाजर मे बीच में पीला भाग ज्यादा हो तो गाजर को बीच से काट 2 भागों में काटिये और पीले भाग को निकाल दीजिये.

चाशनी ज्यादा पतली नही होनी चाहिए. अगर ये पतली रह जाएगी, तो मुरब्बा ज्यादा दिन तक नही चलता. 

जिस कन्टेनर में मुरब्बा भरें, उसे पहले उबलते हुए पानी से अच्छे से धोएं और धूप या माइक्रोवेव में अच्छी तरह से सुखा लीजिए. इसमें बिल्कुल भी नमी नही रहनी चाहिए.

Saturday, 23 December 2023

सेब का मुरब्बा - Apple Murabba Recipe - Seb ka Murabba

 सेब का मुरब्बा बहुत ही गुणकारी, मिनरल्स और विटामिन से भरपूर और ठंडक देने वाला होता है, पाचन के लिये भी सेब मुरब्बा अच्छा होता है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Apple Murabba Recipe

  • सेब - 8 (800 ग्राम)
  • चीनी - 5 कप लेबल किये हुये (1 कि.ग्राम)
  • नींबू - 2
  • इलायची पाउडर - ½ छोटी चम्मच

विधि - How to make Seb ka Murabba

सेब का मुरब्बा बनाने के लिए, सबसे पहले सेब को अच्छे तरह धोकर ले लीजिए. पीलर की मदद से इन सभी के छिलके उतार लीजिए और डंठल हटा लीजिए, और पानी में डाल कर रख दीजिए ताकि इन पर कालापन न आ पाए.

एक बड़े बरतन में इतना पानी ले लीजिए जिसमें सारे सेब आसानी से डूब जाएं. पानी को गरम होने के लिए गैस पर रख दीजिए और जैसे ही पानी में उबाल आने लगे, सेब डाल दीजिए.सेब को हल्का सा नरम होने तक पकने दीजिए. लगभग 15 मिनिट तक सेबों को उबाल लेने पर इन्हें चैक कीजिए. सेब हल्के नरम हो गये हों तो गैस बंद कर दीजिए, और सेब को पानी से अलग निकाल लीजिए.
सेब उबालने वाला जो पानी बचा है उसी में चाशनी बना लीजिए. इसके लिए 1 एक दूसरे बरतन में चीनी डाले और उसमें 3 -4 कप पानी डालें. चीनी पानी में घुलने तक पका लीजिए.चाशनी में चीनी घुलने पर इसमें सेब डाल दीजिए. सेब को चाशनी में डालकर पकाइये, इन्हैं तब तक पकाएं जब तक की चाशनी शहद जैसी गाढी़ न हो जाए. चाशनी गाढी़ होने पर इसे चैक कर लीजिए. किसी प्याले में 1-2 बूंद गिरा कर, थोड़ा ठंडा होने के बाद, उंगली और उंगूठे के बीच चिपका कर देखिये कि 2 तार निकल रहे हैं और यदि 2 तार न भी बन रहें हो लेकिन तार काफी लम्बा हो रहा है, तब चाशनी बनकर तैयार है.
गैस बंद कर दीजिए, सेब को चाशनी में ही रहने दीजिए ताकि सेब के अंदर चाशनी की मिठास अच्छे से समा जाए.

चाशनी में नींबू का रस डाल कर मिक्स कर दीजिए. साथ ही इसमें इलायची पाउडर डाल कर मिक्स कर दीजिए. सेब को 2 दिन के लिये चाशनी में ही डूबे रहने दीजिए और रोजाना 1 दो बार चमचे से चला भी दिजिए, 2 दिन के बाद स्वादिष्ट सेब का मुरब्बा बनकर तैयार है.

मुरब्बा को फ्रिज में रख कर 2 महीनों तक आराम से खाया जा सकता है, और अगर आप इसे और ज्यादा दिनों तक रखना चाहते हैं तो इसमें ऎसिटीक ऎसिड या बेन्जोइक एसिड की 1 छोटी चम्मच चाशनी में डाल कर अच्छी तरह मिला दीजिए.

सुझाव

  • सेब अगर पानी में ज्यादा उबाल दिए जाएं तो सेब फट जाएंगे और पानी में ही घुल जाएंगे. इसलिए इन्हें हल्का सा नरम रहने तक उबालें.
  • चाशनी न ज्यादा पतली होनी चाहिए न ज्यादा गाढी. 1-2 तार की चाशनी मुरब्बा बनाने के लिए उपयुक्त होती है.
  • अगर 2 दिन बाद चाशनी ज्यादा पतली लग रही है, तो आप इसे थोडा़ सा उबाल कर गाढा़ कर सकते हैं और यदि चाशनी ज्यादा गाढी़ लग रही हो तो इसमें 2-3 टेबल स्पून पानी डालकर इसे पतला कर लीजिए.
  • सेब चाशनी में अच्छे से डूबे होने चाहिए इससे ये ज्यादा समय तक अच्छे रहेंगे.

Friday, 22 December 2023

चाईनीज फ्राइड राइस - Chinese Fried Rice - Fried Rice Restaurant Style Recipe

 सब्जियों और सॉस के साथ बने स्वाद में एकदम लाजबाव चाइनीज राइस आजकल के युवावर्ग को बहुत पसंद आते हैं. इन्हें बनाना भी आसान ही है.

आवश्यक सामग्री - Ingedients for Chinese Fried Rice

  • 1 कप बासमती चावल को सादा पका कर ले लीजिये
  • बंद गोभी - 1 कप (बारीक कटी हुई)
  • गाजर - ½ कप (बारीक कटी हुई)
  • फ्रेच बिन्स - ¼ कप (बारीक कटी हुई)
  • पनीर - ½ कप (छोटे छोटे चौकोर टुकड़ों में कटा हुआ)
  • शिमला मिर्च - ¼ कप (बारीक कटी हुई)
  • हरा धनिया - 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • तेल - 2 -4 टेबल स्पून
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
  • नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • अदरक - 1 इंच (कद्दूकस किया हुआ)
  • अजीनोमोटो- ¼ छोटी चम्मच (यदि आप चाहें)
  • ग्रीन चिल्ली सॉस- 1 छोटी चम्मच
  • सोया सॉस - 2 छोटी चम्मच
  • सिरका - 2 छोटी चम्मच

विधि - How to Make Chinese Veg Fried Rice

पैन में तेल डाल कर गरम कीजिये, तेल के हल्का गरम होने पर पनीर के टुकड़े पैन में सिकने के लिये डाल दीजिये और दोनों ओर पलट-पलट कर हल्के ब्राउन होने तक सेक कर निकाल लीजिये.

तेल में गाजर, बीन्स, शिमला मिर्च, पत्ता गोभी डालकर 1-2 मिनिट तेज आंच पर फ्राई कर लीजिए.
हरी मिर्च, अदरक, ग्रीन चिल्ली सॉस, अजीनो मोटो, सोया सॉस, सिरका, पनीर के टुकड़े डालकर अच्छी तरह मिला दीजिए.


नमक और चावल डालकर सभी चिजों को 2 मिनिट लगातार चलाते हुए अच्छे से मिलाते हुए पका लीजिए.
चावलों के सब्जियों में अच्छे से मिल जाने पर थोडा़ सा हरा धनिया डालकर मिला दीजिए. चाईनीज फ्राइड राइस बनकर तैयार हैं.

चाईनीज फ्राइड राइस को प्लेट में निकाल कर हर धनिये से गार्निश कीजिए और परोसिये.

सुझाव:
सादा चावल बनाने के लिए वेबसाइट और चैनल पर देख सकते हैं.
अगर आप प्याज पसन्द करते हैं, तब गरम तेल में सब्जियां डालने से पहले 1 प्याज जो लम्बे और पतले टुकड़ो में कटी हो उसे भून कर निकाल लीजिये और बाद में चावल के साथ में मिलाइये. ग्रीन प्याज से चावल की गार्निस की जा सकती है.

  • 3-4 सदस्यों के लिये
  • समय 30 मिनट

Thursday, 21 December 2023

नवरतन पुलाव - Navratan Pulao Recipe - How To Make Navratan Pulav

 

मेवे और ताजी सब्जियों के साथ तैयार नवरतन पुलाव अत्यधिक स्वादिष्ट पुलाव है. स्वाद में लाज़वाब होने के साथ-साथ ये पुलाव दिखने में भी आकर्षक लगते हैं. किसी भी विशेष अवसर या पार्टी के लिए उत्तम रेसिपी है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Navratan Pulao Recipe

  • बासमती चावल - 1 कप (पके हुए)
  • मटर - ½ कप 
  • पनीर - ½ कप (छोटे-छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
  • फूल गोभी - ½ कप 
  • आलू - 1
  • गाजर - ½ कप (बारीक कटी हुई)
  • घी - 2 से 3 टेबल स्पून 
  • काजू - 2 से 3 टेबल स्पून 
  • बादाम - 2 टेबल स्पून 
  • किशमिश - 2 से 3 टेबल स्पून 
  • नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार 
  • जीरा - ½ छोटी चम्मच 
  • साबुत गरम मसाले - 2 बडी़ इलायची, दालचीनी - 1 इंच टुकडा़, लौंग 4-5, काली मिर्च -10-12
  • नींबू का रस - 1 टेबल स्पून

विधि - How to make Navratan Pulav

कढा़ई में तेल डालकर गरम कीजिये. तेल में काजू डालकर हल्का सा ब्राउन होने तक तलकर निकाल लीजिए. बादाम भी डालकर हल्का सा 1 से 2 मिनिट भूनकर प्लेट में निकाल लीजिए. इसके बाद, पनीर को भी हल्का सा भून कर निकाल लीजिए.


जब तक पनीर भुने, तब तक आलू को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए. पनीर को हल्का ब्राउन होते ही निकाल लीजिए. फिर, मटर के दानों को भी तेल में डाल दीजिए और 1 से 2 मिनिट के लिए ढककर भून लीजिए. भुनी मटर को एक प्लेट में निकाल लीजिए. इसके बाद, आलू के टुकड़ों को भी तेल में डालकर हल्का ब्राउन भून लीजिए. सिके हुए आलू को भी निकाल लीजिए. कढ़ाई में गाजर और गोभी डाल दीजिए और क्रन्ची होने तक भूनकर प्लेट में निकाल लीजिए.

बचे हुए गरम तेल में जीरा डालकर चटखा लीजिए. इसके बाद, कढ़ाई में साबुत मसालों को डालकर भून लीजिए. अब इसमें पके हुए चावल, नमक, नींबू का रस, भून कर रखी हुई सब्जियां, पनीर, भुने काजू और बादाम डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. नवरतन पुलाव बनकर तैयार है, इसे प्लेट में निकाल कर सर्व कीजिए.

सुझाव

  • चावल को पकाने के लिए, चावलों को साफ करके पानी में ½ घंटे के लिए भिगो दीजिए. इसमें दुगुना से थोड़ा कम पानी डालकर 10 मिनिट के लिए माइक्रोवेव कर लीजिए. पुलाव के लिए चावल तैयार हो जाएंगे.

Wednesday, 20 December 2023

चना दाल पुलाव - Chana Dal Pulav recipe in microwave

 

बासमती चावल, खड़े मसालों से बना चना दाल पुलाव स्वाद और महक में लाज़वाब होने के साथ-साथ दिखने में भी खूब लगता है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Chana Dal Pulav recipe in microwave

  • बासमती चावल - 1 कप 
  • चना दाल - ½ कप
  • घी - 3-4 टेबल स्पून 
  • हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून 
  • नींबू - 1 
  • अदरक - 1 इंच (लम्बाई में कटा हुआ)
  • बडी़ इलाइची - 2
  • दाल चीनी - 1 इंच लम्बा टुकडा़ 
  • लौंग - 4 
  • काली मिर्च - 10-12 
  • जीरा - ½ छोटी चम्मच
  • नमक - 1.5 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि - How to make Chana Dal Pulav in microwave

चावलों को अच्छी तरह धोकर आधा घंटे के लिये पानी में भिगो दीजिए और बाद में अतिरिक्त पानी निकाल कर हटा दीजिये. इसी तरह दाल को भी अच्छी तरह धोकर 6- 7 घन्टे के लिये पानी में भिगो कर ले लीजिए.

माइक्रोसेफ प्याले में घी डालकर 1 मिनिट के लिए माइक्रोवेव कर लीजिए. घी पिघलने के बाद, प्याले को बाहर निकालिये. इसमें जीरा, बड़ी इलाइची के दाने, दालचीनी, लौंग, काली मिर्च डालकर 1 मिनिट के लिए फिर से माइक्रोवेव कर लीजिए.


1 मिनिट बाद, प्याले को बाहर निकाल लीजिए और इसमें अदरक, दाल और 1 कप पानी डाल दीजिए. इन सबको अच्छे से मिक्स कर लीजिए. बर्तन को हल्का सा खुला छोड़ते हुए ढककर 6 मिनिट के लिए माइक्रोवेव कर लीजिए.

फिर से प्याले को बाहर निकाल कर दाल को चैक कीजिए. इसमें चावल, नमक, 1.5 कप पानी और नींबू का रस डालकर अच्छे से चमचे से चलाते हुए मिक्स कीजिए. प्याले को हल्का सा खुला छोड़कर ढक्कन से ढक दीजिए और 10 मिनिट के लिए माइक्रोवेव कर लीजिए.

प्याले को बाहर निकाल लीजिए पर इसे ढका रहने दीजिए और 20 मिनिट बाद सर्व कीजिए. स्वादिष्ट पुलाव बनकर तैयार है. इसमें हरा धनिया डालकर मिलाइए और गार्निश करके परोसिए.

सुझाव

  • घी की जगह रिफाइन्ड अॉयल भी इस्तेमाल कर सकते हैं. 
  • अगर आप तीखा पसंद करते हैं, तो चावल के साथ ही ¼ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर भी डाल सकते हैं. 
  • प्याले का ढक्कन थोड़ा सा खुला छोड़ा गया है, ताकि भाप निकल सके.
  • अगर आप कुकर में पुलाव बनाना चाहते हैं, तो कुकर में घी डालकर पहले जीरा भून लीजिए. फिर, सारे मसाले दरदरे कूटकर भून लीजिए. इसके बाद, चने की दाल और चावल कुकर में डाल दीजिए और चमचे से चलाते हुए 1 से 2 मिनिट तक भून लीजिए. फिर, इसमें सवा दो कप पानी डाल दीजिए और कुकर बंद करके 1 सीटी आने तक पुलाव को पका लीजिए. इसके बाद, कुकर का आधा प्रेशर निकालकर, कुकर को खुलने तक पुलाव को पकाकर तैयार कर लीजिए.